Jharkhand Politics: मंडल से लेकर प्रदेश तक मोदी सरकार की उपलब्धियां बताएगी भाजपा, आदिवासियों पर फोकस
भाजपा केंद्र में मोदी सरकार के 11 साल पूरे होने पर राज्यव्यापी कार्यक्रम आयोजित कर रही है। केंद्रीय नेता राज्य का दौरा करेंगे और सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाएंगे। कार्यक्रमों में शिक्षा स्वास्थ्य और सड़क परियोजनाओं जैसे क्षेत्रों में सरकार द्वारा किए गए कार्यों को दर्शाया जाएगा। आदिवासी समाज के लिए विशेष रूप से किए गए कार्यों पर भी प्रकाश डाला जाएगा।

राज्य ब्यूरो, रांची। केंद्र में नरेन्द्र मोदी सरकार के 11 वर्ष पूरे होने पर भाजपा राज्यभर में कार्यक्रम का आयोजन कर रही है। इसमें केंद्रीय नेताओं की उपस्थिति भी होगी। 25 जून तक चलने वाले कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री राज्य का दौरा करेंगे। 10 जून को रांची में पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति इरानी का संवाद कार्यक्रम आयोजित है।
19 जून को रातू रोड एलिवेटेड रोड का शिलान्यास करने आ रहे केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी युवा प्रोफेशनल्स के साथ संवाद करेंगे।
इसके अलावा केंद्रीय मानव संसाधन मंंत्री धर्मेंद्र प्रधान के कार्यक्रम की स्वीकृति भी मिलने वाली है। ये सभी नेता नरेन्द्र मोदी सरकार के 11 वर्ष पूरे होने पर राज्य के लिए किए गए कार्यों से जनता को अवगत कराएंगे।
मंडल स्तर से लेकर प्रदेश स्तर तक के कार्यक्रम में मोदी सरकार के कार्यक्रमों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता अजय साह ने बताया कि 11 सालों में केंद्र सरकार की तरफ से राज्य के सभी समुदाय विशेषकर आदिवासी समाज के लिए किए गए कार्यों की जानकारी पार्टी के नेता देंगे।
शिक्षा, स्वास्थ्य और सड़क परियोजनाओं का बताएंगे आंकड़ा
केंद्र सरकार की तरफ से राज्य को 11 सालों में मिली सहायता राशि का पूरा चार्ट भाजपा की प्रदर्शनी में लगाया जाएगा। इसके अलावा जिला स्तर पर केंद्र से मिली मदद और उससे धरातल पर मिले फायदे की जानकारी भी दी जाएगी।
राज्य में बने एकलव्य स्कूल, आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थी का आंकड़ा भी प्रदर्शित किया जाएगा। राज्य में केंद्रीय मदद से नेशनल हाइवे और स्टेट हाइवे में बनी सड़कों की सूची भी प्रदर्शनी में शामिल की जाएगी।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।