JPSC ने शुरू की गैर-शिक्षण पदों पर भर्ती, 18 सितंबर से भरे जाएंगे ऑनलाइन फॉर्म; जानिए डिटेल
झारखंड लोक सेवा आयोग ने विश्वविद्यालयों में 23 गैर-शैक्षणिक पदों के लिए नियुक्ति प्रक्रिया शुरू की है। इन पदों में रजिस्ट्रार डिप्टी रजिस्ट्रार परीक्षा नियंत्रक और वित्त पदाधिकारी शामिल हैं। ऑनलाइन आवेदन 18 सितंबर से 8 अक्टूबर तक भरे जाएंगे और चयन साक्षात्कार के माध्यम से होगा। ये सभी पद अनारक्षित हैं हालांकि आरक्षित श्रेणी के अभ्यर्थी भी आवेदन कर सकते हैं।

राज्य ब्यूरो, रांची। झारखंड लोक सेवा आयोग ने राज्य के विश्वविद्यालयों में गैर शैक्षणिक पदाधिकारियों की नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू कर दी है। विभिन्न विश्वविद्यालयों में कुल 23 पदों पर नियुक्ति होगी, जिनमें रजिस्ट्रार, डिप्टी रजिस्ट्रार, असिस्टेंट रजिस्ट्रार, परीक्षा नियंत्रक, वित्त पदाधिकारी तथा उपनिदेशक-फिजिकल एजुकेशन के पद सम्मिलित हैं।
इन पदों के विरुद्ध नियुक्ति के लिए 18 सितंबर से आठ अक्टूबर तक वन टाइम रजिस्ट्रेशन सिस्टम के तहत ऑनलाइन फॉर्म भरे जाएंगे। आठ अक्टूबर से नौ अक्टूबर शाम पांच बजे तक सिर्फ परीक्षा शुल्क जमा करने के लिए लिंक खुला रहेगा।
ऑनलाइन आवेदन की प्रिंट कापी 21 अक्टूबर तक आयोग कार्यालय में जमा होगी। नियुक्ति 100 अंकों के साक्षात्कार के आधार पर होगी। इसके पहले आवेदनाें की स्क्रूटनी के साथ मेधा सूची तैयार की जाएगी। बताते चलें कि विश्वविद्यालयों में गैर शैक्षणिक पदाधिकारियों के ये पद लंबे समय से रिक्त हैं। कई विश्वविद्यालयों में प्रभार से काम चलाया जा रहा है।
सबसे अधिक वित्त पदाधिकारी के पद
सबसे अधिक पद वित्त पदाधिकारी के हैं। राज्य के सभी नौ विश्वविद्यालयों रांची विश्वविद्यालय, सिदो कान्हू विश्वविद्यालय, नीलांबर-पीतांबर विश्वविद्यालय, विनोबा भावे विश्वविद्यालय, कोल्हान विश्वविद्यालय, जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय तथा रक्षा शक्ति विश्वविद्यालय में एक-एक वित्त पदाधिकारी यानी कुल नौ पदों पर नियुक्ति होगी।
कोल्हान विश्वविद्यालय को छोड़कर अन्य सभी विश्वविद्यालयों में परीक्षा नियंत्रक (कुल आठ पद) की नियुक्ति होगी। रक्षा शक्ति विश्वविद्यालय तथा डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय में रजिस्ट्रार (दो पद) के पद पर नियुक्ति होगी।
इसी तरह, विनोबा भावे विश्वविद्यालय तथा रक्षा शक्ति विश्वविद्यालय में डिप्टी रजिस्ट्रार (दो पद) तथा रक्षा शक्ति विश्वविद्यालय में असिस्टेंट रजिस्ट्रार तथा उपनिदेशक-शारीरिक शिक्षा के एक-एक पद पर नियुक्ति होगी।
अनारक्षित हैं सभी पद
विश्वविद्यालयों में नियुक्त होने वाले ये सभी गैर शैक्षणिक पद अनारक्षित श्रेणी के हैं। इन पदों पर नियुक्ति के लिए आरक्षित श्रेणी के अभ्यर्थी भी आवेदन कर सकते हैं, लेकिन उन्हें आरक्षण का लाभ नहीं मिलेगा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।