सूर्या हांसदा हत्याकांड पर भाजपा का प्रदर्शन, विधायक सीपी सिंह बोले- जनता त्राहिमाम कर रही
झारखंड में भाजपा ने आदिवासी नेता सूर्या हांसदा की हत्या की सीबीआई जांच की मांग को लेकर राज्य सरकार पर हमला बोला। बाबूलाल मरांडी ने चेतावनी दी कि जांच न होने पर भाजपा चुप नहीं बैठेगी। भाजपा ने जिला स्कूल मैदान से उपायुक्त कार्यालय तक आक्रोश मार्च निकाला और राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा। सीपी सिंह ने सरकार पर आदिवासियों के शोषण का आरोप लगाया।

जागरण संवाददाता, रांची। झारखंड में कथित फर्जी एनकाउंटर में मारे गए संथाल के आदिवासी नेता सूर्या हांसदा की हत्या को लेकर भाजपा ने राज्य सरकार पर सीधा हमला बोला है।
बाबूलाल मरांडी ने सरकार से इस पूरे मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग की और चेतावनी दी कि यदि जांच नहीं हुई तो आदिवासी समाज और भाजपा दोनों चुप नहीं बैठेंगे।
इसी मुद्दे पर भाजपा रांची महानगर की ओर से जिला स्कूल मैदान से उपायुक्त कार्यालय तक आक्रोश मार्च निकाला गया। सैकड़ों कार्यकर्ता झंडा–बैनर और तख्तियां लिए सरकार विरोधी नारे लगाते हुए जुलूस की शक्ल में उपायुक्त कार्यालय पहुंचे।
यहां प्रदर्शन के बाद सभा का आयोजन किया गया और राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा गया। भाजपा विधायक सीपी सिंह ने आरोप लगाया कि राज्य में अपराध और भ्रष्टाचार चरम पर है। हत्या, लूट और बलात्कार की घटनाओं से जनता त्राहिमाम कर रही है।
उन्होंने कहा कि खुद को अबुआ सरकार कहने वाली हेमंत सरकार में आदिवासियों का शोषण हो रहा है। महानगर अध्यक्ष वरुण साहू ने चेतावनी दी कि जब तक सूर्या हांसदा की हत्या की सीबीआई जांच नहीं होती, भाजपा चैन से नहीं बैठेगी।
रिम्स-2 का निर्माण अन्य जगह पर हो
उन्होंने नगड़ी में आदिवासी रैयतों की जमीन अधिग्रहण का मुद्दा उठाते हुए कहा कि सरकार जबरन जमीन छीन रही है। जल, जंगल और जमीन की रक्षा का दंभ भरने वाली हेमंत सरकार आज आदिवासियों की सबसे बड़ी दुश्मन बन चुकी है।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि रिम्स-2 का निर्माण अन्य जगह पर किया जाए, नगड़ी के आदिवासियों की जमीन पर नहीं।
बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल
इस मौके पर प्रदेश मंत्री गणेश मिश्रा, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी योगेंद्र प्रताप, प्रदेश प्रवक्ता प्रदीप सिन्हा, अजय शाह, सत्यनारायण सिंह, मनोज मिश्रा, केके गुप्ता, सुबोध सिंह गुड्डू, रमेश सिंह, संजय जयसवाल, अरुण झा, मुकेश मुक्ता, ऊषा पांडेय, सुनील साहू, ओम प्रकाश, रोशनी खलखो, बलराम सिंह, जितेंद्र वर्मा, राजू सिंह, बसंत दास, अनीता वर्मा, संजीव चौधरी, विनय सिंह, सुरेश प्रसाद, विकास रवि, बालसाय महतो, पूनम जयसवाल, बीना मिश्रा सहित भारी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।