भारत-वेस्टइंडीज मैच से पहले रांची की फ्लाइट महंगी, बाहर से आने वालों की जेब पर बढ़ा बोझ
रांची में भारत-वेस्टइंडीज टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले के कारण हवाई किराए में भारी वृद्धि हुई है। इसके साथ ही, इंडिगो ने ...और पढ़ें

रांची T20 मैच के कारण उड़ानों की मांग बढ़ी।
HighLights
रांची T20 मैच के कारण उड़ानों की मांग बढ़ी, हवाई किराए में भारी उछाल।
इंडिगो ने बढ़ाया फ्यूल चार्ज, रांची की विमान टिकट ₹350 तक महंगी।
हैदराबाद-मुंबई से रांची आना महंगा, लौटने की फ्लाइट्स का बजट भी बढ़ा।
जागरण संवादादाता, रांची। जेएससीए स्टेडियम, रांची में 9 अक्टूबर को भारत और वेस्टइंडीज के बीच होने वाले टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले का असर अब शहर तक पहुंचने वाली हवाई उड़ानों पर भी साफ दिखाई देने लगा है। मैच से एक-दो दिन पहले रांची आने वाली उड़ानों में सीटों की मांग बढ़ने से कई रूट पर किराया ऊंचा हो गया है।
खास बात यह है कि यात्रियों पर एक साथ दोहरा दबाव है। एक ओर मैच की वजह से मांग बढ़ी है, वहीं दूसरी ओर इंडिगो ने छह अक्टूबर से घरेलू उड़ानों पर फ्यूल चार्ज 100 से 350 रुपये तक बढ़ा दिया है। यानी रांची के क्रिकेट प्रेमियों के लिए इस बार मैच का उत्साह तो बढ़ा है, लेकिन रांची पहुंचने और मैच के बाद लौटने का बजट भी बढ़ गया है।
हैदराबाद से आने में सबसे ज्यादा जेब ढीली
छह अक्टूबर को उपलब्ध किराया आंकड़ों के अनुसार हैदराबाद से रांची आने वाली उड़ान का किराया सात अक्टूबर को करीब 15,716 रुपये, आठ अक्टूबर को 10,204 रुपये, नौ अक्टूबर को 14,594 रुपये और 10 अक्टूबर को 12,867 रुपये तक दिख रहा है। यानी मैच के दिन रांची पहुंचने वाले हैदराबाद के यात्रियों को सामान्य दिनों की तुलना में काफी अधिक भुगतान करना पड़ सकता है।
मुंबई से रांची आने वालों के लिए भी नौ अक्टूबर का किराया करीब 12,072 रुपये तक पहुंचा है। वहीं सात और आठ अक्टूबर को यह करीब 8,796 और 8,604 रुपये से शुरू दिख रहा है।
रांची से बाहर जाने में भी बढ़ा खर्च
मैच के बाद 10 अक्टूबर को रांची से दूसरे शहर जाने वालों के लिए भी किराया कम नहीं है। रांची-बेंगलुरु मार्ग पर सात अक्टूबर का न्यूनतम किराया करीब 7,539 रुपये, जबकि आठ, नौ और 10 अक्टूबर को करीब 8,746 रुपये से उपलब्ध दिख रहा है। एयर इंडिया एक्सप्रेस की वेबसाइट पर इसी मार्ग का किराया इन चारों तारीखों के लिए करीब 7,891 रुपये से प्रदर्शित हो रहा है।
रांची-दिल्ली मार्ग पर एयर इंडिया एक्सप्रेस का शुरुआती किराया सात से 10 अक्टूबर तक 6,466 रुपये है। वहीं रांची-पुणे के लिए सात अक्टूबर को करीब 8,333 रुपये, आठ को 8,198 रुपये, नौ को 8,333 रुपये और 10 अक्टूबर को 8,633 रुपये का शुरुआती किराया है।
फ्यूल चार्ज ने बढ़ाया खर्च
इंडिगो ने एटीएफ की कीमत में एक महीने में 14 प्रतिशत से अधिक वृद्धि के बाद छह अक्टूबर से नया फ्यूल चार्ज लागू किया है। अब 500 किलोमीटर तक 375 रुपये, 501-1,000 किलोमीटर तक 600 रुपये, 1,001-1,500 किलोमीटर तक 900 रुपये, 1,501-2,000 किलोमीटर तक 1,150 रुपये और 2,000 किलोमीटर से अधिक दूरी पर 1,300 रुपये फ्यूल चार्ज लगेगा। पुराने शुल्क की तुलना में बढ़ोतरी 100 से 350 रुपये प्रति सेक्टर है।
आम यात्री पर कितना असर
मसलन, 1,500 किलोमीटर से अधिक लेकिन 2,000 किलोमीटर तक की इंडिगो उड़ान में अब फ्यूल चार्ज अकेले 350 रुपये अधिक है। आने-जाने की दो उड़ान होने पर यह अतिरिक्त भार 700 रुपये हो सकता है। दो यात्रियों के आने-जाने पर सिर्फ इस मद में करीब 1,400 रुपये ज्यादा देने पड़ सकते हैं।
हालांकि अंतिम टिकट कीमत में बेस फेयर, टैक्स और अन्य शुल्क शामिल होने के कारण वास्तविक अंतर अलग हो सकता है। एटीएफ की कीमत अब एयरलाइंस की लागत पर बड़ा दबाव डाल रही है। इंडिगो के अनुसार, ताजा महीने-दर-महीने वृद्धि 14 प्रतिशत से अधिक है और ईंधन लागत पिछले दशक के ऊंचे स्तरों में पहुंच गई है।
