विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 09, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Jharkhand Election 2024: मिलते-जुलते नाम वाले निर्दलीयों ने बढ़ाई नेताओं की परेशानी, हॉट सीट पर सरयू Vs सरयू

Published: Sat, 09 Nov 2024 04:37 PM (IST)

झारखंड विधानसभा चुनाव 2024 में मिलते-जुलते नाम वाले निर्दलीय उम्मीदवारों ने नेताओं की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। कई विधानसभा सीटों ...और पढ़ें

मिलते-जुलते नाम वाले निर्दलीयों ने बढ़ाई नेताओं की परेशानी
मिलते-जुलते नाम वाले निर्दलीयों ने बढ़ाई नेताओं की परेशानी

HighLights

  1. इस विधानसभा चुनाव में कई सीटों पर चुनाव लड़ रहे बड़े नेताओं के हमनाम निर्दलीय
  2. महेशपुर में पूर्व मंत्री स्टीफन मरांडी के अलावा चुनाव लड़ रहे निर्दलीय स्टेफन मरांडी
  3. गढ़वा में भाजपा के सत्येंद्र नाथ तिवारी चुनाव लड़ रहे तो निर्दलीय सत्येंद्र तिवारी भी

नीरज अम्बष्ठ, रांची। Jharkhand Election 2024 इस विधानसभा चुनाव में मिलते-जुलते नाम वाले निर्दलीयों ने नेताओं की परेशानी बढ़ा दी है। उन्हें आशंका है कि मतदाता इससे भ्रमित हो सकते हैं। ऐसे में उनकी जगह उनके हमनाम निर्दलीय को वोट चला जा सकता है। ऐसी कम से कम 10 विधानसभा सीटें हैं, जहां किसी न किसी नेता के मिलते-जुलते नाम वाले निर्दलीय चुनाव मैदान में उतरे हैं। समान सरनेम वाले कई निर्दलीय भी इसी तरह की परेशानी खड़ी कर रहे हैं।

संताल प्रमंडल की महेशपुर सीट झामुमो की परंपरागत सीट है। यहां झामुमो ने इस बार भी पूर्व मंत्री सह निर्वतमान विधायक स्टीफन मरांडी को चुनाव मैदान में उतारा है। यहां उनके हमनाम स्टेफन मरांडी भी निर्दलीय चुनाव लड़ रहे हैं। इसी सीट पर एलियास हेम्ब्रम ओर इलियास किस्कू भी निर्दलीय चुनाव लड़ रहे हैं जो मिलते-जुलते नाम वाले हैं।

सत्येंद्र नाथ तिवारी के सामने सत्येंद्र तिवारी

संताल प्रमंडल में ही एक विधानसभा सीट शिकारीपाड़ा, है जहां जोसेफ बास्की और जोसेफ बेसरा चुनाव लड़ रहे हैं। दोनों निर्दलीय चुनाव मैदान में हैं। इसी तरह, पलामू प्रमंडल की गढ़वा विधानसभा सीट में जहां भाजपा ने इस बार भी पूर्व विधायक सत्येंद्र नाथ तिवारी को चुनाव मैदान में उतारा है, वहीं इसी सीट पर निर्दलीय सत्येंद्र तिवारी भी चुनाव लड़ रहे हैं।

दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल के लोहरदगा विधानसभा क्षेत्र में जहां कांग्रेस के रामेश्वर उरांव चुनाव मैदान में हैं, वहीं इस सीट पर निर्दलीय रमेश उरांव तथा रामेश्वर लोहरा भी चुनाव लड़ रहे हैं। दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल के ही खिजरी विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस प्रत्याशी राजेश कच्छप हैं तो वहां एक निर्दलीय राज कच्छप भी चुनाव लड़ रहे हैं।

हॉट सीट पर सरयू राय के साथ-साथ सरयू दुसाध भी

कोल्हान प्रमंडल की जमशेदपुर पश्चिमी विधानसभा सीट हाट सीट में सम्मिलित है, जहां पूर्व मंत्री सरयू राय तथा बन्ना गुप्ता आमने-सामने हैं। इधर, जमशेदपुर पश्चिमी सीट पर एक निर्दलीय सरयू दुसाध भी चुनाव लड़ रहे हैं। सरयू राय इस बार वहां जदयू के टिकट पर बन्ना को चुनाैती दे रहे हैं। वर्ष 2019 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने जमशेदपुर पूर्वी से निर्दलीय चुनाव लड़कर उसे हाट सीट बना दिया था।

पोटका में सरदार ही सरदार

कोल्हान प्रमंडल की पोटका विधानसभा सीट पर सरदार सरनेम वाले कई नेता चुनाव लड़ रहे हैं। झामुमो से जहां संजीव सरदार चुनाव लड़ रहे हैं, वहीं सोशलिस्ट यूनिटी सेंटर आफ इंडिया (कम्युनिस्ट) के टिकट पर बिजन सरदार तथा भारत आदिवासी पार्टी के टिकट पर महीन सरदार चुनाव मैदान में हैं। इस सरनेम वाले दो निर्दलीय सुबोध सिंह सरदार तथा लव कुमार सरदार भी अपना भाग्य आजमा रहे हैं।

ये भी पढ़ें- Deoghar Assembly Seat: देवघर में तीसरी बार BJP-RJD के बीच सीधा मुकाबला, कौन मारेगा बाजी? जानें समीकरण

ये भी पढ़ें- Jharkhand Election 2024: झारखंड में किसकी बनेगी सरकार, आदिवासी बेल्ट की ये 28 सीटें करेंगी फैसला