विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भारत-वेस्टइंडीज मैच के टिकटों की कालाबाजारी, रांची स्टेडियम के बाहर दोगुने दाम पर बिक रहे; सुबह से कतारें

Published: Tue, 06 Oct 2026 12:11 PM (GMT+05:30)

रांची में भारत-वेस्टइंडीज मैच के टिकटों की कालाबाजारी सामने आई है, जहां निर्धारित मूल्य से कई गुना अधिक कीमत पर ...और पढ़ें

स्टेडियम के टिकट काउंटर पर सुबह 9 बजे से बिक्री, पांच बजे से कतार।

स्टेडियम के टिकट काउंटर पर सुबह 9 बजे से बिक्री, पांच बजे से कतार।

HighLights

  1. टिकटों की कालाबाजारी, चार टिकट 16 हजार में बिके।

  2. ऑनलाइन टिकट 17 मिनट में बिके, काउंटर पर लंबी कतारें।

  3. भारत-वेस्टइंडीज मैच के लिए प्रशंसकों में जबरदस्त उत्साह।

जागरण संवाददाता, रांची। भारत और वेस्टइंडीज के बीच नौ अक्टूबर को धुर्वा स्थित जेएससीए स्टेडियम में होने वाले मैच को लेकर टिकटों की मांग बढ़ गई है। सोमवार को ऑनलाइन टिकटों की बिक्री शुरू होने के महज 17 मिनट में टिकट बिक गए। मंगलवार को दूसरे दिन भी स्टेडियम स्थित टिकट काउंटर पर टिकट खरीदने के लिए दर्शकों की लंबी कतार लगी रही। इसी बीच स्टेडियम के बाहर टिकटों की कालाबाजारी का मामला भी सामने आया है।

स्टेडियम के बाहर कुछ लोग निर्धारित कीमत से कई गुना अधिक कीमत पर टिकट बेचने की कोशिश करते नजर आए। जानकारी के अनुसार, 2000 रुपये वाले चार टिकट के लिए एक व्यक्ति ने 16 हजार रुपये की मांग की। वहीं, 2500 रुपये वाले टिकट के लिए पांच हजार रुपये प्रति टिकट मांगे जाने की बात सामने आई।

इस तरह निर्धारित कीमत से अधिक रकम लेकर टिकट बेचने का प्रयास किया जा रहा था। एक ओर दर्शक टिकट के लिए घंटों कतार में खड़े होकर निर्धारित कीमत पर टिकट खरीदने का इंतजार कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर स्टेडियम के बाहर कुछ लोग टिकटों की कालाबाजारी कर अधिक कीमत वसूलने की कोशिश कर रहे हैं। इससे टिकट बिक्री की व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं।

सुबह 5 बजे से कतार, टिकटों की तेज बिक्री से क्रिकेट प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह

राजधानी में टी-20 मुकाबले का खुमार क्रिकेट प्रेमियों के सिर चढ़कर बोल रहा है। मंगलवार को काउंटर से सुबह पांच बजे से ही कतार लगनी शुरू हो गई। कुछ युवा सुबह तीन बजे ही वाहन से स्टेडियम पहुंच गए थे। काउंटर से टिकट की बिक्री सुबह नौ बजे से शुरू हुई और शाम चार बजे तक होगी। भारत का मुकाबला देखने के लिए रांची के साथ बिहार से भी क्रिकेट प्रेमी पहुंचे हैं।

युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को मैदान पर खेलते देखने की उत्सुकता प्रशंसकों में खास है। बिहार से आए कई क्रिकेट प्रेमियों ने कहा कि वैभव की एक झलक के लिए भी वे घंटों कतार में खड़े रहने को तैयार हैं।

17 मिनट में बिक गए थे ऑनलाइन टिकट

सोमवार को ऑनलाइन टिकट बिक्री शुरू होते ही मांग का अंदाजा लग गया था। करीब 4022 ऑनलाइन टिकट महज 17 मिनट में बिक गए। इसके बाद काउंटर से 4011 टिकटों की बिक्री हुई। पहले दिन कुल 8033 टिकट बिके। ऑनलाइन टिकट समाप्त होने के बाद भी बड़ी संख्या में लोग काउंटर से टिकट हासिल करने की कोशिश में जुटे रहे।

ticket ranchi

तीन बजे पहुंचे, पांच बजे लगी कतार

मंगलवार को टिकट के लिए कई युवाओं ने रात में ही तैयारी शुरू कर दी थी। सुबह तीन बजे वाहन से स्टेडियम पहुंचे युवाओं ने बताया कि ऑनलाइन टिकट नहीं मिलने के बाद काउंटर का विकल्प चुना। पांच बजे तक कतार काफी लंबी हो चुकी थी। प्रशंसकों में टिकट मिलने को लेकर उत्सुकता बनी रही।

स्टेडियम से पार्किंग तक सुरक्षा

मैच में बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की है। स्टेडियम के प्रवेश-निकास द्वार, पार्किंग और आसपास के मार्गों पर निगरानी बढ़ाई जा रही है। अतिरिक्त बल तैनात किया जाएगा।

सोमवार को एडीजी अभियान मनोज कौशिक ने जेएससीए स्टेडियम का निरीक्षण कर सुरक्षा तैयारियों का जायजा लिया था। उन्होंने प्रवेश-निकास द्वार, दर्शक दीर्घा और पार्किंग क्षेत्र का निरीक्षण किया तथा अधिकारियों से भीड़ प्रबंधन और आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की तैयारियों की जानकारी ली। टिकटों की तेजी से बिक्री और काउंटर पर उमड़ी भीड़ ने साफ कर दिया है कि नौ अक्टूबर को भारत-वेस्टइंडीज मुकाबले के दौरान जेएससीए स्टेडियम में क्रिकेट का रोमांच चरम पर रहने वाला है।