Back Image

Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    Jharkhand Weather: रांची समेत कई जिलों में भारी बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट, IMD ने दिया पूरा अपडेट

    By kumar Gaurav Edited By: Rajesh Kumar
    Updated: Tue, 15 Jul 2025 09:09 AM (IST)

    रांची समेत पूरे झारखंड में मानसून सक्रिय है जिससे लोगों की परेशानी बढ़ गई है। पिछले 24 घंटों में भारी बारिश और वज्रपात से 12 लोगों की मौत हो गई है। मौसम विभाग ने 16 जुलाई तक भारी बारिश और वज्रपात का अलर्ट जारी किया है। लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है क्योंकि बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती परिसंचरण के कारण बारिश की संभावना है।

    Hero Image
    पिछले 24 घंटों में भारी बारिश और वज्रपात से 12 लोगों की मौत हो गई है। फाइल फोटो

    जागरण संवाददाता, रांची। राजधानी रांची समेत पूरे राज्य में सक्रिय मानसून ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। पिछले 24 घंटे में भारी बारिश और वज्रपात से 12 लोगों की मौत हो गई है। इन घटनाओं के बाद मौसम विज्ञान केंद्र रांची ने सर्कुलर जारी कर आम जनता से सतर्क रहने की अपील की है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    जारी पूर्वानुमान में बताया गया है कि 16 जुलाई तक राजधानी समेत 13 जिलों में भारी बारिश और वज्रपात को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।

    मौसम विज्ञान केंद्र रांची की ओर से जारी निर्देश में बताया गया कि दक्षिण-पूर्वी गंगीय पश्चिम बंगाल और उससे सटे बांग्लादेश के ऊपर एक स्पष्ट निम्न दबाव का क्षेत्र बना है।

    यह उसी क्षेत्र में अवदाब के रूप में केंद्रित होकर कोलकाता से लगभग 70 किलोमीटर उत्तर-पूर्व और बर्धमान जिले से 100 किलोमीटर पूर्व-दक्षिण-पूर्व में केंद्रित हो गया।

    अगले 24 घंटे के दौरान इसके गंगीय पश्चिम बंगाल होते हुए पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने की संभावना है। इसका सीधा असर झारखंड और आसपास के राज्यों में भी देखने को मिलेगा।

    15 जुलाई को राज्य के उत्तर-पश्चिमी भाग यानी पलामू, गढ़वा, चतरा, कोडरमा, लातेहार और लोहरदगा के साथ-साथ इससे सटे मध्य भाग यानी रांची, रामगढ़, हजारीबाग, गुमला, बोकारो और खूंटी के साथ-साथ गिरिडीह, देवघर, धनबाद, जामताड़ा, सरायकेला और पूर्वी सिंहभूम में भारी वर्षा और बिजली गिरने को लेकर येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

    इन जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। वहीं 16 जुलाई को उत्तर-पश्चिमी भाग के साथ-साथ पूर्वोत्तर क्षेत्र यानी देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुड़, गिरिडीह, धनबाद और साहिबगंज में कुछ जगहों पर भारी वर्षा को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

    वहीं इससे सटे मध्य भाग में भारी वर्षा और बिजली गिरने को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि 15 और 16 जुलाई को राज्य के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ-साथ भारी बारिश की प्रबल संभावना है।

    उन्होंने बताया कि अगले तीन दिनों यानी 15, 16 और 17 जुलाई को राज्य के अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है, जिसके बाद अगले दो दिनों यानी 18 और 19 जुलाई तक तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है।

    ऐसा रहा मौसम

    पिछले 24 घंटों के मौसम की बात करें तो पूरे राज्य में मानसून की सक्रियता सामान्य रही। लगभग सभी जगहों पर गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जबकि कुछ जगहों पर भारी बारिश हुई। सबसे अधिक 174.6 मिमी बारिश पूर्वी सिंहभूम के घाटशिला में दर्ज की गई।

    सबसे अधिक अधिकतम तापमान 36.1 डिग्री सेल्सियस गढ़वा में जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस लातेहार में दर्ज किया गया। वहीं, राजधानी रांची का अधिकतम तापमान 31.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस रहा।

    रविवार को राज्य में मौसम का कहर बरपा

    राज्य के विभिन्न जिलों में बिजली गिरने से 12 लोगों की मौत हो गई। जबकि सात लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं। इनमें से कई लोग खेतों में काम करते समय बिजली की चपेट में आए।

    रविवार को हुई बिजली गिरने की घटनाओं में गिरिडीह और दुमका जिले सबसे ज्यादा प्रभावित हुए, जहां तीन-तीन लोगों की मौत हो गई।

    मौसम पूर्वानुमान में कहा गया है कि राज्य के लोगों को अभी बारिश से राहत मिलने की संभावना नहीं है। मौसम विज्ञान केंद्र रांची ने 16 जुलाई तक भारी बारिश और वज्रपात की संभावना को लेकर अलर्ट जारी किया है।

    बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती परिसंचरण और निम्न दबाव के क्षेत्र के कारण राज्य में 16 जुलाई तक बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, खूंटी और गुमला जिले के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि रांची, लोहरदगा, गिरिडीह, देवघर, धनबाद, जामताड़ा, सरायकेला और पूर्वी सिंहभूम में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।

    झारखंड की राजधानी रांची समेत दूसरे जिलों के मौसम का हाल जानने के लिए यहां क्लिक करें।