विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पास हुए या फेल, पता नहीं! रांची विश्वविद्यालय में 7वें सेमेस्टर का रिजल्ट नहीं आया, 8वें की परीक्षा की तैयारी शुरू

Published: Wed, 25 Nov 2026 08:00 AM (GMT+05:30)

रांची विश्वविद्यालय में 40,000 छात्रों के सातवें सेमेस्टर के परिणाम अभी तक जारी नहीं हुए हैं, लेकिन विश्वविद्यालय ने आठवें सेमेस्टर की परीक्षा की तैयारी शुरू कर दी है।

रांची विश्वविद्यालय की फाइल फोटो। (फोटो- जागरण आर्काइव)

रांची विश्वविद्यालय की फाइल फोटो। (फोटो- जागरण आर्काइव)

HighLights

  1. रांची विवि में 40 हजार छात्रों का रिजल्ट रुका।

  2. सातवें सेमेस्टर के परिणाम से पहले आठवें की तैयारी।

  3. एनईपी के कारण छात्रों को पढ़ाई का कम समय।

जागरण संवाददाता, रांची। रांची विश्वविद्यालय में स्नातक के सातवें सेमेस्टर के करीब 40 हजार विद्यार्थियों का रिजल्ट अभी तक जारी नहीं हुआ है, लेकिन विश्वविद्यालय ने आठवें सेमेस्टर की परीक्षा की तैयारी शुरू कर दी है। सत्र को समय पर पूरा करने की हड़बड़ी में विवि प्रशासन एक के बाद एक परीक्षा ले रहा है, जिसका सीधा असर विद्यार्थियों की पढ़ाई पर पड़ रहा है।

स्नातक का यह पहला एनईपी बैच 2022-26 है। इस बैच के विद्यार्थियों का सातवें सेमेस्टर का रिजल्ट अटका हुआ है। विद्यार्थियों को यह भी नहीं पता कि वे सातवें सेमेस्टर में पास हुए हैं या नहीं। इसके बावजूद आठवें सेमेस्टर की मिड सेमेस्टर की परीक्षा होने के पहले ही फॉर्म भरने की तैयारी शुरू कर दी गई है।

एनइपी ने बदल दिया पूरा सिस्टम, विद्यार्थियों पर बढ़ा बोझ

विश्वविद्यालय में एनईपी लागू होने के बाद पूरा सिस्टम बदल गया है। पहले जहां विद्यार्थियों को पढ़ने के लिए पूरा समय मिलता था, वहीं अब उन्हें पढ़ने के लिए कम समय मिल रहा है। छह महीने के सेमेस्टर में विद्यार्थियों को केवल दो से तीन महीने ही मिल रहे हैं।

इसी में पढ़ाई करनी है और इसके बाद मिड सेमेस्टर की परीक्षा देनी है। मिड सेमेस्टर के बाद तुरंत फाइनल परीक्षा शुरू हो जाती है। वहीं कुछ कालेजों में शिक्षकों की कमी है जिसके कारण सही तरीके से विद्यार्थियों की क्लास भी नहीं चल पाती है।

असमंजस में हैं सातवें सेमेस्टर के विद्यार्थी

सातवें सेमेस्टर की परीक्षा दे चुके सक्षम झा का कहना है कि उन्हें समझ नहीं आ रहा है कि वे किस विषय की तैयारी करें। सातवें का रिजल्ट नहीं आया है, तो आठवें की तैयारी कैसे करें। वहीं अमन साहू का कहना है कि अगर सातवें में किसी विषय में फेल हो गए, तो क्या होगा।

इसका जवाब विवि के पास भी नहीं है।वहीं अमित कुमार का कहना है कि उन्हें पढ़ने के लिए समय ही नहीं मिल रहा है। क्लास शुरू होते ही मिड सेमेस्टर और फिर फाइनल परीक्षा आ जाती है। इससे उनकी पढ़ाई की गुणवत्ता पर असर पड़ रहा है।

अगस्त में हुई थी सातवें सेमेस्टर की परीक्षा

रांची विश्वविद्यालय में स्नातक सेमेस्टर सात की परीक्षा अगस्त महीने में आयोजित की गयी थी। इसके बाद परीक्षार्थियों की उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन शुरू किया गया। लेकिन अभी तक रिजल्ट नहीं जारी किया जा सका है। परीक्षा नियंत्रक डा. संजय कुमार सिंह ने बताया कि सातवें सेमेस्टर के उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन तेजी से हो रहा है। शिक्षकों की कमी है इसकी वजह से मूल्यांकन में देरी हो रही है। जल्द ही रिजल्ट प्रकाशित कर दिया जाएगा।

क्या कहता है विवि?

स्नातक एनइपी के पहले बैच को समय पर पूरा करने की तैयारी है। इस वजह से सातवें सेमेस्टर का रिजल्ट जारी होने से पहले ही आठवें सेमेस्टर का परीक्षा फार्म भरवा दिया जा रहा है। विद्यार्थियों को कोई परेशानी नहीं होगी।

- डॉ. संजय कुमार सिंह, परीक्षा नियंत्रक, रांची विवि। 

यह भी पढ़ें- रांची में 45 कोचिंग संस्थानों और हॉस्टलों को अंतिम नोटिस, 24 घंटे में बंद करें संचालन; पहले 10 सेंटर हो चुका है सील

यह भी पढ़ें- रांची ATC से नहीं मिली विमान को उड़ान की अनुमति, राज्यपाल संतोष गंगवार का धनबाद दौरा हुआ प्रभावित

 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।