विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रांची में 9 अक्टूबर को बदलेगी ट्रैफिक व्यवस्था, JSCA जाने से पहले जान लें रूट और पार्किंग की पूरी डिटेल

Published: Wed, 07 Oct 2026 08:00 AM (GMT+05:30)

रांची में 9 अक्टूबर को भारत और वेस्टइंडीज के बीच होने वाले टी20 मैच के लिए यातायात व्यवस्था में बड़े ...और पढ़ें

रांची में 9 अक्टूबर को ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव। जागरण

रांची में 9 अक्टूबर को ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव। जागरण

HighLights

  1. 9 अक्टूबर को रांची में बदला ट्रैफिक रूट, भारी वाहन शहर में बंद रहेंगे।

  2. साउथ गेट के दर्शक प्रभात तारा और वेस्ट वाले सुखआ मैदान में पार्क करें।

  3. मैच खत्म होने पर जाम से बचने के लिए नया सराय और रिंग रोड का लें सहारा।

जागरण संवाददाता, रांची। जेएससीए स्टेडियम में 9 अक्टूबर को भारत और वेस्टइंडीज के बीच अंतरराष्ट्रीय टी 20 क्रिकेट मैच खेला जाएगा। मैच को लेकर रांची यातायात पुलिस ने शहर में ट्रैफिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है। 9 अक्टूबर की सुबह छह बजे से रात 11 बजे तक भारी मालवाहक वाहनों का शहर में प्रवेश वर्जित रहेगा।

ऐसे वाहन रिंग रोड के रास्ते अपने गंतव्य तक जा सकेंगे। शहर में लागू सामान्य नो इंट्री व्यवस्था पूर्ववत रहेगी। मैच के दौरान शालीमार चौक से नार्थ गेट स्टेडियम तक सामान्य वाहनों का परिचालन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।

हालांकि, विशेष परिस्थिति में एंबुलेंस और चिकित्सा सेवा से जुड़े वाहनों को जाने की अनुमति दी जाएगी। यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मैच वाले मार्ग पर अनावश्यक चारपहिया वाहनों का इस्तेमाल नहीं करें।

इन मार्गों पर छोटे-बड़े मालवाहक, ऑटो-टोटो और सवारी वाहन नहीं चलेंगे

9 अक्टूबर को सुबह छह बजे से क्रिकेट मैच समाप्त होने तक सुजाता चौक, बिग बाजार कटिंग, राजेंद्र चौक, मैकान चौक, एजी मोड़, पीएस मोड़, आईलेक्स कटिंग, हिनू चौक, बिरसा चौक, एचईसी गेट, पुराना विधानसभा, धुर्वा गोलचक्कर, शहीद चौक, देवेंद्र मांझी चौक, कडरू ब्रिज, कडरू कटिंग और अरगोड़ा चौक के बीच सभी प्रकार के छोटे-बड़े मालवाहक वाहनों, ऑटो, टोटो और सवारी वाहनों का प्रवेश और परिचालन प्रतिबंधित रहेगा।

यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आवश्यकता के अनुसार अन्य मार्गों पर भी थोड़े समय के लिए वाहनों का रूट डायवर्ट या स्टाप किया जा सकता है। इसलिए वाहन चालकों को मौके पर तैनात यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करना होगा।

ranchi traffic route

साउथ गेट और साउथ ईस्ट गेट के टिकट वालों के लिए पार्किंग

साउथ गेट और साउथ ईस्ट गेट का टिकट रखने वाले दर्शक धुर्वा गोलचक्कर, जवाहर स्टेडियम और मियां मार्केट होते हुए प्रभात तारा मैदान पार्किंग में वाहन खड़ा कर पैदल स्टेडियम जा सकेंगे। प्रभात तारा मैदान पार्किंग भर जाने पर डीएवी स्कूल, जवाहर स्टेडियम और संत थामस स्कूल की पार्किंग का इस्तेमाल किया जा सकेगा।

