Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    रामगढ़ के बरकाकाना स्टेशन पर आपस में भिड़े आर्मी के जवान, छुरेबाजी में दो घायल

    By Sujeet Kumar SumanEdited By:
    Updated: Sun, 29 Aug 2021 09:47 PM (IST)

    Jharkhand News Ramgarh News सेना के जवानों की झड़प से बरकाकाना स्टेशन में भगदड़ का माहौल हो गया। स्‍टेशन पर ट्रेन का इंतजार कर रहे यात्री इधर-उधर भागने लगे। बताया गया कि सेना के सभी जवानों को राजधानी एक्सप्रेस ट्रेन से दिल्ली जाना था।

    Hero Image
    Jharkhand News, Ramgarh News सेना के जवानों के बीच झड़प से स्‍टेशन पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

    बरकाकाना (रामगढ़), जासं। झारखंड के रामगढ़ जिले के बरकाकाना जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर तीन पर रविवार की देर शाम करीब 7.30 बजे सेना के जवान किसी बात को लेकर आपस में भीड़ गए। इसके बाद आर्मी के एक जवान ने भुजाली निकालकर अपने साथी पर वार करना शुरू कर दिया। इससे दो जवान घायल हो गए। इस दौरान प्लेटफार्म पर यात्रियों के बीच अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया। बताया गया कि रामगढ़ छावनी स्थित सिख रेजिमेंट सेंटर के जवानों की 15 के टोली में छ़ुट्टी में अपने-अपने घर जा रहे थे। सभी को राजधानी एक्सप्रेस ट्रेन से दिल्ली जाना था।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    राजधानी एक्सप्रेस ट्रेन के आने के पूर्व प्लेटफार्म पर आर्मी के जवान आपस में किसी बात को लेकर उलझ गए। इसी दौरान एक जवान ने अपनी भुजाली निकालकर साथ‍ियों पर अंधाधुध वार करना शुरू कर दिया। इसमें दो जवान घायल हो गए। घायलों में सुख सागर सिंह उम्र 40 वर्ष व यदुवेंद्र सिंह 25 वर्ष जख्मी हो गए। इससे बरकाकाना स्टेशन पर कुछ देर के लिए यात्रियों की भगदड़ मच गई। प्लेटफार्म पर ट्रेन का इंतजार कर रहे यात्रियों को समझ में नहीं आ रहा था कि आखिर अचानक क्या हो गया।

    मौके पर ड्यूटी में तैनात जीआरपी पुलिस व आरपीएफ के पुलिस वहां पहुंचे और मामले को शांत कराकर घायल जवानों को रेलवे अस्पताल बरकाकाना में प्राथमिक उपचार के लिए भर्ती कराया। यदुवेंद्र सिंह को सीने में चाकू से गहरा वार किया गया है। वहीं बाएं हाथ में भुजाली मारकर गंभीर रूप से घायल किया गया है। लहूलुहान अवस्था में डाक्टरों ने जवान का इलाज किया। वहीं दूसरे जवान सुख सागर सिंह को पीठ में चाकू से कई वार किया गया है।

    प्राथमिक उपचार के बाद इसकी सूचना सिख रेजिमेंट सेंटर के अधिकारियों को दी गई। इसके बाद एसआरसी के अधिकारी बरकाकाना रेलवे अस्पताल पहुंचे और जवानों को बेहतर प्राथमिक उपचार के लिए अपने साथ ले गए। आरपीएफ इंस्पेक्टर एम रमेश ने बताया कि रविवार की देर शाम अप लाइन में गाड़ी संख्या 02453 रांची नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस आने वाली थी। इसी दौरान एसआरसी के जवानों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई। इसमें आर्मी के एक जवान द्वारा भुजाली से वार कर दो अन्‍य को गंभीर रूप से घायल कर दिया गया।

    उसके बाद वह जवान भुजाली मारकर फरार हो गया। घायलों को आरपीएफ व जीआरपी के जवानों ने आनन-फानन में इलाज के लिए रेलवे अस्पताल में भर्ती कराया। बरकाकाना के आरपीएफ व जीआरपी के अधिकारियों की मौजूदगी में दोनों का इलाज किया गया। उसके बाद बेहतर इलाज के लिए घायलों को एसआरसी के अधिकारियों को सौंप दिया गया। मौके पर जीआरपी के जावेद अहमद, आरपीएफ के निरंजन कुमार, रविंदर उरांव, दिवाकर सिंह, राजेश कुमार साहित पुलिस बल के लोग मौजूद थे।