Women Empowerment: कामकाजी महिलाओं के लिए अच्छी खबर, झारखंड में खुलेंगे सात हास्टल
झारखंड में कामकाजी महिलाओं को सुकून मिलेगा। केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्रालय देश भर में कामकाजी महिलाओं के लिए एक हजार हास्टल बनाने जा रहा है। इनमें सात झारखंड में होंगे। केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने महिला सशक्तीकरण तथा बाल विकास को लेकर मंत्रालय द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी।

राज्य ब्यूरो, रांची । Jharkhand News शहरों में काम करनेवाली महिलाओं के लिए अच्छी खबर है। केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्रालय ने देशभर में कामकाजी महिलाओं के लिए एक हजार हास्टल बनाने का निर्णय लिया है। इनमें सात हास्टल झारखंड में बनेंगे, जिनमें दो रांची के हिस्से में आए हैं।
केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने शुक्रवार को इसकी जानकारी दी। केंद्रीय मंत्री रांची स्मार्ट सिटी के जुपमी भवन में सावित्रीबाई फुले राष्ट्रीय महिला एवं बाल विकास संस्थान के क्षेत्रीय केंद्र के उद्धाटन के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को संबोधित कर रही थीं।
इस क्रम में केंद्रीय मंत्री ने महिला सशक्तीकरण तथा बाल विकास को लेकर मंत्रालय द्वारा किए जा रहे कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि देश में महिला श्रम बल भागीदारी 23 प्रतिशत से बढ़कर 41.7 प्रतिशत हो गई है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सक्षम पोषण योजना के तहत 16,775 आंगनबाड़ी केंद्रों को अपग्रेड किया जा रहा है। इंडो जर्मन आपरेशन प्रोजेक्ट तथ नव्या योजना के माध्यम से किशाेरियों का कौशल विकास कराया जा रहा है।
Working Women उन्होंने कहा कि जब हम एक महिला की सुरक्षा और एक बच्चे की मुस्कान को विश्वास में बदलते हैं तब हम भारत के उज्ज्वल भविष्य की नींव रखते हैं। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री, केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ तथा केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर ने सावित्रीबाई फुले राष्ट्रीय महिला एवं बाल विकास संस्थान के लोगो का विमोचन किया।
कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री एवं राज्य मंत्रियों ने संस्थान में प्रशिक्षण लेनेवाली किशोरियों के साथ संवाद किया। साथ ही निजी कंपनियों में प्लेसमेंट के बाद नियुक्ति पत्र का वितरण किया गया।
मौके पर केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के सचिव अनिल मल्लिक, अपर सचिव ज्ञानेश भारती, झारखंड के केंद्रीय महिला एवं बाल विकास विभाग के सचिव मनोज कुमार, समाज कल्याण निदेशक किरण पासी आदि उपस्थित थे।
कमाल कर रहीं देश की बेटियां : संजय सेठ
रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने भारत की बेटियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि बेटियां कमाल कर रही हैं। महिला सशक्तीकरण का इससे बड़ा उदाहरण क्या हो सकता है कि ओडिशा के एक गांव की शिक्षिका द्रौपदी मुर्मु देश की राष्ट्रपति बनती हैं।
उन्होंने कहा कि जब से सैनिक स्कूल बालिकाओं के लिए खुले हैं तब से सेना में मेजर, ब्रिगेडियर महिलाएं बन रही हैं। सैनिक स्कूल में आज 1,612 बेटियां पढ़ाई कर रही हैं।
प्रशिक्षण के साथ-साथ होगा अनुसंधान : सावित्री ठाकुर
महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर ने कहा कि रांची में स्थापित क्षेत्रीय केंद्र एक मील का पत्थर साबित होगा। इसमें महिला एवं बाल विकास कार्य में काम कर रहे सभी कर्मियों और पदाधिकारियों के प्रशिक्षण के साथ-साथ इस क्षेत्र में अनुसंधान भी हो सकेगा।
लीज पर मिली है जगह, जमीन की हो रही तलाश
क्षेत्रीय केंद्र के लिए राज्य सरकार ने स्मार्ट सिटी में लीज पर जगह दी है। इस प्रशिक्षण केंद्र में दो कक्ष संचालित हैं जिसकी क्षमता 75 प्रतिभागियों की है। यहां के छात्रावास में 78 कमरे हैं। क्षेत्रीय केंद्र के स्थायी भवन के निर्माण के लिए जमीन की तलाश की जा रही है।
यह नया क्षेत्रीय केंद्र झारखंड, बिहार, ओडिशा और बंगाल में मंत्रालय की प्रमुख पहलों- मिशन शक्ति, मिशन वात्सल्य और मिशन सक्षम आंगनबाड़ी और पोषण 2.0 के लिए प्रशिक्षण और अनुसंधान आवश्यकताओं को पूरा करेगा।
बाल मार्गदर्शन और परामर्श में उन्नत डिप्लोमा पाठ्यक्रम और अग्रिम पंक्ति के कार्यकर्ताओं को उन्नत प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। बताते चलें कि राष्ट्रीय सार्वजनिक सहयोग और बाल विकास संस्थान (एनआइपीसीसीडी) का आधिकारिक नाम बदलकर सावित्रीबाई फुले राष्ट्रीय महिला और बाल विकास संस्थान किया गया है।
इस संस्थान का मुख्यालय नई दिल्ली में है, जबकि क्षेत्रीय केंद्र बेंगलुरु, गुवाहाटी, लखनऊ, इंदौर और मोहाली में पहले से कार्यरत है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।