Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Jharkhand Politics: राष्ट्रीय जनता दल दो खेमों में बंटा, स्थापना दिवस पर चतरा में अलग-अलग कार्यक्रम

    Updated: Sat, 05 Jul 2025 07:06 PM (IST)

    चतरा जिला राष्ट्रीय जनता दल दो भागों में बंटी दिखीं। एक का नेतृत्व जिला अध्यक्ष नवल किशोर यादव तो दूसरे का प्रदेश सचिव योगेंद्र कुमार यादव एवं दिनेश दांगी करते दिखे। दोनों खेमों ने अलग-अलग कार्यक्रमों का आयोजन किया। विरोधी गुट का दावा है कि राजद का असली सिपाही हम ही लोग हैं।

    Hero Image
    स्थापना दिवस पर केक काटकर खिलाते राजद ने्ता।

    जागरण संवाददाता, चतरा। राष्ट्रीय जनता दल की चतरा जिला इकाई दो भागों में बंट गई है। एक का नेतृत्व लगातार तीसरी बार निर्वाचित हुए जिला अध्यक्ष नवल किशोर यादव कर रहे हैं, तो दूसरे का प्रदेश सचिव योगेंद्र कुमार यादव एवं दिनेश दांगी आदि। पार्टी के स्थापना दिवस पर दोनों खेमों ने अलग-अलग कार्यक्रम का आयोजन किया है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    जिलाध्यक्ष की अध्यक्षता में आयोजित स्थापना दिवस समारोह बीएसएनएल टेलीफोन टावर रोड स्थित वरिष्ठ नेता सुभाष प्रसाद यादव के आवासीय परिसर में, तो विक्षुब्ध गुट का आयोजन नगवां मोहल्ला स्थित मोतीराम पासवान मैदान में हुआ।

    जिला अध्यक्ष नवल किशोर यादव ने विक्षुब्ध गुट के आयोजन को लेकर अनभिज्ञता जताई। कहा कि उन्हें इसकी जानकारी नहीं है। वहीं विरोधी गुट का दावा है कि राजद का असली सिपाही हम ही लोग हैं। प्रस्तुत है दोनों के आरोप-प्रति आरोप का संक्षिप्त विवरण।

    किसी दूसरे गुट की जानकारी नहीं : नवलकिशोर

    Jharkhand Politics लगातार तीन बार से पार्टी का नेतृत्व कर रहे जिलाध्यक्ष नवलकिशोर यादव कहते हैं कि संगठन का स्थापना दिवस है, इस निमित्त कार्यक्रम का आयोजन हो रहा है। हर साल पांच जुलाई को पार्टी का स्थापना दिवस मनाया जाता है।

    संगठन के नेता और कार्यकर्ता यहां के आयोजन में उपस्थित हैं। दूसरे गुट की जानकारी नहीं है और न ही उनके कार्यक्रम को लेकर किसी प्रकार की जानकारी दी गई है। दल के भीतर कोई गुटबाजी नहीं है।

    राष्ट्रीय जनता दल के समर्थित नेता और कार्यकर्ता एकजुट हैं। वर्करों की एकजुटता कार्यक्रम में उपस्थित भीड़ से स्पष्ट हो जाती है। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री सत्यानंद भोगता तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रश्मि प्रकाश को उपस्थित होना था।

    पटना में पार्टी का दो दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन होने के कारण दोनों उपस्थित नहीं हो सके। स्थापना दिवस कार्यक्रम समारोहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ नेता अतीक मंसुरी, अब्दुल्लाह अंसारी, प्रतीक अंगार सहित भारी संख्या में नेता व कार्यकर्ता उपस्थित थे। जिलाध्यक्ष ने मौके पर केक काटा। मंच का संचालन अतीक मंसुरी ने किया।

    संगठन को बना दिया भाजपा की बी टीम : योगेंद्र यादव

    राजद के विक्षुब्ध खेमा के नेता योगेंद्र कुमार यादव ने कहा कि लड़ाई अस्तित्व की है। संगठन को बिखरता हुआ नहीं देख सकते। राजद का सच्चा सिपाही हूं। संगठन को खून और पसीनों से सींचा हूं। संगठन के जितने भी वरिष्ठ और समर्पित नेता अथवा कार्यकर्ता हैं, वे उनके साथ नहीं हैं।

    उनकी कमेटी नकली है। चुनाव में धांधली कर अध्यक्ष बने हैं। यह भी आरोप लगाया कि पूर्व मंत्री सत्यानंद भोगता अपने हिसाब से संगठन को चलाना चाहते हैं। योगेंद्र यादव कहते हैं कि प्रदेश अध्यक्ष को पूरे मामले की जानकारी उपलब्ध करा दी गई है।

    उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष ने आश्वस्त किया है कि राष्ट्रीय अधिवेशन के बाद चतरा के मामलों की जांच के लिए एक कमेटी का गठन किया जाएगा। गठित कमेटी की रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई होगी। योगेंद्र यादव कहते हैं कि प्रदेश अध्यक्ष के आश्वासन पर समानांतर कमेटी गठन की प्रक्रिया को फिलहाल स्थगित कर दिया गया।

    उन्होंने बताया कि स्थापना दिवस कार्यक्रम पूरे उल्लास और उमंग के साथ मनाया गया। आयोजन में वरिष्ठ नेता डा. मुर्तुजा, नंद किशोर ठाकुर, दिनेश दांगी, राजू वर्मा आदि सैकड़ो नेता व कार्यकर्ता उपस्थित थे।