विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गड्ढों में गुम हो गई राजधानी रांची की सड़कों की रफ्तार, मोरहाबादी से कचहरी चौक तक बदहाल रास्ते

Published: Sat, 28 Nov 2026 07:00 AM (IST)

राजधानी रांची की प्रमुख सड़कें बड़े-बड़े गड्ढों के कारण बदहाल हैं, जिससे वाहन चालकों को भारी परेशानी हो रही है। मोरहाबादी, सिरमटोली चौक, कचहरी चौक और रातू रोड पर गड्ढों में पानी भरने व स्ट्रीट लाइट न होने से दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं।

AI द्वारा बनाई गई तस्वीर।

AI द्वारा बनाई गई तस्वीर।

HighLights

  1. मोरहाबादी से कांके सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे।

  2. सिरमटोली चौक पर स्ट्रीट लाइट की कमी से दुर्घटनाएं।

जागरण संवाददाता, रांची। राजधानी की प्रमुख सड़कों की स्थिति बदहाल हो गई है। शहर के अलग-अलग इलाकों में सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढे वाहन चालकों के लिए परेशानी का सबब बन गए हैं। मोरहाबादी से बोडियो होते हुए कांके जाने वाली सड़क का हाल बेहाल है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं।

इससे इस मार्ग से रोजाना गुजरने वाली बड़ी आबादी को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गड्ढों में पानी जमा होने के कारण वाहन चालकों को उनकी गहराई का अंदाजा नहीं मिल पाता। ऐसे में खासकर बाइक और स्कूटी सवार संतुलन खोकर गिर रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की स्थिति लगातार खराब हो रही है, लेकिन इसकी मरम्मत को लेकर कोई ठोस पहल नहीं दिख रही है।

सिरमटोली चौक पर भी सड़क की स्थिति बेहद खराब है। चौक के आसपास बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। दिन में तो वाहन चालक किसी तरह इन गड्ढों से बचकर निकल जाते हैं, लेकिन रात में परेशानी और बढ़ जाती है। चौक के आसपास पर्याप्त स्ट्रीट लाइट नहीं होने के कारण अंधेरा रहता है।

ऐसे में वाहन चालकों को सड़क पर बने गड्ढे दिखाई नहीं देते। खासकर बाइक और स्कूटी सवार अचानक गड्ढों के सामने आने पर संतुलन खो बैठते हैं और दुर्घटना के शिकार हो रहे हैं। व्यस्त चौक होने के कारण यहां दिनभर वाहनों की आवाजाही रहती है। इसके बावजूद सड़क की मरम्मत और प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त करने की दिशा में प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।

कचहरी चौक की सड़क भी बदहाली से जूझ रही है। शहर के व्यस्ततम चौराहों में शामिल इस चौक पर सड़क की सतह कई जगह खराब हो चुकी है और गड्ढों के कारण वाहन चालकों को संभलकर गुजरना पड़ता है। दिनभर वाहनों का दबाव रहने के कारण यहां गड्ढों से बचने के लिए वाहन चालकों को अचानक दिशा बदलनी पड़ती है। इससे जाम के साथ दुर्घटना का खतरा भी बना रहता है। खासकर दोपहिया वाहन चालकों को अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है।

रातू रोड के नीचे नागाबाबा सब्जी मार्केट के आगे रातू रोड की ओर जाने वाली सड़क का भी यही हाल है। इस मार्ग पर भी जगह-जगह गड्ढे बन गए हैं। सब्जी मार्केट आने-जाने वाले लोगों के साथ इस रास्ते से गुजरने वाले वाहन चालकों को काफी परेशानी हो रही है। गड्ढों के कारण वाहनों की रफ्तार धीमी करनी पड़ती है। कई बार एक साथ वाहन गुजरने के दौरान जाम की स्थिति भी बन जाती है। सड़क पर पानी जमा होने से गड्ढे और खतरनाक हो गए हैं। 

यह भी पढ़ें- न सरकारी सूची में नाम, न अपना परिसर; रांची के धुर्वा बस स्टैंड में यात्रियों के लिए बुनियादी सुविधाएं तक नहीं

यह भी पढ़ें- रांची में बकाया होल्डिंग टैक्स जमा नहीं किया तो सील होंगे प्रतिष्ठान, निगम ने दिया 1 माह का समय

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।