विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

10 साल से चल रही एक्सप्रेस ट्रेनें, हजारीबाग स्टेशन पर अब तक नहीं मिला ठहराव; सांसद से पुनः पहल करने की मांग

Published: Sun, 22 Nov 2026 05:06 PM (IST)

चरही रेलवे स्टेशन पर लंबी दूरी की ट्रेनों के ठहराव न होने से कोयलांचल के यात्रियों में नाराजगी है। क्षेत्रवासियों ने सांसद मनीष जायसवाल से आसनसोल-हटिया एक्सप्रेस के ठहराव के लिए पुनः पहल करने की मांग की है।

AI द्वारा बनाई गई तस्वीर।

AI द्वारा बनाई गई तस्वीर।

HighLights

  1. चरही स्टेशन पर लंबी दूरी की ट्रेनों का ठहराव नहीं।

  2. आसनसोल-हटिया एक्सप्रेस के ठहराव की मांग की गई।

संवाद सूत्र, चरही (हजारीबाग)। बरकाकाना-कोडरमा रेलखंड पर रेल परिचालन शुरू हुए करीब दस वर्ष बीत चुके हैं, लेकिन चरही रेलवे स्टेशन आज भी लंबी दूरी की ट्रेनों के ठहराव से वंचित है। स्टेशन से होकर कई एक्सप्रेस ट्रेनों का परिचालन होता है, बावजूद इसके यहां एक पैसेंजर ट्रेन को छोड़ किसी भी लंबी दूरी की ट्रेन का ठहराव नहीं होना क्षेत्र के यात्रियों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है।

इससे कोयलांचल क्षेत्र के लोगों में रेलवे के प्रति नाराजगी बढ़ रही है। आसनसोल-हटिया एक्सप्रेस ट्रेन के चरही स्टेशन पर ठहराव की मांग को लेकर पिछले मई महीने में क्षेत्र के लोगों ने हस्ताक्षरयुक्त आवेदन सांसद मनीष जायसवाल को सौंपा था। लोगों ने सांसद से इस मुद्दे को संसद में उठाकर रेल मंत्रालय तक पहुंचाने का आग्रह किया था।

उस समय सांसद द्वारा आश्वासन दिया गया था कि चरही जैसे महत्वपूर्ण औद्योगिक एवं कोयलांचल क्षेत्र की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए ट्रेन के ठहराव के लिए पहल की जाएगी। हालांकि, करीब छह माह गुजर जाने के बाद भी इस दिशा में कोई ठोस पहल सामने नहीं आई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि आसनसोल-हटिया एक्सप्रेस का चरही स्टेशन पर महज दो मिनट का ठहराव भी हजारों यात्रियों के लिए काफी सुविधाजनक साबित हो सकता है। वर्तमान में लंबी दूरी की ट्रेन पकड़ने के लिए लोगों को कोडरमा, बरकाकाना या रामगढ़ जाना पड़ता है। इससे समय और पैसे दोनों की बर्बादी होती है। लोगों ने यह भी कहा कि कोडरमा सांसद के प्रयास से उनके क्षेत्र में करीब 15 किलोमीटर के अंतराल पर दो स्टेशनों महेशपुर और नावाडीह स्टेशन में उक्त ट्रेन का ठहराव सुनिश्चित कराया गया है, जिससे वहां के यात्रियों को राहत मिली है।

ऐसे में चरही जैसे महत्वपूर्ण स्टेशन पर ठहराव हजारीबाग के बाद सीधा बरकाकाना में ही होता है। इस बीच चरही स्टेशन में नहीं होना समझ से परे है। इस क्षेत्र से रोजगार से लेकर व्यापार करने वाले और उच्च शिक्षा के लिए बाहर पढ़ने वाले छात्रों को काफी राहत मिलती। दुर्गापूजा,दिवाली छठ ,होली जैसे महत्वपूर्ण त्यौहारों में आने-जाने वालों को बसों से आना-जाना पड़ता है।

क्षेत्रवासियों ने सांसद मनीष जायसवाल से पुनः पहल कर आसनसोल-हटिया एक्सप्रेस का चरही स्टेशन पर ठहराव सुनिश्चित कराने की मांग की है। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि चरही स्टेशन से यात्री पैसेंजर का ठहराव तो नहीं के बराबर है, सिर्फ यहां साइडिंग से कोयले का ढुलाई ही देखने को मिलता है। 

यह भी पढ़ें- पलामू से जल्द भरेगी उड़ान! चियांकी एयरपोर्ट के विस्तार का खर्च उठाएगी केंद्र सरकार, बदहाली दूर करने की भी पहल

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।