रांची ATC से नहीं मिली विमान को उड़ान की अनुमति, राज्यपाल संतोष गंगवार का धनबाद दौरा हुआ प्रभावित
राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार का धनबाद दौरा रांची एटीसी से विमान को उड़ान की अनुमति न मिलने के कारण रद्द हो गया। इससे वे धनबाद में आयोजित दो महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में शामिल नहीं हो पाए।

राज्यपाल संतोष गंगवार का धनबाद दौरा हुआ प्रभावित (फाइल फोटो)
HighLights
राज्यपाल संतोष गंगवार का धनबाद दौरा रद्द हुआ।
रांची एटीसी ने विमान को उड़ान अनुमति नहीं दी।
दो महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में राज्यपाल शामिल नहीं हो सके।
जागरण संवाददाता, रांची। झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार मंगलवार को धनबाद के दौरे पर नहीं पहुंच सके। रांची एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) से विमान को उड़ान भरने की अनुमति नहीं मिलने के कारण उनका हवाई सफर शुरू नहीं हो सका। इसके चलते धनबाद में आयोजित दो महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में उनकी उपस्थिति नहीं हो पाई।
जानकारी के अनुसार, राज्यपाल को मंगलवार को रांची से हवाई मार्ग से धनबाद के बरवाअड्डा हवाई अड्डे पहुंचना था। वहां से उन्हें राजकमल सरस्वती विद्या मंदिर के कार्यक्रम में शामिल होना था। इसके बाद भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आइआइटी)-भारतीय खनि विद्यापीठ (आइएसएम) के पेनमैन ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में भी उनकी सहभागिता निर्धारित थी।
विमान को उड़ान की अनुमति नहीं
राज्यपाल के दौरे को लेकर धनबाद में प्रशासनिक और सुरक्षा तैयारियां की गई थीं। सोमवार को जारी कार्यक्रम के अनुसार, राज्यपाल के दोनों आयोजनों में शामिल होने की सूचना थी।
हालांकि, रांची एटीसी से विमान को उड़ान की अनुमति नहीं मिलने के कारण पूरा कार्यक्रम प्रभावित हो गया। विमान के उड़ान नहीं भर पाने की आधिकारिक वजह और राज्यपाल के दौरे की नई तिथि को लेकर फिलहाल स्थिति स्पष्ट नहीं है।