विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रांची में 45 कोचिंग संस्थानों और हॉस्टलों को अंतिम नोटिस, 24 घंटे में बंद करें संचालन; पहले 10 सेंटर हो चुका है सील

Published: Tue, 24 Nov 2026 06:53 PM (IST)

रांची नगर निगम ने 45 कोचिंग संस्थानों, हॉस्टल और लॉज को अंतिम नोटिस जारी किया है, जिसमें 24 घंटे के भीतर संचालन बंद करने और वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है।

ट्रेड लाइसेंस से लेकर फायर एनओसी तक मांगे दस्तावेज।

ट्रेड लाइसेंस से लेकर फायर एनओसी तक मांगे दस्तावेज।

HighLights

  1. रांची नगर निगम ने 45 संस्थानों को अंतिम नोटिस दिया।

  2. 24 घंटे में संचालन बंद कर दस्तावेज जमा करने का निर्देश।

  3. ट्रेड लाइसेंस, फायर एनओसी जैसे दस्तावेज अनिवार्य हैं।

जागरण संवाददाता, रांची। राजधानी में नियमों को ताक पर रखकर संचालित हो रहे कोचिंग संस्थानों, हास्टल और लाज के खिलाफ रांची नगर निगम ने कार्रवाई तेज कर दी है। निगम ने 45 संस्थानों को अंतिम स्मार नोटिस जारी कर 24 घंटे के भीतर संचालन बंद करने और सभी आवश्यक वैधानिक दस्तावेज प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है।

निर्धारित समय-सीमा में निर्देशों का पालन नहीं करने पर संबंधित संस्थानों को सील किया जाएगा। इससे पहले निगम 10 संस्थानों का संचालन बंद करा चुका है। नगर निगम की ओर से झारखंड नगरपालिका अधिनियम, 2011 और झारखंड भवन उपविधि, 2016 के तहत यह कार्रवाई की जा रही है।

नियमों के अनुसार कोचिंग संस्थानों, हास्टल और लाज के संचालन के लिए ट्रेड लाइसेंस, हास्टल पंजीकरण, वाणिज्यिक होल्डिंग, अग्निशमन विभाग का अनापत्ति प्रमाण पत्र (फायर एनओसी) और स्वीकृत भवन प्लान सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज अनिवार्य हैं।

निगम ने पूर्व में संबंधित संस्थानों को दस्तावेज प्रस्तुत करने और नियमों का पालन करने का निर्देश दिया था। इसके बावजूद कई संस्थानों ने आवश्यक कागजात जमा नहीं किए। जिन संस्थानों ने जवाब दिया, उनका पक्ष भी संतोषजनक नहीं पाया गया। इसके बाद 10 संस्थानों का संचालन बंद कराया गया। अब 45 अन्य संस्थानों को अंतिम स्मार नोटिस जारी किया गया है।

लालपुर और ईस्ट जेल रोड के कई संस्थान कार्रवाई की जद में

निगम की कार्रवाई में सबसे अधिक संस्थान लालपुर स्थित हरिओम टावर और ली डिजायर कांप्लेक्स के हैं। यहां फिटजी, न्यूटन ट्यूटोरियल्स, मेंटर एडुसर्व, बीआरडीएस, आइम एंट्रेंस इंस्टीट्यूट, ई-वर्ल्ड कंप्यूटर क्लासेज, जीएस नेक्सस, द साइंस एरा, करियर प्वाइंट, विनय आइएएस एकेडमी, पोद्दार कामर्स एकेडमी, केडी लाइब्रेरी, विजन आइएएस और सक्सेस हब सहित कई संस्थान संचालित हैं।

वहीं, ईस्ट जेल रोड के सक्सेस मंत्रा, द लर्नर्स हब, सार्थक लाइब्रेरी, लक्ष्य लाइब्रेरी, संजय मैथ्स, उड़ान आइएएस एकेडमी, ई. परिश्रम ट्यूटोरियल्स, इनसाइट लाइब्रेरी, प्रेरणा इंस्टीट्यूट, वीएमएस लाइब्रेरी, प्रसाद एंड विनायकम लाइब्रेरी, एक्सेलेंसी आइएएस, मेटा विजन एकेडमी और परफेक्ट ट्यूटोरियल को भी नोटिस दिया गया है। इसके अलावा थड़पखना के परीक्षा फाइटर, सर्कुलर रोड के भविष्य भारती, लालपुर की आरसी डिफेंस एकेडमी और ईस्ट जेल रोड की योद्धा डिफेंस एकेडमी भी कार्रवाई के दायरे में हैं।

पहले इन 10 संस्थानों पर हो चुकी है कार्रवाई

नगर निगम ने इससे पहले लक्ष्य डिफेंस एकेडमी (बिरसा कालोनी, मोरहाबादी), आरसी फिजिकल एकेडमी के दो केंद्र (हटिया), कमांडो फिजिकल एकेडमी (हटिया), किरण एकेडमी (ईस्ट जेल रोड), जीएस नेक्सस (हरिओम टावर), द लर्नर हब, विश्वेश्वरी स्टडी सेंटर, भाभा करियर इंस्टीट्यूट (ईस्ट जेल रोड) और अयान्श द सिविल सर्विसेज (हरिओम टावर) का संचालन बंद कराया है।

नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि स्वीकृत भवन प्लान में निर्धारित उपयोग के विपरीत व्यावसायिक गतिविधियां संचालित करना और भवन का अनधिकृत उपयोग स्वीकार्य नहीं होगा। सभी संस्थानों को भवन निर्माण, भवन उपयोग और संचालन से संबंधित वैधानिक प्रावधानों का पालन करना होगा। 24 घंटे की निर्धारित अवधि में निर्देशों का अनुपालन नहीं करने पर संस्थानों को सील करने के साथ संबंधित अधिनियमों के तहत विधि-सम्मत कार्रवाई की जाएगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।