Ranchi Violence News: रांची को दहलाने की साजिश, संप्रदाय विशेष के लोगों ने मचाया उत्पात, इंटरनेट सेवा बंद
Ranchi News रांची मे शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद संप्रदाय विशेष के लोगों ने जबर्दस्त उत्पात मचाया। पुलिस पर फायरिंग पथराव के बाद बजरंगबली मंदिर ...और पढ़ें

रांची, जेएनएन। Ranchi News झारखंड की राजधानी रांची में जबर्दस्त उपद्रव हुआ है। जुमा के नमाज के बाद इकरा मस्जिद इलाके में अराजक तत्वों ने पुलिस पर हमला बोल दिया। आगजनी, पथराव, फायरिंग में एक व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि 12 से अधिक लोग घायल हैं। एक पुलिसवाले को भी गोली लगी है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने लोगों से शांति की अपील की है। आज के बवाल के पीछे नुपूर शर्मा के बयान को कारण बताया गया है। संप्रदाय विशेष के लोग इसके विरोध में सड़क पर उतरे और देखते-देखते पूरी भीड़ हिंसक हो गई। मंदिर में भी तोड़-फोड़ की गई है। बिहार के मंत्री नितीन नवीन को भी उपद्रवियों ने निशाना बनाया। उनके काफिले पर हमला किया गया, हालांकि वो बाल-बाल बच गए।
#WATCH | Jharkhand: Protest over the controversial remarks by suspended BJP leader Nupur Sharma turned violent in Ranchi. Vehicles were torched and vandalised and stone-pelting occurred. Injuries reported. pic.twitter.com/Z5FIndjZzf
— ANI (@ANI) June 10, 2022
रांची मे बवाल के बाद अब इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई हैं। अफवाहों पर लगाम लगाने के लिए रांची जिला प्रशासन ने जियो फाइबर समेत दूसरे मोबाइल सेवा प्रदाता कंपनियों की इंटरनेट सेवा फिलहाल बंद करा दी है। कुछ इलाकों में रांची सदर एसडीओ के आदेश से धारा 144, कर्फ्यू लगाया गया है। दैनिक जागरण संवाददाता ने बताया कि रांची मे शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद संप्रदाय विशेष के लोगों ने शहर में जबर्दस्त तांडव मचाया। पुलिस पर फायरिंग, पथराव के बाद मंदिरों में तोड़-फोड़ की गई। भारी हिंसा और बवाल के बाद कुछ इलाकों में कर्फ्यू लगाया गया है। इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई है। इस घटना में रांची के हिंदपीढ़ी इलाके के लोगों के अलावा बाहरी उपद्रवी के शामिल होने की बात बताई जा रही है।

लोग धैर्य रखें, किसी जुर्म में शरीक न हों : हेमंत सोरेन
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शुक्रवार को राजधानी रांची में उपद्रव की घटनाओं पर अफसोस जताया। प्रोजेक्ट भवन सचिवालय में संवाददाताओं से बातचीत में उन्होंने कहा कि यह घटना निश्चित रूप से चिंता का विषय है। लोग धैर्य रखें और किसी भी जुर्म में शरीक न हों। उन्होंने कहा कि आज की घटना से जुड़े विषय पर भी चिंता की आवश्यकता है। कहीं न कहीं हम सब बहुत सुनियोजित तरीके से कुछ ऐसी शक्तियों का शिकार हो रहे हैं। जिसका परिणाम हम सबको भुगतना पड़ेगा। झारखंड की जनता संवेदनशील रही है और वर्तमान हालात में हम परीक्षा की घड़ी से गुजर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हो सकता है कि कठिन परीक्षाएं भी हों, लेकिन धैर्य खोने की आवश्यकता नहीं है।
यह भी पढ़ें : Ranchi Violence Live: रांची में भारी हिंसा, फायरिंग, आगजनी, इकरा मस्जिद के इलाके में कर्फ्यू
यहां देखें पूरा घटनाक्रम
- रांची में जुमे की नमाज के बाद हिंसक भीड़ का उपद्रव, पत्थरबाजी, जमकर चली गोलियां, एक की मौत, दो दर्जन से अधिक चोटिल
- संवेदनशील क्षेत्रों में लगा कर्फ्यू, रांची पुलिस के अलावा, जैप, रैप, एसआइआरबी, एसआइएसएफ व झारखंड एटीएस के जवानों ने संभाला मोर्चा
