रातू रोड के जाम से मिलेगी राहत, रांची के नागा बाबा खटाल में बनेगा 300 ऑटो की क्षमता वाला आधुनिक ऑटो स्टैंड
रांची में नागा बाबा खटाल के पास 1.80 करोड़ रुपये की लागत से एक आधुनिक ऑटो स्टैंड का निर्माण हो रहा है, जिसका लक्ष्य 10 दिसंबर तक पूरा करना है। यह स्टैंड 300 से अधिक ऑटो के लिए पार्किंग और यात्रियों हेतु सुविधाएं प्रदान करेगा।

AI द्वारा बनाई गई तस्वीर।
HighLights
नागा बाबा खटाल के पास बन रहा आधुनिक ऑटो स्टैंड।
1.80 करोड़ रुपये की लागत, 10 दिसंबर तक पूरा होगा।
जागरण संवाददाता, रांची। रातू रोड चौक और किशोरी यादव चौक के आसपास लगने वाले जाम से राहत दिलाने के लिए नागा बाबा खटाल वेजिटेबल मार्केट के समीप आधुनिक ऑटो स्टैंड बनाया जा रहा है। रांची नगर निगम की जमीन पर करीब 1.80 करोड़ रुपये की लागत से विकसित हो रहे।
इस स्टैंड में 300 से अधिक ऑटो के खड़े होने की व्यवस्था होगी। निगम ने 10 दिसंबर तक निर्माण कार्य पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। सब कुछ तय योजना के अनुसार हुआ तो नववर्ष में शहरवासियों को यह सुविधा मिलने लगेगी।
नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने बुधवार को निर्माणाधीन ऑटो स्टैंड का निरीक्षण कर कार्य की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण निर्माण पूरा करने का निर्देश दिया। परिसर में आरसीसी कार्य कराया जा रहा है। ऑटो के व्यवस्थित आवागमन के लिए वेजिटेबल मार्केट की ओर से प्रवेश और पिछले हिस्से से निकास की व्यवस्था की जा रही है।
पड़ाव के साथ यात्रियों के लिए भी सुविधाएं
ऑटो स्टैंड को केवल पार्किंग स्थल के रूप में नहीं, बल्कि यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखकर विकसित किया जा रहा है। इसके तहत यात्री शेड, पेयजल और जल निकासी की व्यवस्था होगी। ऑटो के लिए अलग-अलग पड़ाव निर्धारित कर उनकी मार्किंग और नंबरिंग कराई जाएगी, ताकि चालक तय स्थान पर ही आटो खड़ा करें। इससे परिसर में अव्यवस्था नहीं होगी और यात्रियों को ऑटो तलाशने में भी परेशानी नहीं होगी।
नगर आयुक्त ने परिसर की दीवारों पर आकर्षक पेंटिंग कराने और नागरिकों से मिलने वाले सुझावों के आधार पर जरूरी सुधार करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण स्वीकृत डिजाइन और निर्धारित मानकों के अनुरूप होना चाहिए।
सड़क पर ऑटो खड़े होने से मिलेगी राहत
रातू रोड चौक और किशोरी यादव चौक के आसपास सड़क किनारे ऑटो खड़े होने से अक्सर यातायात प्रभावित होता है। निर्धारित पड़ाव नहीं होने के कारण चालक सड़कों पर ही ऑटो लगाते हैं, जिससे जाम की स्थिति बनती है। नया स्टैंड शुरू होने के बाद आटो को एक निश्चित स्थान मिलेगा।
इससे सड़क पर अव्यवस्थित पार्किंग कम होने और यातायात सुचारु होने की उम्मीद है। निरीक्षण के दौरान कार्यपालक अभियंता संजीव कुमार समेत निगम के अन्य अभियंता और पदाधिकारी मौजूद थे।
यह भी पढ़ें- रांची-पटना जाने वालों को मिलेगी राहत! 121.70 करोड़ से बदलेगी बरही-हजारीबाग सड़क की सूरत; बनेगी मॉडल रोड
यह भी पढ़ें- रांची में 1100 करोड़ की जलापूर्ति योजना, मई 2027 तक राजधानी के 15 हजार घरों तक पहुंचेगा पानी
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।