Maiya Samman Yojana: दफ्तरों का चक्कर काट रहीं 10 हजार से अधिक लड़कियां, वजह है मंईयां सम्मान योजना; ये है मामला
पलामू जिले में मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना से 18 वर्ष की युवतियां वंचित हैं क्योंकि पोर्टल में ऑनलाइन पंजीकरण का विकल्प नहीं है। लगभग 10000 से अधिक युवतियां प्रभावित हैं जो जनवरी से अंचल कार्यालयों के चक्कर काट रही हैं। प्रज्ञा केंद्र से करार खत्म होने के बाद सरकार ने नया पोर्टल लांच किया लेकिन तकनीकी खामियों के कारण पंजीकरण रुका हुआ है।

जागरण संवाददाता, मेदिनीनगर (पलामू)। झारखंड सरकार की महत्वाकांक्षी मंईयां सम्मान योजना की अर्हता रखने के बावजूद बीते छह महीने से 18 साल पूरा कर चुकी युवतियां इस योजना का लाभ नहीं ले पा रही हैं।
योजना का लाभ लेने के लिए उनका ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन ही नहीं हो पा रहा है। पलामू जिले की 10 हजार से अधिक युवतियां एक जनवरी को 18 वर्ष की उम्र पूरी कर मतदान करने योग्य हो गई हैं।
जनवरी से अब तक इनकी संख्या में और इजाफा हुआ है। ऐसी हजारों युवतियां अपने-अपने अंचल कार्यालयों का पिछले छह महीने से चक्कर लगा रही हैं।
अंचल कार्यालय से एक ही जवाब मिलता है कि पोर्टल में इंट्री का विकल्प नहीं होने के कारण आनलाइन रजिस्ट्रेशन नहीं हो रहा है। इसमें वैसी महिलाएं भी हैं, जो किसी कारणवश उस समय रजिस्ट्रेशन नहीं करवा सकी थीं।
प्रज्ञा केंद्र के साथ करार समाप्त होने के बाद बढ़ी परेशानी
महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग से जुलाई 2024 में मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना की शुरुआत हुई थी। उस समय राज्य सरकार का प्रज्ञा केंद्र के साथ करार हुआ था।
प्रज्ञा केंद्र के माध्यम से लाभार्थियों का ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन हो रहा था। आनलाइन रजिस्ट्रेशन में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी पाए जाने के बाद झारखंड सरकार ने दिसंबर 2024 में प्रज्ञा केंद्र के साथ करार समाप्त कर अपना पोर्टल लांच कर दिया।
जिसमें ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की जिम्मेवारी सीओ सह बीडीओ कार्यालय को दी गई। लेकिन,लांच के बाद से ही पोर्टल में तकनीकी गड़बड़ी आने से आनलाइन रजिस्ट्रेशन ठप हो गया। बरहाल, पोर्टल में नया आवेदन इंट्री का विकल्प उपलब्ध नहीं है।
फिलहाल पलामू जिला में 18 से 50 वर्ष तक की 3,49,080 लाख महिला लाभुकों को सीएम मंईयां सम्मान योजना का लाभ मिल रहा है। इनके खाते में डीबीटी के माध्यम से बैंक एकाउंट में हर महीने 2500 रुपए दी जा रही है।
मुख्यमंत्री मईया सम्मान योजना के पोर्टल में इंट्री का विकल्प नहीं होने के कारण आवेदन की इंट्री नहीं हो रही है। पोर्टल पर इंट्री का विकल्प मिलने पर ही नए आवेदन का इंट्री होगा।-विक्रम आनंद, सहायक निदेशक, जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।