विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

राष्ट्रीय राजमार्ग 33 पर जल्द ही टाटा से रांची का सफर होगा सिर्फ दो घंटे का, झारखंड में इन सड़कों का भी कायाकल्प

Published: Mon, 23 Nov 2026 08:10 AM (GMT+05:30)

राष्ट्रीय राजमार्ग 33 पर मरम्मत और सुदृढ़ीकरण का कार्य शुरू हो गया है, जिससे टाटा से रांची का सफर जल्द ही दो घंटे का हो जाएगा। इसके अतिरिक्त, चांडिल, रामपुर और अन्य स्थानों पर ओवरब्रिज, अंडरपास और टनल जैसे कई बड़े प्रोजेक्ट्स भी प्रगति पर हैं।

चार माह में एनएच पर नई परत, चांडिल में भी चलना बेहद सुगम होगा।

चार माह में एनएच पर नई परत, चांडिल में भी चलना बेहद सुगम होगा।

HighLights

  1. राष्ट्रीय राजमार्ग 33 की ऊपरी परत का सुदृढ़ीकरण, चार माह में पूरा होगा।

  2. टाटा-रांची का सफर अब सिर्फ दो घंटे में संभव होगा, समय बचेगा।

  3. चांडिल, रामपुर सहित कई स्थानों पर नए ओवरब्रिज, टनल बनेंगे।

अश्विनी रघुवंशी, रांची। राष्ट्रीय राजमार्ग 33। यह झारखंड का बेहद अहम राष्ट्रीय राजमार्ग है। बरसात के पहले तक इस मार्ग पर आवागमन सुगम और महज था। बारिश हुई तो एनएच की ऊपरी परत इस कदर टूटनी शुरू हुई कि सफर दुरूह होता गया।

अब भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने इस मार्ग को फिर चकाचक कराना शुरू किया है। चार माह लगेंगे। इसके बाद टाटा से रांची का सफर फिर महज दो घंटा का हो जायेगा। इस मार्ग से रोजाना 20 हजार वाहन गुजरते हैं। सड़क दुर्घटना टालने और कोहरा में सहायता के लिए एनएच 33 पर अलग-अलग रंग के रिफ्लेक्टर भी लगाए जाएंगे।

एनएचएआई के तकनीकी अध्ययन में यह बात आई है कि इसकी ऊपरी परत बेहद कमजोर हो चुकी है। उसकी और भार लेने की क्षमता खत्म हो चुकी है। कुछ काम हुआ भी। हल्की बारिश हुई तो नई परत दोबारा उखड़ गई। इसके बाद नये सिरे से मजबूतीकरण के लिए निविदा हुई।

काम शुरू किया गया। गालूडीह के नजदीक महुलिया से रांची तक रोजाना सात से 800 मीटर तक एनएच को बनाया जा रहा है। 214 करोड़ की निविदा से यह कार्य कराया जा रहा है। इससे इतर पाटा टोलनाका के आगे चांडिल के पास रेलवे ओवरब्रिज बन चुका है। थोड़ा हिस्सा ऐसा है जो कच्चा है। वन महकमा से अनापत्ति के बाद उसके कार्य तेज है।

एकाध माह में वहां फोरलेन मार्ग का कार्य पूरा हो जाएगा। एनएचएआइ के परियोजना निदेशक अमित कुमार और प्रबंधक चंदन आशीष रोजाना कार्य की प्रगति की समीक्षा कर रहे हैं।

चांडिल में ओवरब्रिज बनेगा ताकि धनबाद निकल सके

चांडिल के घोड़ानेगी में ओवरब्रिज बनाया जाएगा। वहां अंडरपास एनएच 32 से जोड़ेगा। जिन लोगों को पुरूलिया, बोकारो, धनबाद, गिरिडीह, देवघर या दुमका जाना हो वो उधर से निकल जाएंगे। निर्माण कार्य के लिए 161 वृक्षों की कटाई होगी।