वेस्ट गेट के दर्शक सुखआ मैदान में पार्क करें वाहन

वेस्ट गेट का टिकट रखने वाले दर्शक धुर्वा गोलचक्कर, वीर कुंवर सिंह चौक, धुर्वा बस स्टैंड या सैम्बो कैंप मोड़ होते हुए सुखआ मैदान पार्किंग तक जा सकेंगे। यहां वाहन खड़ा करने के बाद पैदल स्टेडियम जाना होगा। पार्किंग भरने की स्थिति में सरस्वती विद्या मंदिर स्कूल स्थित पार्किंग का इस्तेमाल किया जा सकेगा।

नया सराय से आने वालों के लिए हेलिपैड मैदान पार्किंग

नया सराय और रिंग रोड की ओर से आने वाले दर्शक अपने वाहन हाईकोर्ट के सामने स्थित हेलिपैड मैदान पार्किंग में खड़ा कर सकेंगे। वहां से तिरिल मोड़ होते हुए जेएससीए नार्थ गेट तक पैदल जाकर स्टेडियम में प्रवेश किया जा सकेगा।

वीआईपी, वीवीआईपी वाहनों के लिए अलग प्रवेश मार्ग

वीआईपी और वीवीआईपी पास वाले वाहनों के लिए अलग व्यवस्था की गई है। पासयुक्त वाहन शालीमार बाजार, प्रभात तारा मैदान और पारस अस्पताल होते हुए क्रिकेट स्टेडियम के नार्थ गेट के बगल स्थित वीआईपी,वीवीआईपी प्रवेश मार्ग से स्टेडियम में प्रवेश कर सकेंगे। इन वाहनों की पार्किंग नार्थ गेट स्थित पार्किंग स्थल में होगी।

सामान्य वाहनों के लिए ये होंगे पार्किंग स्थल

मैच देखने आने वाले दर्शकों के लिए सखुआ बागान के पास, धुर्वा गोलचक्कर मैदान, डीएवी स्कूल मैदान, जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम पार्किंग, मियां मार्केट तीन मुहाना के पास, संत थामस स्कूल के पास, प्रभात तारा मैदान, शहीद मैदान और हेलिपैड मैदान में पार्किंग की व्यवस्था की गई है।

मैच खत्म होने के बाद इन रास्तों पर बढ़ेगा दबाव

मैच समाप्त होने के बाद शालीमार बाजार, मौसीबाड़ी गोलचक्कर, एचईसी गेट, बिरसा चौक, हिनू चौक, राजेंद्र चौक, बिग बाजार और सुजाता चौक की ओर अत्यधिक यातायात दबाव बनने की संभावना है। इसे देखते हुए यातायात पुलिस ने वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्ग अपनाने की सलाह दी है।

पार्किंग स्थलों से तिरिल कुटे नवाटोली होते हुए अपने गंतव्य की ओर जाने की सलाह दी गई है। रातू, मांडर और चान्हो जाने वाले वाहन नया सराय होते हुए रिंग रोड का इस्तेमाल कर सकेंगे।

नगड़ी, ईटकी और बेड़ो जाने वाले वाहन पार्किंग स्थल से तिरिल कुटे नवाटोली होते हुए नया सराय और फिर रिंग रोड से नगड़ी की ओर जा सकेंगे। इसके बाद ईटकी और बेड़ो की ओर जाने का रास्ता अपनाया जा सकेगा। कांके, पिठौरिया और ओरमांझी की ओर जाने वाले वाहन नया सराय होते हुए रिंग रोड और तिलता चौक के रास्ते अपने गंतव्य तक जा सकेंगे।

नामकुम, टाटीसिल्वे, सिल्ली और मुरी की ओर जाने वाले वाहन पार्किंग स्थल से झारखंड मंत्रालय, तुपुदाना और रिंग रोड होते हुए नामकुम की ओर जा सकेंगे। 

यह भी पढ़ें- भारत-वेस्टइंडीज टी-20: बुधवार दोपहर टीमें रांची पहुंचेंगी, चहल पहली बार कमेंट्री बॉक्स में देंगे आवाज

यह भी पढ़ें- भारत-वेस्टइंडीज मैच के टिकट के लिए सुबह तीन बजे से लाइन, JSCA के बाहर दोगुने दाम पर टिकटों की कालाबाजारी