RSS News: समुद्र, नदी व तालाबों के किनारे सफाई को लेकर RSS का विशेष अभियान, मनाएगा कचरा प्रबंधन पखवाड़ा
RSS News राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) का अनुषांगिक संगठन पर्यावरण संरक्षण गतिविधि 17 सितंबर से दो अक्टूबर तक कचरा प्रबंधन पखवाड़ा मनाएगी। इस अभियान के तहत झारखंड सहित पूरे देश में समुद्र तट तालाब झील नदी जलाशय आदि जलस्त्रोतों के किनारे सफाई अभियान चलाया जाएगा।

रांची, [संजय कुमार]। RSS News राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) का अनुषांगिक संगठन पर्यावरण संरक्षण गतिविधि 17 सितंबर से दो अक्टूबर तक कचरा प्रबंधन पखवाड़ा मनाएगी। इस अभियान के तहत झारखंड सहित पूरे देश में समुद्र तट, तालाब, झील, नदी, जलाशय आदि जलस्त्रोतों के किनारे सफाई अभियान चलाया जाएगा। वैसे तो पिछले दो वर्षों से पर्यावरण संरक्षण गतिविधि की ओर से फरवरी से मई तक जल संरक्षण, जून से सितंबर तक पौधारोपण और अक्टूबर से जनवरी तक पालीथिन व प्लास्टिक उन्मूलन के लिए अभियान चलाया जाता है, लेकिन इस बार स्वतंत्रता की 75 वीं वर्षगांठ के अवसर पर 15 दिनों का विशेष अभियान चलाने का निर्णय लिया गया है। इस अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को भारत के 7500 किमी लंबे समुद्र तट की सफाई करने के साथ होगी।
समुद्र के किनारे को साफ और स्वच्छ रखने का संदेश
झारखंड के प्रांत पर्यावरण संयोजक प्रवीण कुमार दुबे ने कहा कि सागर तट पर सफाई अभियान चलाकर पर्यटकों को यह संदेश देने का प्रयास किया जा रहा है कि समुद्र किनारे भ्रमण करने जरूर जाएं, लेकिन उसे साफ और स्वच्छ भी रखें। सह प्रांत संयोजक सच्चिदानंद मिश्र ने कहा कि दो अक्टूबर तक चलने वाले इस अभियान में धार्मिक व सामाजिक संस्थाओं के साथ साथ स्कूली बच्चों, नारी शक्ति और समाज के लोगों को आमंत्रित किया गया है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ(आरएसएस) के स्वयंसेवकों से भी अभियान में भाग लेने का आग्रह किया गया है।
पर्यावरण संरक्षण को लेकर संघ के अनुषांगिक संगठन भी हैं सक्रिय
पर्यावरण संरक्षण को लेकर आरएसएस के साथ साथ उनके सभी अनुषांगिक और समविचारी संगठन भी सक्रिय हैं। वनवासी कल्याण केंद्र, एकल अभियान, विश्व हिंदू परिषद (विहिप), अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, आरोग्य भारती, सेवा भारती, विकास भारती, विद्या भारती सहित कई संगठन इस काम में लगे हैं। पौधारोपण के साथ साथ पालीथिन व प्लास्टिक के विकल्प में सभी संगठन लगे हैं।
आरोग्य भारती की बैठक में पर्यावरण से संबंधित स्मारिका का विमोचन करते राष्ट्रीय संगठन सचिव डाक्टर अशोक वार्ष्णेय, पद्मश्री जमुना टुडू, प्रवीण प्रभाकर, सिद्धिनाथ सिंह व अन्य।
रांची में पर्यावरण से जुड़े लोगों की बैठक
रविवार को रांची में आरोग्य भारती के अखिल भारतीय संगठन सचिव डा. अशोक वार्ष्णेय की उपस्थिति में पर्यावरण से जुड़े लोगों की बैठक हुई। इसमें कहा गया कि जनजाति समाज के लोग पर्यावरण के प्रति कैसे सजग रहते हैं सीखने की जरूरत है। झारखंड की जलवायु हाल के दिनों में तेजी से बदल रही है, क्योंकि विकास की दौड़ में हमलोग पर्यावरण का ध्यान नहीं रख रहे हैं। पर्यावरण को लेकर समग्र दृष्टिकोण अपनाने की आवश्यकता है। इसके साथ ही बैठक में पर्यावरण से संबंधित स्मारिका का विमोचन किया गया।
सभागार में ये लोग रहें उपस्थित
बूटी स्थित सूर्यमुखी दिनेश आयुर्वेदिक कालेज के सभागार में आयोजित कार्यशाला में पद्मश्री जमुना टुडू, आरएसएस के पूर्व क्षेत्र संघचालक सिद्धिनाथ सिंह, महापौर आशा लकड़ा, डा एमएस भट्ट, प्रवीण प्रभाकर, सच्चिदानंद मिश्र, प्रवीण कुमार दुबे, पर्यावरणविद नीतीश प्रियदर्शी, प्रदूषण बोर्ड के पूर्व सचिव संजय सिन्हा, कविता परमार, भूवैज्ञानिक डा रणजीत सिंह, डा. डीएन तिवारी, डा अमिताभ, विजय कुमार सहित पूरे प्रांत से आए हुए आरोग्य भारती के पदाधिकारी उपस्थित थे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।