विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रांची में भारत-वेस्टइंडीज टी-20 मैच पर बारिश का साया, 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं

Published: Mon, 05 Oct 2026 08:42 PM (IST)

रांची में 9 अक्टूबर को होने वाले भारत-वेस्टइंडीज टी-20 मैच के दौरान मौसम खराब रहने की आशंका है। मैच के दिन गरज के साथ बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे दर्शकों को सतर्क रहना होगा।

अधिकतम तापमान 29 और न्यूनतम 20 डिग्री रहने का अनुमान।

अधिकतम तापमान 29 और न्यूनतम 20 डिग्री रहने का अनुमान।

HighLights

  1. रांची में 9 अक्टूबर को भारत-वेस्टइंडीज टी-20 मैच.

  2. मैच के दिन गरज के साथ बारिश और तेज हवाएं संभव.

  3. अधिकतम तापमान 29, न्यूनतम 20 डिग्री रहने का अनुमान.

जागरण संवाददाता, रांची। रांची में 9 अक्टूबर को होने वाले भारत-वेस्टइंडीज टी-20 क्रिकेट मैच के दौरान मौसम क्रिकेट प्रेमियों की परीक्षा ले सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र, रांची के पूर्वानुमान के अनुसार मैच के दिन राजधानी में आंशिक रूप से बादल छाए रहने के साथ मेघ गर्जन के साथ बारिश होने की संभावना है।

ऐसे में मैच देखने के लिए स्टेडियम पहुंचने वाले दर्शकों को मौसम को लेकर सतर्क रहना होगा। मौसम विभाग के अनुसार 9 अक्टूबर को रांची में अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। इस दौरान गरज वाले बादल बनने के साथ बारिश हो सकती है। इससे मैच के दौरान कुछ समय के लिए मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।

तेज हवाएं भी चलने की संभावना

मौसम विभाग ने 9 अक्टूबर को झारखंड के उत्तर-पश्चिमी हिस्से को छोड़कर अन्य भागों में कहीं-कहीं गरज, वज्रपात और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना जताई है। रांची में भी मौसम के इसी प्रभाव में रहने का अनुमान है। ऐसे में मैच के दौरान अचानक बारिश और तेज हवा की स्थिति बन सकती है।

8 अक्टूबर को भी बारिश के आसार

बुलेटिन के अनुसार 6 से 8 अक्टूबर तक रांची में सामान्यत: बादल छाए रहेंगे और एक-दो बार हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है। 8 अक्टूबर को भी हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। इसके बाद 9 अक्टूबर को आंशिक बादल छाए रहने और मेघ गर्जन के साथ बारिश की संभावना है।

10 अक्टूबर से मौसम में सुधार

मौसम विभाग के अगले दो दिनों के पूर्वानुमान में 10 अक्टूबर को भी आंशिक बादल और गरज वाले बादल बनने की संभावना है। वहीं 11 अक्टूबर को आसमान मुख्य रूप से साफ रहने और मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। यानी 9 अक्टूबर के मैच के दौरान मौसम परिवर्तनशील रह सकता है और दर्शकों को बारिश के लिए तैयार रहना होगा।

छह अक्तूबर को तीन फीडरों से बिजली आपूर्ति रहेगी बाधित

पेड़ की शाखाओं की छंटाई और मरम्मत कार्य को लेकर मंगलवार को बुंडू, तमाड़ और सोनाहातू क्षेत्र में निर्धारित समय तक बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। विद्युत आपूर्ति अवर प्रमंडल बुंडू के अनुसार बुंडू फीडर से सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक बुंडू शहरी क्षेत्र, नावाडीह टोली, अनुमंडल कार्यालय और कुम्हार टोली में बिजली बंद रहेगी।

इसी तरह तमाड़ फीडर में सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक तमाड़ थाना, बस स्टैंड, रायडीह मोड़, प्रखंड परिसर और आसपास के क्षेत्रों में आपूर्ति प्रभावित होगी। वहीं सोनाहातू फीडर में सुबह 11 से दोपहर एक बजे तक बिजली बंद रहेगी। इससे सोनाहातू बाजारटांड़, दानाडीह, जित्तु, परमडीह, एडकिया, कूदाडीह, नीमडीह और आसपास के क्षेत्र प्रभावित होंगे। 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।