Jharkhand Weather Update: ठंड से कांप रहा झारखंड, बारिश से अभी और गिरेगा तापमान; आखिर कब तक है राहत की उम्मीद?
झारखंड इस समय शीतलहर की चपेट में है। उत्तर-पश्चिमी दिशा से आ रही ठंड हवा ने राजधानी के तापमान में गिरावट ला दी है। जिलों में घने कोहरे का भी असर देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग ने अगले दो से चार दिनों में न्यूूनतम तापमान में वृद्धि होने की संभावना जताई है। हालांकि इस दरमियान कहीं-कहीं हल्की बारिश की भी संभावना है।

जासं, रांची। राजधानी रांची समेत पूरा राज्य शीतलहर की चपेट में है। राज्य के पश्चिमी हिस्से यानी पूर्वी व पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला खरसावां में घना कोहरा देखने को मिला। वहीं राजधानी में देर रात कोहरे का असर देखा गया। हालांकि, इसमें धूलकणों की भी मात्रा अधिक पाई गई। मंगलवार को भी सुबह में कोहरे का असर देखने को मिलेगा।
अगले कुछ दिनों में ठंड से मिल सकती है राहत
मौसम विज्ञान केंद्र रांची ने पूर्वानुमान जारी करते हुए बताया कि राज्य में अगले 24 घंटे के दौरान न्यूनतम तापमान में कोई बड़े बदलाव की संभावना नहीं है, इसके बाद अगले 2-4 दिनों में न्यूनतम तापमान में वृद्धि होने की संभावना है।
वहीं 17 और 18 जनवरी को राज्य के दक्षिणी हिस्से यानी पूर्वी व पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला खरसावां, मध्य हिस्से यानी रांची, रामगढ़, हजारीबाग, खूंटी, गुमला, बोकारो और उत्तर पूर्वी हिस्से यानी देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुड़, जामताड़ा, गिरिडीह और साहेबगंज में कहीं-कहीं हल्की वर्षा होने की संभावना है।
वर्षा के बाद बादल छंटते ही तापमान में गिरावट की भी बात कही जा रही है। बता दें कि पिछले कुछ दिनों से उत्तर पश्चिमी दिशा से आ रही ठंड हवा ने राजधानी के तापमान में गिरावट ला दी है।
कुछ ऐसा रहा तापमान
पिछले 24 घंटे के मौसम की बात करें तो पूरे राज्य में मौसम शुष्क बना रहा। पश्चिमी हिस्से में कहीं कहीं शीतलहर और घने कोहरे का असर देखा गया। वहीं सबसे अधिक अधिकतम तापमान 29.8 डिग्री सेल्सियस चाईबासा का जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 3.3 डिग्री सेल्सियस गुमला का रिकार्ड किया गया। वहीं राजधानी रांची की बात करें तो अधिकतम 24 डिग्री व न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया है।
कुछ ऐसा रहेगा रांची व राज्य का मौसम
- 16 जनवरी : सुबह में कोहरा या धुंध और बाद में आसमान साफ रहेगा, मौसम शुष्क बना रहेगा
- 17 जनवरी : आंशिक बादल छाए रहेंगे, हल्की वर्षा होने की संभावना
- 18 जनवरी : आंशिक बादल छाए रहेंगे, हल्की वर्षा होने की संभावना
- 19 जनवरी : सुबह में कोहरा या धुंध और बाद में आसमान मुख्यत: साफ रहेगा, मौसम शुष्क बना रहेगा।
यह भी पढ़ें: हेमंत सोरेन ने ईडी को 20 जनवरी को सीएम आवास बुलाया, ED जमीन घोटाला केस में करेगी पूछताछ

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।