विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 19, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Palamu News: मोहन विश्वकर्मा बने पलामू जिला राजद अध्यक्ष, विरोध में पूर्व विधायक राधाकृष्ण का इस्तीफा

By M EkhlaqueEdited By:
Published: Mon, 19 Sep 2022 08:02 PM (GMT+05:30)Updated: Mon, 19 Sep 2022 08:03 PM (GMT+05:30)

Jharkhand News झारखंड में राजद के नए अध्यक्ष के चुनाव की कवायद तेज हो गई है। इससे पूर्व जिलों में ...और पढ़ें

Jharkhand RJD President Chunav: पलामू में राजद जिला अध्यक्ष का चुनाव हो गया है।
Jharkhand RJD President Chunav: पलामू में राजद जिला अध्यक्ष का चुनाव हो गया है।

मेदिनीनगर (पलामू), जागरण संवाददाता। Palamu News झारखंड प्रदेश राजद अध्यक्ष का चुनाव 23 सितंबर को होगा। इससे पहले सभी जिलों में जिलाध्यक्षों के चुनाव की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। इस क्रम में सोमवार को पलामू जिला राजद के अध्यक्ष चुनाव हुआ। मोहन विश्वकर्मा 19 मतों से विजयी घोषित किए गए। दूसरी तरफ चुनाव प्रक्रिया से नाराज छतरपुर के पूर्व विधायक राधाकृष्ण किशोर ने राजद की क्रियाशील सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है।

गुप्त मतदान से हुआ जिला अध्यक्ष का चुनाव

राजद जिलाध्यक्ष का चुनाव गुप्त मतदान से हुआ। 69 में 68 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया। इसमें मोहन ने 35 मत हासिल कर अपने निकटत्तम प्रतिद्धंदी राजद के निर्वतमान जिला अध्यक्ष शिव प्रसाद मेहता को हरा दिया। मेहता को 16,केदार यादव को 15 व दीपक कुमार को दो वोट मिले। पार्टी के निर्वाचन पदाधिकारी सह पर्यवेक्षक लातेहार जिला के अजय कुमार चंद्रवंशी,लक्ष्मण यादव व गढ़वा के जमीरउद्दीन अंसारी ने मोहन को पलामू का जिला राजद अध्यक्ष निर्वाचित घोषित करते हुए प्रमाण पत्र दिया।

इन नेताओं ने संपन्न कराई चुनाव की पूरी प्रक्रिया

चुनाव प्रक्रिया संपन्न कराने में राजद के प्रदेश उपाध्यक्ष सैयद समी अहमद,एसएम शाहनावाज, रामनाथ चंद्रवंशी,अरूण चंद्रवंशी,जेयाउद्दीन अंसारी, मुजीबुल्लाह खां,सुलेमान अंसारी, संतोष यादव, प्रमोद यादव, इश्तेयाक अली देहाती ,राहिल राज समेत बड़ी संख्या में राजद के नेता व कार्यकर्ता शामिल हुए। नवनिर्वाचित अध्यक्ष मोहन विश्वकर्मा नौडीहा बाजार प्रखंड के निवासी हैं। मोहन ने कहा कि संगठन को और मजबूत बनाना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। वे सबको साथ लेकर चलेंगे।

पांच बार विधायक रहे राधाकृष्ण ने कहा- बाय बाय

जिलाध्यक्ष के चुनाव के बाद छतरपुर से पांच बार के विधायक रह चुके राधाकृष्ण किशोर ने राजद की क्रियाशिल सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। यह पलामू राजद के लिए झटका है। वैसे राधाकृष्ण किशोर किसी एक पार्टी से बंधकर नहीं रहते हैं। ये पहले कांग्रे, भाजपा के साथ ही और भी दलों में रह चुके हैं। किशोर ने राजद के कार्यकारी अध्यक्ष संजय सिंह यादव को लिखे पत्र में इस्तीफा का कारण नौडीहा प्रखंड की मतदाता सूची में अनियमितता बताया है। इससे पहले चुनाव के दौरान हंगामा भी हुआ। हुसैनाबाद के मदन पासवान ने डिलिगेट से नाम हटाए जाने पर विरोध जताया। यहां तक कह दिया कि पासवान जाति राजद का विरोध करेगा। पाटन के राजद नेता सत्येंद्र यादव भी खासे नाराज दिखे। कई राजद नेता मतदाता सूचनी प्रकाशन पर एतराज जताते हुए हंगामा किया।