झारखंड के 700 स्कूल-कॉलेजों में 30 नवंबर को शैक्षणिक हड़ताल, शिक्षक काला बिल्ला लगाकर करेंगे विरोध
वित्त रहित शिक्षा संयुक्त संघर्ष मोर्चा ने रांची में 75% अनुदान वृद्धि और राज्य कर्मी का दर्जा सहित विभिन्न मांगों को लेकर महाधरना दिया। मोर्चा ने 30 नवंबर को शैक्षणिक हड़ताल और दिसंबर में राज्यव्यापी विरोध प्रदर्शन की घोषणा की है।

AI द्वारा बनाई गई तस्वीर।
HighLights
75% अनुदान वृद्धि की मांग पर 30 नवंबर को शैक्षणिक हड़ताल।
30 नवंबर को राज्यव्यापी शैक्षणिक हड़ताल का निर्णय लिया गया।
राज्य ब्यूरो, रांची। वित्त रहित शिक्षा संयुक्त संघर्ष मोर्चा के बैनर तले शिक्षकों व कर्मियों ने बुधवार को विभिन्न मांगों को लेकर विधानसभा के समक्ष कुटे मैदान में महाधरना कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इसमें 75 प्रतिशत अनुदान वृद्धि, राज्य कर्मी का दर्जा, सावित्रीबाई फुले बालिका समृद्धि योजना, जैक में वित्त पदाधिकारी एवं अकादमिक पदाधिकारी को अविलंब हटाने, संयुक्त बिहार से स्थापना अनुमति प्राप्त 158 उच्च विद्यालयों को पूर्व के भांति नियमित अनुदान देने आदि की मांग की गई।
धरना स्थल पर ही मोर्चा के अध्यक्ष मंडल की बैठक हुई जिसमें 30 नवंबर को 75 प्रतिशत अनुदान वृद्धि को लेकर पूरे राज्य में शैक्षणिक हड़ताल का निर्णय लिया गया। इस दौरान शिक्षक काला बिल्ला लगाकर अपने-अपने संस्थानों के मुख्य द्वार पर बैठेंगे।
बैठक में तीन दिसंबर को लोक भवन के सामने महाधरना आयोजित करने तथा राज्यपाल को ज्ञापन सौंपने का भी निर्णय लिया गया। दिसंबर माह में राज्यभर के 700 अनुदानित स्कूल-कॉलेज के शिक्षक एवं कर्मचारी अपने-अपने छात्रों के साथ संस्थानों के मुख्य द्वार पर महा धरना देंगे। धरना स्थल पर विधायक निर्मल महतो ने शिक्षकों को उनकी मांगों को शीतकालीन सत्र में उठाने का आश्वासन दिया।
धरना स्थल पर इंटरमीडिएट, उच्च विद्यालय, संस्कृत विद्यालय और मदरसा विद्यालयों के शिक्षक सम्मिलित हुए। संस्कृत शिक्षक पीला वस्त्र पहन कर आए थे, जबकि मदरसा के शिक्षक उजाला टोपी पहने थे। इस अवसर पर सभा को गणेश महतो, मनीष कुमार, अरविंद सिंह, देवनाथ सिंह, डालेश चौधरी, मनोज तिर्की, विनय उरांव, मुरारी प्रसाद सिंह ने संबोधित किया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।