Ranchi News: स्पा सेंटर की आड़ में चल रहा देह व्यापार, 1200 से 5 हजार रुपये तक है रेट
रांची में स्पा सेंटरों की बढ़ती तादाद चिंता का विषय है जहां नियमों को ताक पर रखकर देह व्यापार किया जा रहा है। शहर के पॉश इलाकों में ये सेंटर खुलेआम चल रहे हैं जहां ग्राहकों से मनमाना शुल्क वसूला जाता है। नियमों का उल्लंघन हो रहा है और पुलिस प्रशासन की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं।

जागरण संवाददाता, रांची। शहर में बढ़ती स्पा सेंटरों की संख्या अब कानून और नैतिकता, दोनों के लिए चुनौती बनती जा रही है। कई स्पा सेंटरों में स्वास्थ्य और रिलेक्सेशन के नाम पर खुलेआम देह व्यापार का खेल चल रहा है।
शहर के कई पाश इलाकों में चल रहे स्पा सेंटरों की आड़ में संदिग्ध गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। बाहर से ये सेंटर भले ही आधुनिक और पेशेवर दिखते हों, लेकिन अंदर का माहौल कुछ और ही कहानी बयां करता है।
कई स्पा सेंटरों में न तो स्टाफ के पास आवश्यक डिप्लोमा है। न ही इनका कोई पुलिस वेरिफिकेशन कराया जाता है। मसाज रूम के दरवाजे पूरी तरह बंद कर दिए जाते हैं।
कई जगहों पर CCTV तक नहीं लगे होते। साफ है कि इन जगहों पर चल रही गतिविधियों पर किसी की नजर नहीं है। सवाल यह है कि इतने स्पष्ट नियमों के बावजूद यह यह खेल कैसे चल रहा है।
स्थानीय पुलिस व निगम की जानकारी में यह सब नहीं है, या फिर सब कुछ मैनेज कर लिया जाता है। शहर में सबसे अधिक लालपुर, रातू रोड, डोरंडा और मेन रोड में स्पा सेंटर धड़ल्ले से चल रहे हैं।
1200 से 5 हजार रुपये तक लिया जाता है चार्ज
शहर के अधिकांश स्पा सेंटरों में एक तय प्रक्रिया के तहत देह व्यापार संचालित किया जा रहा है। किसी भी स्पा सेंटर में ग्राहक के पहुंचते ही सबसे पहले उससे 1200 लिए जाते हैं। इसके बाद ग्राहक को कुछ लड़कियों को दिखाया जाता है।
वह अपनी पसंद के अनुसार एक का चयन करता है। चयन के बाद ग्राहक और युवती एक कमरे में चले जाते हैं। युवती अलग-अलग रेट चार्ट बताकर बताती है कि किस राशि में कौन सी सुविधा मिलेगी।
यह राशि 1200 से लेकर 5000 तक हो सकती है, और ग्राहक को औसतन 45 मिनट का समय दिया जाता है। शहर के कई स्पा सेंटरों में यह प्रक्रिया लगभग एक जैसी है। न कोई निगरानी, न कोई रोक।
रिपोर्टर और स्पा संचालक बीच बातचीत
- रिपोर्टर: आपका नंबर एक व्यक्ति ने दिया है।
- संचालक: जी, बताइए... क्या बात है।
- रिपोर्टर: स्पा सेंटर में आना है।
- संचालक: ठीक है, सेंटर खुला है, आप आ सकते हैं।
- रिपोर्टर: क्या रेट चार्ट है।
- संचालक: सामान्यतः हम सबसे 1600 लेते हैं, लेकिन आपसे 1200 ही लिया जाएगा।
- रिपोर्टर: इसमें क्या-क्या सुविधाएं मिलेंगी।
- संचालक: काउंटर पर 1200 जमा करने के बाद, कमरे में जो रेट तय होगा, वह देना होगा।
- रिपोर्टर: कुल मिलाकर कितना खर्च आएगा। संचालक: 4000 से 5000 के बीच में सारी सुविधाएं मिल जाएंगी।
- रिपोर्टर: ठीक है।
बनाए गए हैं नियम, कहीं नहीं होता है इनका पालन
1. पुरुष और महिला ग्राहकों के लिए पृथक ब्लाक निर्धारित किए जाएंगे, जिनके प्रवेश और निकास मार्ग स्पष्ट रूप से सीमांकित होंगे।
2. मसाज रूम के दरवाजे पूरी तरह बंद नहीं किए जाएंगे, उन्हें आंशिक खुला रखा जाएगा।
3. सभी ग्राहकों के लिए पहचान पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। उनका फोन नंबर और अन्य जानकारी दर्ज की जाएगी।
4. मसाज सेवाएं प्रदान करने वाले कर्मचारियों के पास फिजियोथेरेपी, एक्युप्रेशर अथवा प्रोफेशनल डिप्लोमा मान्यता प्राप्त संस्थान से होना अनिवार्य होगा।
5. स्पा सेंटर में कार्यरत सभी कर्मचारियों की न्यूनतम आयु 18 वर्ष होना आवश्यक होगा।
6. सभी कर्मचारियों का पुलिस चरित्र सत्यापन कराना अनिवार्य।
7. सभी सेंटर्स को अपने परिसर में स्पष्ट रूप से लाइसेंस नंबर, कार्य समय और हेल्पलाइन नंबर प्रदर्शित करना अनिवार्य होगा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।