दुर्गा पूजा पर रांचीवासियों को बड़ा तोहफा! पंडाल घूमने के लिए नगर निगम चलाएगा फ्री बस सेवा
रांची नगर निगम दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं के लिए निःशुल्क बस सेवा चलाएगा, जिससे आवागमन में सुविधा होगी। शहर ...और पढ़ें

दुर्गा पूजा में श्रद्धालुओं के लिए निश्शुल्क बस सेवा चलेगी। (एआई जेनरेटेड इमेज)
HighLights
दुर्गा पूजा में श्रद्धालुओं के लिए निश्शुल्क बस सेवा चलेगी।
रांची के 176 पूजा पंडालों के लिए निगम की खास तैयारी।
जागरण संवाददाता, रांची। दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो, इसके लिए रांची नगर निगम निश्शुल्क नगर बस सेवा चलाएगा। इसके लिए पूजा के दौरान भीड़ और प्रमुख पूजा पंडालों को ध्यान में रखते हुए रूट प्लान तैयार किया जाएगा। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षित आवागमन को लेकर निगम ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं।
मंगलवार को अपर नगर आयुक्त संजय कुमार की अध्यक्षता में निगम की विभिन्न शाखाओं के पदाधिकारियों और कर्मियों के साथ बैठक हुई। इसमें शहर के 176 पूजा पंडालों को ध्यान में रखते हुए शाखावार तैयारियों की समीक्षा की गई। अपर नगर आयुक्त ने सभी शाखाओं को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से काम पूरा करने का निर्देश दिया।
700 से अधिक ट्रैक्टर स्टोन डस्ट की मांग
अभियंत्रण शाखा को पूजा पंडालों और संपर्क मार्गों पर जरूरत के अनुसार स्टोन डस्ट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है। पूजा समितियों की ओर से 700 से अधिक ट्रैक्टर स्टोन डस्ट की मांग की गई है। पंडालों तक पहुंचने वाले मार्गों का आकलन कर जरूरी मरम्मती और जेएसबी की व्यवस्था भी की जाएगी। खुले नालों के कारण दुर्घटना की आशंका को देखते हुए 600 से अधिक स्लैब उपलब्ध कराने की तैयारी है।
तीनों पालियों में होगी सफाई
पूजा के दौरान सफाई व्यवस्था के लिए तीनों पालियों में नियमित झाड़ू, कूड़ा उठाव, ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव और घास की कटाई होगी। जरूरत के अनुसार अतिरिक्त सफाई कर्मियों और संसाधनों की तैनाती की जाएगी। विसर्जन स्थलों पर विशेष सफाई अभियान चलाने के साथ सुरक्षित विसर्जन कुंड तैयार किए जाएंगे।
पूजा पंडालों और प्रमुख मार्गों पर प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए मौजूदा 28 टीमों के अलावा मेन रोड, बड़ा तालाब और अपर बाजार के लिए विशेष टीम गठित करने का निर्देश दिया गया है। पंडालों की जरूरत के अनुसार अतिरिक्त प्रकाश व्यवस्था भी की जाएगी।
