रांची-पटना जाने वालों को मिलेगी राहत! 121.70 करोड़ से बदलेगी बरही-हजारीबाग सड़क की सूरत; बनेगी मॉडल रोड
बरही से हजारीबाग के बीच 40.4 किलोमीटर राष्ट्रीय राजमार्ग का 121.70 करोड़ रुपये की लागत से सुदृढ़ीकरण और नवीनीकरण किया जाएगा। एनएचएआई द्वारा इस मार्ग को मॉडल रोड के रूप में विकसित कर आधुनिक सुरक्षा सुविधाओं से लैस किया जाएगा।

AI द्वारा बनाई गई तस्वीर।
HighLights
40.4 किलोमीटर सड़क का सुदृढ़ीकरण और नवीनीकरण होगा।
पांच स्थानों पर 25 मीटर ऊंचे हाई मास्ट लगेंगे।
क्रैश बैरियर, सोलर मार्कर से सुरक्षित होगा सफर।
विकास कुमार, हजारीबाग। बरही से हजारीबाग के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग पर सफर करने वाले लोगों को जल्द ही बेहतर सड़क और आधुनिक यातायात सुविधाएं मिलने की उम्मीद है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने इस मार्ग को मॉडल रोड के रूप में विकसित करने की पहल की है।
इसके तहत बरही से हजारीबाग तक 40.4 किलोमीटर सड़क का सुदृढ़ीकरण और नवीनीकरण किया जाएगा। पूरी परियोजना पर 121.70 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। इसके लिए एनएचएआइ ने दो अलग-अलग पैकेजों में निविदा आमंत्रित की है। योजना के तहत सड़क की खराब सतह को दुरुस्त करने के साथ आधुनिक तकनीक से नई परत बिछाई जाएगी।
वहीं, यातायात संकेतक, क्रैश बैरियर, सोलर रोड मार्कर और बेहतर प्रकाश व्यवस्था विकसित की जाएगी। एनएचएआइ के प्रोजेक्ट डायरेक्टर आशुतोष सोनी की पहल पर तैयार इस परियोजना का उद्देश्य सड़क की गुणवत्ता सुधारने के साथ यात्रियों को सुरक्षित और आरामदायक आवागमन उपलब्ध कराना है। मार्ग पर बढ़ते यातायात दबाव और इसकी उपयोगिता को देखते हुए समग्र विकास की योजना बनाई गई है।
दो पैकेजों में होगा 40.4 किलोमीटर सड़क का कायाकल्प
परियोजना को दो हिस्सों में बांटकर काम कराया जाएगा। पहले पैकेज में किलोमीटर 0.000 से 13.500 तक कुल 13.5 किलोमीटर सड़क का सुदृढ़ीकरण और नवीनीकरण किया जाएगा। इस कार्य पर 39.83 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। वहीं, दूसरे पैकेज में किलोमीटर 13.500 से 40.400 तक 26.9 किलोमीटर सड़क का उन्नयन होगा।
इसके लिए 81.87 करोड़ रुपये की अनुमानित राशि निर्धारित की गई है। दोनों पैकेजों को मिलाकर सड़क विकास पर कुल 121.70 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
आधुनिक तकनीक से बनेगी मजबूत सड़क
सड़क की मौजूदा खराब और क्षतिग्रस्त सतह को आवश्यकतानुसार हटाकर निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप नई परतें बिछाई जाएंगी। इसमें प्राइम कोट, टैक कोट, डेंस बिटुमिनस मैकाडम और बिटुमिनस कंक्रीट जैसी तकनीकों का इस्तेमाल किया जाएगा। इससे सड़क की मजबूती और टिकाऊपन बढ़ेगा। वाहनों के परिचालन में होने वाली परेशानी कम होगी और यात्रियों को बेहतर सफर का अनुभव मिलेगा।
इसके अलावा सड़क पर कंक्रीट कर्ब, थर्मोप्लास्टिक रोड मार्किंग और रोड स्टड लगाए जाएंगे। सोलर रोड मार्कर की व्यवस्था भी की जाएगी। इससे दिन और रात दोनों समय सड़क की दिशा और लेन की पहचान करना आसान होगा।
सड़क सुरक्षा के लिए लगेंगे आधुनिक उपकरण
परियोजना के दूसरे पैकेज में सड़क सुरक्षा को विशेष महत्व दिया गया है। इसके तहत संवेदनशील स्थानों पर मेटल बीम क्रैश बैरियर लगाए जाएंगे। इसके अलावा रेट्रो रिफ्लेक्टिव रोड साइनेज, डिलिनिएटर, सोलर ब्लिंकर, रंबल स्ट्रिप और ट्रांसवर्स बार मार्किंग की व्यवस्था की जाएगी।
इन सुविधाओं से वाहन चालकों को रास्ते की स्थिति और दिशा की जानकारी समय पर मिल सकेगी। रात के समय और कम दृश्यता की स्थिति में भी सड़क की पहचान आसान होगी। वहीं, रंबल स्ट्रिप और अन्य संकेतकों से संवेदनशील स्थानों पर वाहनों की गति नियंत्रित करने में मदद मिलेगी। क्रैश बैरियर से सड़क के किनारे स्थित जोखिम वाले हिस्सों पर सुरक्षा मजबूत होगी।
पांच स्थानों पर होगी एलईडी फ्लड लाइटिंग
दूसरे पैकेज में हार्ड शोल्डर निर्माण का भी प्रावधान किया गया है। इसके अतिरिक्त पांच चयनित स्थानों पर 25 मीटर ऊंचे हाई मास्ट पोल लगाए जाएंगे। इन पर एलईडी फ्लड लाइट लगाई जाएगी। इससे संबंधित स्थानों पर रात के समय पर्याप्त रोशनी उपलब्ध होगी। रात्रिकालीन यात्रा करने वाले वाहन चालकों को सड़क की स्थिति समझने में आसानी होगी और आवागमन अधिक सुरक्षित बनाने में मदद मिलेगी।
रांची-पटना के यात्रियों और स्थानीय लोगों को मिलेगा लाभ
सड़क की स्थिति बेहतर होने और आधुनिक सुरक्षा सुविधाएं विकसित होने से लंबी दूरी खासकर रांची -पटना यात्रियों को राहत मिलेगी। इसके साथ ही बरही, हजारीबाग और आसपास के क्षेत्रों के स्थानीय लोगों को भी बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी।
एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर आशुतोष सोनी ने बताया कि बरही–हजारीबाग मार्ग के महत्व और यातायात दबाव को देखते हुए इसे आधुनिक सुविधाओं से युक्त मॉडल रोड के रूप में विकसित करने की योजना बनाई गई है। परियोजना के प्रस्ताव तैयार करने और आवश्यक स्वीकृतियां प्राप्त करने की प्रक्रिया को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया गया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।