- उपद्रवियों ने बजरंगबली मंदिर पर भी जमकर की पत्थरबाजी, तोड़फोड़, लगाए धर्म-विशेष के नारे
- घटना के बाद दूसरे समुदाय में भी उबाल, स्थिति तनावपूर्ण, लेकिन नियंत्रण में
- आइजी मानवाधिकार के नेतृत्व में पुलिस-प्रशासन के सीनियर अफसरों ने रांची को संभाला
- पुलिस व उपद्रवियों के बीच जमकर गोलीबारी, कुछ को गोली लगने की भी है सूचना
- दो दर्जन से अधिक छोटी-बड़ी गाड़ियों को भी किया चकनाचूर
- मेन रोड में एकरा मस्जिद से बजरंगबली मंदिर तक सड़क पर बिखरे पत्थर दे रहे थे उपद्रव की गवाही।
- हेलमेट ने बचाई एसएसपी की जान, पत्थर लगने से सिर पर ही टूटकर बिखर गया
- चोटिल हुए रांची के एसएसपी
- रांची को दहलाने की चल रही थी साजिश
- दो दिनों से हिंदपीढ़ी में लिखी जा रही थी उपद्रव की पटकथा, पुलिस को भनक तक नहीं
- पुलिस की सूचना तंत्र रही फेल
- सुबह से मेन रोड के एकरा मस्जिद के पास पसरा था सन्नाटा, नमाज के बाद हजारों की तदाद में एक साथ निकली भीड़, पुलिस की सीमित संख्या का उठाया लाभ
- उपद्रव में बाहरी तत्व भी रहे मौजूद, आम लोगों को भड़काया
- रांची के सभी थाने अलर्ट, धार्मिक स्थलों की सुरक्षा कड़ी, संवेदनशील जगहों पर गश्त तेज
रांची में हिंसा पर भड़के भाजपा नेता, सरकार की मंशा पर सवाल
राजधानी रांची में भड़की हिंसा की भाजपा की कड़ी आलोचना करते हुए राज्य सरकार पर निशाना साधा है। भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी और पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवर दास ने हिंसा के लिए सीधे तौर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनके सूचना तंत्र को जवाबदेह ठहराया है। भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी ने लगातार ट्वीट कर राज्य सरकार पर निशाना साधा। मरांडी ने कहा कि दिन के दो बजे प्रशासन ने राजधानी रांची के जिस मेन रोड सड़क पर फ्लैग मार्च निकाला ठीक वहीं तीन बजे इतनी बड़ी वारदात हुई है। असामाजिक तत्वों के पत्थरबाजी और गोली चलाने के जवाब में पुलिस को गोली चलानी पड़ रही है। आखिर कहां सोया हुआ था, झारखंड का सूचना तंत्र। कहा, हथियार, पत्थर के साथ इतने बड़े पैमाने पर उपद्रव अनायास नहीं हो सकता। जाहिर है, इसके पीछे बड़ी साजिश होगी।
रांची के मेन रोड में जहां दो दिन पहले जेवर व्यवसायी की दिनदहाड़े हत्या हुई, वहां भी उपद्रवी पत्थर चलाते दिख रहे हैं। निश्चित रूप से ये सुरक्षा तंत्र और प्रशासन की विफलता है। बाबूलाल ने मुख्यमंत्री को सीधे निशाने पर लेते हुए कहा कि तुष्टीकरण और लूट की राजनीति में आपने झारखंड को किस मोड़ पर लाकर खड़ा कर दिया है। कभी दिल पर हाथ रखकर अकेले में जरूर सोचिएगा कि इतिहास में आपकी तुलना किस निरंकुश, अयोग्य, अज्ञानी एवं भ्रष्टाचारी शासक से की जाएगी।
उन्होंने कहा कि राजधानी रांची को अशांत करने की यह कोशिश कभी सफल नहीं होगी। लोकतंत्र में किसी विषय, मुद्दे पर विरोध करना संवैधानिक अधिकार है लेकिन उपद्रव करने की छूट किसी को नहीं मिलनी चाहिए। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जवानों पर पत्थर चलाने वाले असामाजिक तत्वों से सख्ती से निपटने का आदेश दें। इधर, भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवर दास ने राजधानी रांची के मेन रोड में असामाजिक तत्वों द्वारा की गई तोड़फोड़ की कड़ी भर्त्सना करते हुए कहा कि सरकार वोट बैंक की राजनीति छोड़कर दोषियाें पर कड़ी कार्रवाई करे। नहीं तो इस तरह की घटनाएं आने वाले दिनों में और बढ़ेंगी।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।