Top Ranchi News of the Day, 1st July 2019, भाजपा की बैठक, प्रदीप यादव, डॉक्टर्स डे, यौन शोषण, वज्रपात
Top Ranchi News of the Day 1st July 2019. पढ़ें सोमवार शाम पांच बजे तक की रांची की टॉप 5 खबरें। ताजातरीन खबरों के लिए बने रहिए हमारे साथ। ...और पढ़ें

रांची, जेएनएन। Top Ranchi News of the day 1st July 2019 - सोमवार शाम पांच बजे तक की रांची की टॉप 5 खबरें। भाजपा की विधानसभा कोर कमेटी की बैठक। अपनी जमानत के लिए हाई कोर्ट पहुंचे प्रदीप यादव। आज एक जुलाई को डाॅक्टर्स डे मनाया गया। महिला सिपाही का चार वर्षों तक यौन शोषण। वज्रपात से राज्य में 13 लोगों की जान चली गई। ताजातरीन खबरों के लिए बने रहिए हमारे साथ।
भाजपा की विधानसभा कोर कमेटी की बैठक
राज्य की सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर तैयारी तेज कर दी है। सोमवार को पार्टी प्रदेश मुख्यालय में भाजपा की विधानसभा कोर कमेटी की बैठक हुई। बैठक में मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि देश की करोड़ों जनता ने भाजपा पर विश्वास किया है और इस कारण हमारी जिम्मेदारी अब और बढ़ गई है। उन्हें यह विश्वास दिलाएं कि भाजपा ही उनकी समस्याओं का निदान कर सकती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि झारखंड में अबकी बार 65 पार का संकल्प हमें सच कर दिखाना है। आप सभी अभी से इसमें जुट जाएं।
जमानत के लिए हाई कोर्ट पहुंचे प्रदीप यादव
झाविमो विधायक प्रदीप यादव अपनी ही पार्टी की नेत्री से यौन उत्पीडऩ के मामले में अपनी जमानत के लिए झारखंड हाई कोर्ट पहुंचे हैं। सोमवार को उन्होंने कोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका दाखिल की। यहां बता दें कि उनकी जमानत याचिका निचली अदालत से पहले ही खारिज हो चुकी है। इधर, देवघर पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए रांची में छापेमारी कर रही है। विधायक प्रदीप अपने डोरंडा स्थित आवास से फरार हैं।
डॉक्टर भगवान तो नहीं, पर उससे कम भी नहीं
आज एक जुलाई को देश में डॉक्टर्स डे मनाया जा रहा है। भारत में डॉक्टरों को बहुत सम्मान दिया जाता है। यहां तक की उनके काम से डॉक्टरों की तुलना भगवान से की जाने लगी है। डॉक्टर्स के समर्पण व कार्य के प्रति निष्ठा, ईमानदारी व लगन को सम्मान देने के लिए हर डॉक्टर्स डे मनाया जाता है। सबसे पहले 1991 में एक जुलाई को डॉक्टर्स डे मनाने की शुरुआत हुई थी। भारत के प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. विधान चन्द्र रॉय को श्रद्धांजलि और सम्मान देने के लिए प्रत्येक साल उनके जन्मदिन एक जुलाई को चिकित्सक दिवस मनाया जाता है।
महिला सिपाही का चार वर्षों तक यौन शोषण
रांची में एक महिला सिपाही के साथ चार वर्ष तक यौन शोषण का मामला सामने आया है। महिला सिपाही ने आरोपित के खिलाफ महिला थाने में एफआइआर दर्ज कराई है। आरोपित रामकुमार मूल रूप से बिहार के मुजफ्फरपुर का रहने वाला है। प्रेम-प्रसंग के बाद महिला सिपाही रामकुमार के साथ लिव इन रिलेशनशिप में रहने लगी थी। इधर, कुछ दिनों से रामकुमार का किसी दूसरी विवाहित महिला के साथ संबंध हो गया। इसके बाद उसने महिला सिपाही के साथ शादी से मुकर गया।
राज्य में वज्रपात से 13 की गई जान, कई इलाकों में भारी बारिश
झारखंड में हो रही बारिश के बीच वज्रपात लोगों पर कहर बनकर टूटा है। रविवार को राज्य के अलग-अलग जिलों में 13 लोगों की मौत हो गई। रांची में सबसे ज्यादा छह मौत हुई है। इसके अलावा पलामू में तीन, चतरा में दो, प. सिंहभूम व गिरिडीह में भी एक-एक व्यक्ति की जान ठनके की चपेट में आने से चली गई। दूसरी ओर बारिश लगातार हो रही है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार रांची व आसपास के क्षेत्रों में आगामी चार दिनों तक बादल छाए रहेंगे और मध्यम दर्जे की बारिश होगी। सोमवार को भी दोपहर बाद बारिश हुई। इसके बाद रुक-रुक कर बारिश होती रही।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।