Jharkhand Weather: बारिश के बाद अब ठंड दिखाएगी तेवर! रांची में 5 डिग्री तक लुढ़केगा पारा; 12 डिग्री पहुंचेगा तापमान
राजधानी रांची में 4.1 मिमी बारिश दर्ज की गई, जिससे मौसम में ठंडक बढ़ी। अगले पांच दिनों में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री गिरकर 12 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है, जिससे ठंड और बढ़ेगी।

AI द्वारा बनाई गई तस्वीर।
HighLights
रांची में रविवार को 4.1 मिमी बारिश, मौसम ने बदला मिजाज।
आगामी पांच दिनों में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस गिरेगा।
जागरण संवाददाता, रांची। राजधानी रांची में रविवार को मौसम का मिजाज बदला रहा। शहर में सूरज खिला रहा और आसपास के क्षेत्रों में मौसम का असर देखने को मिला। वहीं कई क्षेत्रों में सुबह से ही आसमान में बादलों की आवाजाही देखने को मिली, वहीं सुबह के समय शहर के कई इलाकों में कोहरा छाया रहा। राजधानी को छोड़कर शहर के आसपास के हिस्सें में दिन में रुक-रुककर हुई बूंदाबांदी से मौसम में ठंडक घुल गई।
मौसम विज्ञान केंद्र के मौमस विज्ञानी अभिषेक आनंद ने बताया कि राजधानी में कुल 4.1 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। राज्य के अन्य प्रमुख शहरों की तुलना में रांची में सबसे अधिक वर्षा हुई। बारिश के बाद लोगों को ठंड का एहसास होने लगा है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार आने वाले पांच दिनों में न्यूनतम तापमान में करीब पांच डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार रविवार को रांची का अधिकतम तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.4 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 18.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। यह सामान्य से 6.5 डिग्री अधिक है। पिछले 24 घंटे में अधिकतम तापमान में 6.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान में 1.1 डिग्री की बढ़ोतरी हुई। यानी बारिश और बादलों के बावजूद न्यूनतम तापमान अभी सामान्य से काफी ऊपर बना हुआ है।
आज भी बादलों की आवाजाही, बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को राज्य के अलग-अलग हिस्सों में बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश और मेघ गर्जन की संभावना है। राजधानी में भी मौसम का उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है। सुबह के समय हल्के से मध्यम दर्जे का कोहरा छाए रहने का अनुमान है। रविवार को हुई बूंदाबांदी के बाद सोमवार को भी मौसम में नमी और ठंडक का असर देखने को मिल सकता है।
चार दिनों में पांच डिग्री तक गिरेगा न्यूनतम तापमान
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक रांची में रविवार को अधिकतम तापमान 26 और न्यूनतम 17 डिग्री रहने की संभावना है। 23 नवंबर को न्यूनतम तापमान गिरकर 15 डिग्री, 24 नवंबर को 13 डिग्री और 25 तथा 26 नवंबर को 12 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
इस तरह चार दिनों में न्यूनतम तापमान में करीब पांच डिग्री की गिरावट के आसार हैं। इससे सुबह और रात के समय ठंड का असर बढ़ेगा। खासकर सुबह घर से निकलने वाले लोगों को ठिठुरन महसूस हो सकती है।
24 नवंबर से साफ होगा आसमान
मौसम विभाग के अनुसार 24 नवंबर से आसमान मुख्य रूप से साफ रहने की संभावना है। 25 और 26 नवंबर को सुबह कोहरा या कुहासा छाने के बाद दिन में धूप निकल सकती है। अधिकतम तापमान 24 से 25 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है। वहीं 27 और 28 नवंबर को भी सुबह कोहरे के बाद आसमान साफ रहने के संकेत हैं। ऐसे में दिन में धूप से कुछ राहत मिलेगी, लेकिन सुबह और रात की ठंड धीरे-धीरे बढ़ती जाएगी।
अन्य जिलों में रांची से कम हुई बारिश
रविवार को राज्य में बारिश के मामले में रांची सबसे आगे रहा। खूंटी में एक मिलीमीटर और लातेहार में दो मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। जमशेदपुर, बोकारो और चाईबासा में बारिश नहीं हुई, जबकि डालटनगंज में ट्रेस वर्षा रिकॉर्ड की गई। राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान चाईबासा में 31 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।