विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

RIMS जमीन घोटाला: ACB का बड़ा एक्शन, झारखंड सरकार के 6 अधिकारी गिरफ्तार 

Published: Wed, 18 Nov 2026 12:24 AM (IST)

रांची स्थित रिम्स की जमीन घोटाला मामले में एसीबी ने तत्कालीन एलआरडीसी समेत छह अधिकारियों को गिरफ्तार किया है।

रिम्स की बिल्डिंग। फाइल फोटो

रिम्स की बिल्डिंग। फाइल फोटो

HighLights

  1. रिम्स जमीन घोटाला: छह अधिकारियों को एसीबी ने किया गिरफ्तार।

  2. तत्कालीन एलआरडीसी, रजिस्ट्रार, सीओ पर आपराधिक साजिश का आरोप।

  3. अवैध कब्जे वाली 9.65 एकड़ जमीन का मामला, रांची में।

राज्य ब्यूरो, रांची। रांची स्थित रिम्स की जमीन के घोटाला मामले की जांच कर रही भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने तत्कालीन एलआरडीसी सहित छह अधिकारियों को गिरफ्तार कर लिया है।

इन अधिकारियों पर आपराधिक साजिश रचने, निजी आर्थिक लाभ के लिए पद का दुरुपयोग करने का आरोप है।

इन्हें बुधवार को एसीबी की विशेष अदालत में पेश किया जाएगा, उसके बाद आगे की कार्रवाई होगी। एसीबी इन अधिकारियों को रिमांड पर लेकर भी पूछताछ करेगी, ताकि इस कड़ी के अन्य आरोपितों की जानकारी जुटाई जा सके।

अवैध कब्जा कर बनाया गया था अपार्टमेंट

पूरा मामला रिम्स की कुल 9.65 एकड़ जमीन का है। इसमें मोरहाबादी मौजा की आठ एकड़ और कोकर मौजा की 1.65 एकड़ जमीन शामिल है।

आरोप है कि जमीन दलाल, बिल्डर और अधिकारियों के संगठित गिरोह ने मिलकर इस करोड़ों रुपये की जमीन पर अवैध तरीके से कब्जा कर अपार्टमेंट का निर्माण कर दिया था, जिसे बाद में हाई कोर्ट के आदेश के बाद हटाया गया था और रिम्स को जमीन वापस कराई गई थी।

इस मामले में एसीबी ने पूर्व में भी बिल्डर सहित पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया था। उनके विरुद्ध चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है।

इनकी हुई है गिरफ्तारी

  • मनोज कुमार : तत्कालीन भूमि सुधार उप समाहर्ता, सदर, रांची।
  • अविनाश कुमार : तत्कालीन जिला अवर निबंधक, रांची।
  • वैभव मणि त्रिपाठी : तत्कालीन जिला अवर निबंधक, रांची।
  • राहुल कुमार चौबे : तत्कालीन जिला अवर निबंधक रांची।
  • शैलेश कुमार : तत्कालीन अंचल अधिकारी, बड़गाईं अंचल, रांची।
  • राजेश कुमार : तत्कालीन अंचल अधिकारी, शहर अंचल, रांची।

ये हैं पूर्व में गिरफ्तार पांच आरोपित, जिनपर एसीबी दाखिल कर चुकी है चार्जशीट

पूर्व में गिरफ्तार लकी कंस्ट्रक्शन के संचालक बिल्डर शुभम साबू, रांची के सदर थाना क्षेत्र के दीपाटोली बांधगाड़ी निवासी दो सगे भाई राजकिशोर बड़ाईक व कार्तिक बड़ाईक, कोकर के आदर्श नगर में पावर सब स्टेशन के समीप रहने वाले राजेश कुमार झा तथा खूंटी के तोरपा थाना क्षेत्र के पाटपुर निवासी चैतन कुमार शामिल हैं।

बिल्डर को छोड़ चार आरोपित सात अप्रैल को गिरफ्तार हुए थे। वहीं, बिल्डर की गिरफ्तारी 28 जून को हुई थी। एसीबी की छानबीन में यह खुलासा हुआ है कि बड़ाईक बंधुओं ने उक्त जमीन की गलत वंशावली बनाई थी।

खूंटी के तोरपा थाना क्षेत्र के पाटपुर निवासी चैतन कुमार ने पावर आफ अटार्नी लिया और राजेश कुमार झा ने बिल्डर को बिक्री कराई थी।

पांच जनवरी को एसीबी ने दर्ज की प्राथमिकी

रिम्स की जमीन की अवैध तरीके से खरीद-बिक्री मामले में झारखंड हाई कोर्ट ने संज्ञान लेते हुए एसीबी को प्राथमिकी दर्ज कर जांच करने का आदेश दिया था।

इसके बाद एसीबी ने पांच जनवरी को एसीबी रांची थाना कांड संख्या 01/2026 में प्राथमिकी दर्ज की थी। इसमें रिम्स प्रबंधन, राजस्व कार्यालय, रांची, रांची नगर निगम, निबंधन कार्यालय रांची, रियल इस्टेट रेगुलेटरी अथारिटी (रेरा), रांची क्षेत्रीय विकास प्राधिकार (आरआरडीए) के पदाधिकारियों, कर्मियों व अन्य अज्ञात लोगों को आरोपित बनाया गया था।

यह भी पढ़ें- जामताड़ा पुलिस महकमे में फेरबदल, नारायणपुर में नए थाना प्रभारी और इंस्पेक्टर नियुक्त

यह भी पढ़ें- झारखंड में फिर होगा छात्र आंदोलन, JPSC-JSSC रिफॉर्म मंच ने बताई पूरी रणनीति

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।