Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    रांची को नई रफ्तार, रातू रोड फ्लाईओवर पर अब फर्राटा भरेंगी गाड़ियां; जाम के झाम से मिलेगी निजात

    Updated: Thu, 03 Jul 2025 08:36 AM (IST)

    रांची को आज रातू रोड एलिवेटेड फ्लाईओवर की सौगात मिलने जा रही। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने इसका उद्घाटन करेंगे। 3.57 किलोमीटर लंबे इस फ्लाईओवर से रातू रोड हरमू जैसे इलाकों में जाम से राहत मिलेगी। कचहरी से पंडरा तक का सफर अब 35-40 मिनट के बजाय 4-7 मिनट में पूरा होगा। फ्लाईओवर के नीचे सौंदर्यीकरण का भी काम होगा।

    Hero Image
    रातू रोड एलिवेटेड फ्लाईओवर का आज होगा उद्घाटन। (जागरण)

    जागरण संवाददाता, रांची। झारखंड की राजधानी रांची को आज एक बड़ी सौगात मिलने जा रही है। बहुप्रतीक्षित रातू रोड एलिवेटेड फ्लाईओवर का उद्घाटन केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी आज दोपहर 3:00 बजे ओटीसी ग्राउंड में करेंगे, जिसके बाद यह फ्लाईओवर आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    यह 3.57 किलोमीटर लंबा फ्लाईओवर 525-558 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हुआ है और रांची के रातू रोड, हरमू, पंडरा और मांडर जैसे व्यस्त इलाकों में ट्रैफिक जाम की समस्या को कम करने में अहम भूमिका निभाएगा।

    क्या हैं इस फ्लाईओवर की खासियत?

    यह फ्लाईओवर न केवल यातायात को सुगम बनाएगा बल्कि शहर के विकास में भी महत्वपूर्ण साबित होगा।

    लंबाई और लागत

    3.57 किलोमीटर लंबा यह फ्लाईओवर लगभग ₹525-558 करोड़ की लागत से बना है।

    तेज निर्माण का रिकॉर्ड

    नवंबर 2022 में शुरू हुआ इसका निर्माण कार्य मात्र 26 महीनों में पूरा कर लिया गया, जो एक उल्लेखनीय उपलब्धि है।

    समय व ईंधन की बचत

    अब कचहरी से पंडरा तक का सफर 35-40 मिनट से घटकर महज 4-7 मिनट में पूरा हो सकेगा। इससे स्कूल बसों और एम्बुलेंस को जाम से बड़ी राहत मिलेगी, साथ ही ईंधन की बचत होगी और दुर्घटनाओं में भी कमी आएगी।

    सौंदर्यीकरण की योजना

    फ्लाईओवर के नीचे सोहराई पेंटिंग, स्ट्रीट लाइटिंग और पौधारोपण का कार्य। जिससे इसकी सुंदरता और बढ़ जाएगी। सांसद संजय सेठ ने तो बैडमिंटन और वॉलीबॉल कोर्ट बनाने का भी सुझाव दिया है।

    उद्घाटन समारोह और वीआईपी मूवमेंट

    उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने उद्घाटन की तैयारियों की समीक्षा की थी, जिसमें यातायात प्रबंधन, सुरक्षा और वीआईपी प्रोटोकॉल पर विशेष ध्यान दिया गया।

    केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी उद्घाटन के बाद बिरसा चौक पर भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा को श्रद्धांजलि देंगे और एक मोटरसाइकिल रैली के साथ जनसभा को संबोधित करेंगे।

    नामकरण पर सियासी घमासान जारी

    इस फ्लाईओवर के नामकरण को लेकर रांची में सियासी सरगर्मी तेज है। विभिन्न राजनीतिक दल और संगठन अपने-अपने पसंदीदा नामों को आगे बढ़ा रहे हैं।

    झारखंड मुक्ति मोर्चा और कांग्रेस

    ये दल झारखंड आंदोलन के प्रमुख नेता शिबू सोरेन के नाम पर फ्लाईओवर का नाम रखने की मांग कर रहे हैं, उनका तर्क है कि इससे झारखंड की जनता की भावनाओं का सम्मान होगा।

    भारतीय जनता पार्टी

    भाजपा की ओर से अभी आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन पार्टी के कुछ नेताओं ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नाम का सुझाव दिया है।

    इन नामों पर भी चर्चा

    इसके अलावा, बिनोद बिहारी महतो (जेएमएम के संस्थापक में शामिल), नागपुरी भाषा और झारखंड आंदोलन के प्रचारक डॉ. विशेश्वर प्रसाद केसरी, रघुनाथ महतो, शहीद बिशुन महतो, और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के नाम भी चर्चा में हैं।

    सांसद और रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने स्पष्ट किया है कि नामकरण का अंतिम फैसला एनएचएआई द्वारा लिया जाएगा, जिससे इस मुद्दे पर सियासी बयानबाजी अभी जारी रहने की उम्मीद है।

    रांची को मिलेगी जाम के झाम से बड़ी राहत

    यह रातू रोड फ्लाईओवर रांची के सिरमटोली और कांटाटोली फ्लाईओवर के बाद शहर का तीसरा बड़ा फ्लाईओवर है। रांची में कुल पांच फ्लाईओवर बनाने की योजना है, जिससे शहर की ट्रैफिक व्यवस्था में क्रांतिकारी बदलाव आने और शहर की सूरत बदलने की उम्मीद है।

    यह फ्लाईओवर निश्चित रूप से रांची के लोगों के लिए एक बड़ी राहत है, जिससे उनका दैनिक आवागमन काफी सुगम हो जाएगा। अब देखना यह है कि इसका नामकरण किस महापुरुष के नाम पर होता है।