झारखंड में फिर होगा छात्र आंदोलन, JPSC-JSSC रिफॉर्म मंच ने बताई पूरी रणनीति
जेपीएससी-जेएसएससी रिफॉर्म मंच ने परीक्षाओं में गड़बड़ी के विरोध में 'आंदोलन 2.0' की घोषणा की है।

JPSC-JSSC CGL रिफॉर्म्स मंच के छात्र नेता रविंद्र पासवान (बीच में)। फोटो IANS
HighLights
जेपीएससी-जेएसएससी रिफॉर्म मंच ने 'आंदोलन 2.0' की घोषणा की।
राज्य के पांचों प्रमंडलों में छात्र महापंचायत आयोजित होगी।
परीक्षा गड़बड़ी की सीबीआई जांच की मांग उठाई गई।
राज्य ब्यूरो, रांची। झारखंड लोक सेवा आयोग तथा झारखंड कर्मचारी चयन आयोग की परीक्षाओं में गड़बड़ी के विरोध में रांची के जयपाल सिंह स्टेडियम में अनशन पर बैठनेवाले जेपीएससी-जेएसएससी रिफॉर्म ने एक बार फिर आंदोलन की घोषणा कर दी है।
मंच ने आंदोलन 2.0 का ऐलान करते हुए राज्य के पांचों प्रमंडलों में छात्र महापंचायत आयोजित करने का निर्णय लिया है। इसमें आंदोलन के लिए अभ्यर्थियों को एकजुट किया जाएगा।
मंगलवार को हुई मंच की वर्किंग टीम की बैठक में आंदोलन की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। 22 नवंबर को हजारीबाग से महापंचायत की शुरुआत होगी।
मंगलवार को शाम में प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस वार्ता में इसकी जानकारी देते हुए मंच के रवींद्र पासवान और पीयूष कुमार ने कहा कि करीब तीन महीने पहले छात्रों ने अपने मुद्दों को लेकर आंदोलन किया था।
उस दौरान सरकार को दो महीने का समय दिया गया था, लेकिन छात्रों ने अपनी ओर से एक महीने का अतिरिक्त समय भी दिया।
तीन महीने बीत जाने के बाद भी छात्रों की मांगों पर कोई ठोस पहल नहीं हुई है।उन्होंने कहा कि राज्य के विभिन्न विभागों में लाखों पद खाली हैं, लेकिन नियुक्ति पूरी तरह ठप है।
पासवान ने कहा कि छात्रों की लड़ाई केवल पुरानी नियुक्तियों और परीक्षाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि सरकार के सभी विभागों में खाली पड़े पदों पर नियुक्ति भी एक बड़ा सवाल है। उन्होंने परीक्षाओं में गड़बड़ी की जांच की धीमी गति पर भी सवाल उठाते हुए सीबीआइ जांच की मांग की।