रांची में ऑटो व ई-रिक्शा के लिए रूट होगा निर्धारित, मिलेगी जाम से मुक्ति
रांची नगर निगम क्षेत्र में ऑटो और ई-रिक्शा के परिचालन को सुव्यवस्थित करने की योजना है। प्रशासक सुशांत गौरव ट्रैफिक को-आर्डिनेशन कमेटी की बैठक बुलाएंगे जिसमें सभी हितधारकों की भागीदारी होगी। निगम ने ऑटो के लिए 17 और ई-रिक्शा के लिए 113 रूट तय किए हैं। इसके अतिरिक्त 240 सिटी बसों के परिचालन के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है।

जागरण संवाददाता, रांची। नगर निगम क्षेत्र में ऑटो और ई-रिक्शा का परिचालन जल्द ही दुरुस्त किया जाएगा। नगर निगम के प्रशासक सुशांत गौरव ने बताया कि ट्रैफिक को-आर्डिनेशन कमेटी की बैठक बुलाई जाएगी, जिसमें सभी स्टेकहोल्डर्स की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
वर्तमान में नगर निगम क्षेत्र के प्रमुख मार्गों पर ऑटो और ई-रिक्शा का परिचालन हो रहा है, जिसके कारण कई स्थानों पर जाम की समस्या उत्पन्न हो रही है।
अगस्त 2024 में आरटीए द्वारा आटो के लिए 17 रूट निर्धारित किए गए थे, जबकि रांची नगर निगम ने ई-रिक्शा के लिए 113 रूट तय किए थे।
पूर्व प्रशासक अमीत कुमार द्वारा घोषित रूटों के खिलाफ झारखंड प्रदेश सीएनजी आटो चालक महासंघ, रांची जिला आटो चालक यूनियन और रांची जिला ई-रिक्शा यूनियन ने तीन दिनों तक चक्का जाम किया था।
यूनियन ने मांग की थी कि ऑटो के लिए निर्धारित रूटों पर रोक लगाई जाए और ई-रिक्शा के रूट को रद किया जाए। इसके अलावा, रांची नगर निगम ने 240 सिटी बसों के परिचालन के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली है। एजेंसी का चयन भी किया जा चुका है।
राज्य शहरी विकास अभिकरण (सूडा) से स्वीकृति मिलने के बाद इन बसों का परिचालन शुरू होगा। नगर निगम ने नागाबाबा खटाल के पास सिटी बस डिपो बनाने की योजना बनाई है, इस पर लगभग 2.50 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
240 सिटी बसें चलेंगी
रांची नगर निगम ने 240 सिटी बसों के परिचालन के लिए टेंडर के जरिए एजेंसी का चयन कर लिया है। राज्य शहरी विकास अभिकरण (सूडा) से स्वीकृति मिलते ही बसों का परिचालन शुरू हो जाएगा।
नगर निगम ने नागाबाबा खटाल के पास सिटी बस डिपो का निर्माण कराने की भी तैयारी कर ली है। लगभग 2.50 करोड़ रुपये की लागत से सिटी बस डिपो बनेगा। 240 सिटी बसों में से पांच डबल डेकर एसी इलेक्ट्रिक बस, 19 एसी इलेक्ट्रिक बस व 220 डीजल सिटी बस होंगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।