Jharkhand News: हेमंत सोरेन ने रांची के लोगों को दिया तोहफा, तीन बड़ी सड़क परियोजनाओं को दी मंजूरी
रांची में ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने तीन एलिवेटेड फ्लाईओवर परियोजनाओं को मंजूरी दी है। इन परियोजनाओं में अरगोड़ा करमटोली और रेलवे स्टेशन से एयरपोर्ट तक के मार्ग शामिल हैं। इन फ्लाईओवर के बनने से शहर में जाम की समस्या कम होगी और लोगों को आवागमन में सुविधा होगी। सरकार अन्य शहरों में भी ऐसी योजनाएं बनाने पर विचार कर रही है।

राज्य ब्यूरो, रांची। राजधानी रांची समेत झारखंड के अन्य प्रमुख शहरों में यातायात व्यवस्था को सुचारू और आधुनिक बनाने की दिशा में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने तीन महत्वपूर्ण परियोजनाओं को मंजूरी दे दी है।
इन परियोजनाओं की विस्तृत प्रस्तुति पथ निर्माण विभाग के प्रधान सचिव सुनील कुमार ने मुख्यमंत्री के समक्ष दी। मुख्यमंत्री ने डीपीआर तैयार कर जल्द परियोजनाओं को धरातल पर उतारने का निर्देश दिया है। साथ ही, अन्य प्रमुख शहरों में भी यातायात सुधार के उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इन तीन परियोजनाओं को मिली मंजूरी
1. अरगोड़ा चौक-कटहल मोड़-चापू टोली एलिवेटेड फ्लाईओवर
लंबाई: 1.75 किलोमीटर
चौड़ाई: फ्लाईओवर – 10 मीटर, नीचे की सड़क – 7 मीटर
विशेषताएं:
- सड़क के दोनों ओर ड्रेनेज और यूटिलिटी डक्ट
- नीचे की सड़क का सौंदर्यीकरण
- फ्लाईओवर पर पूर्ण प्रकाश व्यवस्था और दोनों किनारों पर न्वाइज बैरियर (ध्वनि अवरोधक)
- लाभ : अरगोड़ा से चापू टोली तक व्यस्त यातायात से राहत और सुगम यातायात व्यवस्था।
2. करमटोली-मोरहाबादी-साइंस सिटी फ्लाईओवर एवं रिंग रोड तक फोर लेन
फ्लाईओवर लंबाई : 2.2 किलोमीटर (करमटोली चौक से साइंस सिटी तक)
फ्लाईओवर चौड़ाई: 10 मीटर
फोर लेन सड़क लंबाई: साइंस सिटी से रिंग रोड तक 5 किलोमीटर से अधिक
लाभ : राजधानी के व्यस्त मार्गों पर जाम की समस्या में कमी और तेज आवाजाही।
3. रांची रेलवे स्टेशन से एयरपोर्ट तक वैकल्पिक फोर लेन सड़क
कुल लंबाई : 4.7 किलोमीटर
एलिवेटेड रोड : 800 मीटर
विशेषताएं :
- दोनों ओर फुटपाथ और कवर्ड साइकिल ट्रैक
- ट्रैक के ऊपर सोलर पैनल, जिससे सड़क रौशन रहेगी
- ग्रीनफील्ड कॉरिडोर, गजीबो, बैठने की बेंच और प्राथमिक सुविधाएं
लाभ :
- एयरपोर्ट तक जाने के लिए वैकल्पिक तेज रफ्तार मार्ग
- हटिया, डोरंडा, हीनू और एचईसी क्षेत्र के लोगों को रांची रेलवे स्टेशन तक त्वरित और सुगम पहुंच।
अन्य परियोजनाओं पर विचार
मुख्यमंत्री ने हरमू मुक्ति धाम से रेडिशन ब्लू तक फ्लाईओवर और हीनू पुल से जगन्नाथपुर तक स्वर्णरेखा नदी पर फ्लाईओवर जैसे अन्य प्रस्तावों पर बाद में विचार करने की बात कही है।
राज्य के अन्य हिस्सों में यातायात सुधार
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि रांची की तर्ज पर जमशेदपुर, डालटनगंज और अन्य शहरों में भी ट्रैफिक सुधार की योजनाएं बनाई जाएं। इसके तहत
- जमशेदपुर-साकची सिटी फ्लाईओवर परियोजना : 2.54 किमी लंबा फ्लाईओवर जाम की समस्या से राहत देगा।
- डालटनगंज-गढ़वा वैकल्पिक कॉरिडोर : चारों दिशाओं को जोड़ने वाला गोलाकार एलिवेटेड कॉरिडोर ट्रैफिक संतुलन में मदद करेगा।
- एनएचएआइ के ट्रांजिशन प्वांट्स पर सुधार : रामगढ़, डालटनगंज, बरकाकाना जैसे स्थानों पर सुरक्षा और जंक्शन सुधार पर जोर दिया।
आर्थिक और सामाजिक लाभ
इन परियोजनाओं से न केवल ट्रैफिक जाम की समस्या कम होगी, बल्कि स्थानीय रोजगार, निवेश और औद्योगिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। मुख्यमंत्री ने समयबद्ध क्रियान्वयन और नियमित समीक्षा का निर्देश देते हुए कहा कि यह पहल झारखंड को आधुनिक और विकसित राज्य बनाने की दिशा में एक अहम कदम है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।