Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    रांची में बकरी चोरी कर भाग रहे दो सगे भाइयों को लोगों ने पकड़ा, जमकर हुई पिटाई; पुलिस ने पहुंचाया अस्पताल

    Updated: Sun, 25 May 2025 11:45 PM (IST)

    रांची के सुखदेवनगर थाना क्षेत्र में ग्रामीणों ने दो युवकों को बकरी चोरी करते पकड़ा और उनकी पिटाई कर दी। सरना स्थल से बकरी चुराकर भाग रहे युवकों को हरमू रोड पर पकड़ा गया। गुस्साए लोगों ने उनकी कार में भी तोड़फोड़ की। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों ने बकरी चोरी की घटनाओं पर चिंता व्यक्त की है।

    Hero Image
    बकरी चोरी कर भाग रहे दो युवकों को लोगों ने पीटा। (जागरण)

    जागरण संवाददाता, रांची। सुखदेवनगर थाना क्षेत्र के पहाड़ी टोला में रविवार को लोगों ने दो युवकों को सरणा स्थल से बकरी चोरी करते रंगेहाथ पकड़ लिया। इसके बाद गुस्साए लोगों ने दोनों युवकों को पीटकर अधमरा कर दिया।

    एक आरोपित ने भीड़ के चंगुल से बचकर भागने की कोशिश की, लेकिन लोगों ने उसे चारों तरफ घेर रखा था। इस कारण वह भाग नहीं सका। गुस्साए लोगों ने आरोपितों की कार को भी नहीं बख्शा, जमकर तोड़फोड़ की।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    लोगों ने बताया कि सरना स्थल से दोनों युवक एक बकरी को चुराकर अपनी कार में लेकर भाग रहे थे, तभी मोहल्ले के कुछ लोगों ने उन्हें देख लिया और शोर मचाना शुरू कर दिया। शोर सुनकर भीड़ जुट गई।

    भीड़ को देखकर दोनों कार की स्पीड बढ़ाकर भागने लगे, लेकिन लोगों ने उनका पीछा किया और हरमू रोड में गोशाला चौक के पास उन्हें पकड़ लिया। इसके बाद दोनों युवकों को सरना स्थल पर ले गए। वहां भीड़ ने दोनों की पिटाई शुरू कर दी।

    घटना की सूचना मिलने पर सुखदेवनगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को अपने कब्जे में लेकर थाना ले गई। घायल युवकों का सदर अस्पताल में मेडिकल कराया गया। पुलिस ने बताया कि दोनों युवकों के खिलाफ बकरी चोरी और अन्य आरोपों में मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच जारी है।

    स्थानीय लोगों ने चिंता व्यक्त की है कि मोहल्ले में बकरी चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं, और इस तरह की कार्रवाई से अन्य चोरों को सबक मिलेगा। बताया जाता है कि दोनों युवक कांटाटोली के रहने वाले हैं और सगे भाई है।