Ranchi News: मोबाइल के लिए हुआ झगड़ा, 2 सगी बहनों ने खाया जहर
झारखंड के रनिया में मोबाइल फोन को लेकर झगड़े के बाद दो सगी बहनों ने कीटनाशक खाकर आत्महत्या करने की कोशिश की। कराकेल सिरका लापा गांव की यह घटना है। दोनों बहनों को गंभीर हालत में रनिया के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है जहां उनका इलाज चल रहा है। दोनों बहनें अचानक मोबाइल देखते-देखते झगड़ने लगीं थीं।
संवाद सूत्र, रनिया। रनिया थाना क्षेत्र के कराकेल सिरका लापा गांव में दो सगी बहनों ने कीटनाशक दवाइयां खाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। गंभीर अवस्था में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रनिया में दोनों बहनों का इलाज किया जा रहा है।
घटना रविवार को सुबह 10 बजे की कराकेल सिरका लापा गांव की है। बीचु तोपनो की बेटी 15 वर्षीय बिनसरी तोपनो तथा 13 वर्षीय एतवारी तोपनो मोबाइल देख रही थी। अचानक से दोनों बहनें झगड़ने लगीं।
झगड़ते-झगड़ते घर में रखे खेतीबाड़ी में उपयोग होने वाले कीटनाशक दवाइयां दोनों बहनें खा गईं। इससे दोनों की हालत बिगड़ने लगी, तो तुरंत रनिया अस्पताल इलाज के लिए लाया गया। यहां दोनों बहनों का इलाज किया जा रहा है।
पति से विवाद के बाद जंगल में जहर खाकर महिला ने दी जान
वहीं, दूसरी ओर चाईबासा में घरेलू विवाद में टोंटो थाना अंतर्गत सानकुचिया गांव निवासी रसाय कारवा की पत्नी 32 वर्षीय तिरसी कारवा ने जहर खाकर जान दे दी।
पुलिस ने गांव से शव बरामद किया और पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। बताया जा रहा है कि शनिवार को सुबह में किसी बात को लेकर तिरसी कारवा का अपने पति के साथ विवाद हो गया था।
विवाद के बाद उसका पति दूसरे गांव में काम करने के लिए चला गया। इस बीच दोपहर में खाना खाने के बाद महिला जंगल की ओर चली गई और वहां पर जहर खा लिया, जिससे उसकी स्थिति गंभीर हो गई।
वह किसी तरह घर आकर खटिया में सो गई। उसके नाक और मुंह से झाग निकलने लगा। यह देखकर उसके बच्चे आसपास के लोगों को बुलाकर लाये। महिला के पति को घटना की सूचना दी गई।
जब उसका पति घर आया तो पत्नी को मरा हुआ पाया। इसके बाद ग्रामीण मुंडा के द्वारा पुलिस को घटना की सूचना दी गई। पुलिस घटना स्थल पर आ कर शव को अपने कब्जे में लेकर थाना ले गयी।
रविवार को शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए पुलिस सदर अस्पताल लायी। मृतिका का पति रसाय कारवा ने बताया कि घर में कोई नहीं था। संभवत: उसी समय जंगल जाकर पत्नी ने जहर खा लिया जिससे उसकी मौत हो गई।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।