रांची में 1100 करोड़ की जलापूर्ति योजना, मई 2027 तक राजधानी के 15 हजार घरों तक पहुंचेगा पानी
रांची में 1100 करोड़ की शहरी जलापूर्ति योजना को सरकार तेजी से पूरा कर रही है। इसका लक्ष्य मई 2027 तक 15 हजार नए घरों तक नल से पानी पहुंचाना है।

रूक्का में अप्रैल तक तैयार हो जायेगा 360 एमएलडी का इंटेक वेल। (तस्वीर: सांकेतिक)
HighLights
1100 करोड़ की शहरी जलापूर्ति योजना तेजी से पूरी हो रही।
मई 2027 तक 15 हजार नए घरों को मिलेगा नल जल।
रूक्का में 360 एमएलडी इंटेक वेल अप्रैल 2027 तक तैयार।
जागरण संवाददाता, रांची। गर्मी में राजधानीवासियों को पानी के लिए परेशान न होना पड़े, इसके लिए सरकार ने अभी से तैयारी तेज कर दी है। शहरी जलापूर्ति की लंबित योजनाओं को पूरा करने के लिए पेयजल मंत्री योगेंद्र प्रसाद और नगर विकास विभाग के प्रधान सचिव सुनील कुमार ने अधिकारियों को समयसीमा में काम पूरा करने का निर्देश दिया है।
करीब 1100 करोड़ रुपये की शहरी जलापूर्ति योजना का 90 प्रतिशत से अधिक काम पूरा होने का दावा किया जा रहा है। लक्ष्य है कि मई 2027 तक 15 हजार नए घरों तक नल से पानी पहुंचाया जाए।
शहर में अब तक करीब 1100 किलोमीटर वितरण पाइपलाइन बिछाई जा चुकी है और 55 हजार घरों को कनेक्शन दिया गया है। अब शेष काम पूरा कर इन घरों तक नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने पर जोर है।
वहीं सरकार ने पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़कों की मरम्मत में लापरवाही पर भी कार्रवाई की चेतावनी दी है। अब चुनौती निर्धारित समयसीमा में योजनाओं को पूरा करने के साथ घरों तक नियमित और पर्याप्त पानी पहुंचाने की है।
32 करोड़ से खुलेगी पाइपलाइन की राह
योजना की सबसे बड़ी बाधा रिंग रोड़ के तिलता चौक से पिस्का मोड़ होते हुए रातू रोड तक करीब 10 किलोमीटर मुख्य पाइपलाइन बिछाने की है। एनएचएआई की अनुमति नहीं मिलने से काम अटका है। सड़क कटिंग और पुनर्निर्माण के लिए एनएचएआई को 32 करोड़ रुपये देने की तैयारी है।
अनुमति मिलने के बाद पाइपलाइन बिछाने में करीब छह महीने लगने का अनुमान है। वहीं, रूक्का से तिलता चौक के बीच बची 400 मीटर पाइपलाइन का काम भी जल्द पूरा करने का निर्देश दिया गया है।
रूक्का से बढ़ेगी पानी की उपलब्धता
रूक्का डैम में 360 एमएलडी क्षमता के इंटेक वेल का निर्माण अप्रैल 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य है। यहां नया जलशोधन संयंत्र भी तैयार है। बिजली कनेक्शन और रास्ते में बाधा बन रहे बिजली के खंभों को हटाने की प्रक्रिया तेज की जा रही है। पूरी व्यवस्था चालू होने पर नई सराय लाइन से करीब 15 हजार अतिरिक्त घरों तक पानी पहुंचाने में मदद मिलेगी।
गांवों की योजनाओं पर भी नजर
शहरी जलापूर्ति के साथ रांची जिले के ग्रामीण योजनाओं की भी समीक्षा हो रही है। रांची पूर्वी, पश्चिमी और खूंटी प्रमंडल की योजनाओं की जमीनी स्थिति जांचने के लिए संयुक्त समितियां बनाई गई हैं। इन्हें 15 दिनों में रिपोर्ट देने का निर्देश दिया गया है। दिसंबर तक क्लस्टर और एकल ग्रामीण जलापूर्ति योजनाओं को पूरा करने का लक्ष्य है।
जलापूर्ति की तस्वीर
-1100 करोड़ रुपये : शहरी जलापूर्ति योजना की लागत
-90 प्रतिशत से अधिक : योजना का काम पूरा
-1100 किलोमीटर : बिछाई गई वितरण पाइपलाइन
-55 हजार : जलापूर्ति कनेक्शन वाले घर
-15 हजार : नए घरों को पानी देने का लक्ष्य
-10 किलोमीटर : लंबित मुख्य पाइपलाइन
-32 करोड़ रुपये : एनएचएआई के लिए प्रस्तावित राशि
-360 एमएलडी : रूक्का में नवनिर्मित इंटेक वेल की क्षमता
रांची सहित पूरे झारखंड में जलापूर्ति योजनाओं को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने का लक्ष्य संबंधित एजेंसियों को दिया गया है। तय समय पर काम पूरा नहीं करने और लापरवाही बरतने वाली एजेंसियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। गर्मी शुरू होने से पहले राजधानी सहित राज्यभर में लोगों को पेयजल संकट का सामना न करना पड़े, इसके लिए अभी से योजनाबद्ध तरीके से काम शुरू कर दिया गया है। सभी लंबित योजनाओं की नियमित समीक्षा की जा रही है, ताकि समय पर काम पूरा कर लोगों को सुचारु जलापूर्ति सुनिश्चित की जा सके।
-योगेंद्र प्रसाद, मंत्री, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।