घाटशिला के नजदीक फुलडुंगरी और बहरागोड़ा बस पड़ाव में भी ओवरब्रिज और अंडरपास बनाया जाना है। फुलडुंगरी के पास भी पेड़ काटने होंगे। निविदा हो चुकी है। पेडों की कटाई के लिए अनुमति की संचिका पूर्वी सिंहभूम के डीएफओ सबा आलम अंसारी के पास है।

उम्मीद है कि दो महीने के भीतर सहमति मिल जाएगी। उसके बाद काम शुरू होगा। तीनों ओवरब्रिज बनाने में 80 करोड़ की लागत आएगी। अवधि डेढ़ साल है।

रामपुर में गुफा बनेगी, एयरपोर्ट जाना भी आसान होगा

एनएच 33 की राह रामपुर चौराहा से कई तरफ घूमती है। वहां गुफा (टनल) बनाया जाना है जिससे छोड़े वाहन सीधे रांची की ओर बढ़ जाएंगे। कुछ ऐसा निर्माण होगा कि टाटा से आने वाले वाहनों को एयरपोर्ट की तरफ जाना भी आसान होगा।

एक रास्ता विकास होकर रामगढ़, हजारीबाग, बरही की ओर जाएगा। विकास में भी ऐसा ही निर्माण होना है ताकि हजारीबाग की ओर से आ रहे वाहन सीधे टाटा की तरफ बढ़ जाए। ओरमांझी होकर बोकारो की तरफ निकलना भी सहज होगा। दोनों परियोजनाओं की लागत 148 करोड़ है। ढाई साल में काम पूरा होगा।

कांदरबेड़ा से बालीगुमा तक 10 किमी लंबा ओवरब्रिज

टाटा रांची हाइवे पर कांदरबेड़ा में वेब इंटरनेशनल के पास से ओवरब्रिज बनेगा जो पारडीह काली मंदिर, डिमना चौक होकर बालीगुमा तक जाएगा। लंबाई 10 किमी है। कई स्थानों पर ओवरब्रिज का निर्माण कार्य प्रगति पर है।कुछ जगहों पर कार्य प्रारंभ करने के लिए वन विभाग की अनापत्ति चाहिए जो प्रक्रिया में है। जलापूर्ति की पाइप लाइन को राज्य सरकार को हटाना है। विलंब हो रहा है।

अब एनएचएआइ हटाएगा। बाद में झारखंड सरकार से हिसाब होगा। पारडीह से डिमना चौक तक सड़क को चलने योग्य बनाने के लिए कालीकरण हो रहा है।

कुल लागत 610 करोड़ है। दलमा पहाड़ी के प्रवेश द्वार के नजदीक चिलगू में एक पुलिया बननी है। वन विभाग से अनापत्ति मिल चुकी है। जल्द काम शुरू होगा। जून 2027 तक तैयार हो जाएगी।

तीन से चार महीने के भीतर कुछेक स्थानों को छोड़ रांची से टाटा तक एनएच पर आवागमन का अनुभव शानदार होगा। असमय बारिश के कारण काम को गति देने में व्यवधान हुआ था। अब कार्य गति पर है। इसी मार्ग पर कुछेक परियोजनाओं की निविदा हो चुकी है। वन विभाग से अनापत्ति लेना प्रक्रिया में है। उनपर भी तेज कार्य होगा।
-संतोष कुमार आर्य, झारखंड क्षेत्रीय पदाधिकारी, एनएचएआई

यह भी पढ़ें- झारखंड में NHAI बनाएगा फोरलेन सड़कों का जाल; बगोदर-चतरा और बासुकीनाथ-गिरिडीह सहित पांच सड़कों का कायाकल्प

यह भी पढ़ें- रेलवे में 'जुगाड़ ट्रांसफर-पोस्टिंग' पर रेड सिग्नल, अनौपचारिक तबादले पर लगाम; पूर्व मध्य रेल का सख्त आदेश

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।