रांची नगर निगम की तिजोरी खाली, 14 करोड़ की जगह 75 लाख की वसूली; अब कर्मचारियों के वेतन पर संकट
रांची नगर निगम होल्डिंग टैक्स वसूली ठप होने से गंभीर आर्थिक संकट में है, जिसके कारण नवंबर महीने का वेतन देने के लिए पर्याप्त राशि नहीं है। निजी एजेंसी से वसूली का काम वापस लेने के बाद राजस्व संग्रह में भारी गिरावट आई है, जिससे नियमित कर्मचारियों के वेतन पर संकट गहरा गया है।

रांची नगर निगम की फाइल फोटो। (फोटो सोर्स- जागरण आर्काइव)
HighLights
रांची नगर निगम गंभीर आर्थिक संकट से जूझ रहा है।
होल्डिंग टैक्स वसूली ठप होने से राजस्व में भारी गिरावट।
आदिल हसन, रांची। शहर से होल्डिंग टैक्स वसूलने वाला रांची नगर निगम अब खुद आर्थिक संकट से जूझ रहा है। राजस्व संग्रह में भारी गिरावट का असर अब निगम के आंतरिक कामकाज पर दिखने लगा है। स्थिति यह है कि नवंबर महीने का वेतन भुगतान करने के लिए निगम के पास पर्याप्त राशि नहीं है।
नियमित कर्मचारियों के वेतन पर संकट खड़ा हो गया है। फिलहाल केवल दैनिक मजदूरों को वेतन देने की व्यवस्था की जा रही है। इससे निगम के कर्मचारियों में भी चिंता बढ़ गई है।
दरअसल, नगर विकास विभाग द्वारा होल्डिंग टैक्स वसूली की जिम्मेदारी निजी एजेंसी से वापस लेने के बाद निगम का राजस्व संग्रह बुरी तरह प्रभावित हुआ है। पूर्व में निजी एजेंसी जिस अवधि में करोड़ों रुपये की वसूली करती थी, उसी अवधि में निगम के अपने टैक्स कलेक्टर लक्ष्य के आसपास भी नहीं पहुंच पा रहे हैं।
पूर्व में प्रकाशित आंकड़ों के अनुसार, निजी एजेंसी के कार्यकाल में 55 दिनों में करीब 14 करोड़ रुपये की वसूली होती थी, जबकि निगम के टैक्स कलेक्टर इसी अवधि में महज 75 लाख रुपये ही जुटा सके। यानी राजस्व संग्रह में भारी गिरावट आई है। इसका सीधा असर निगम की आर्थिक स्थिति पर पड़ा है।
करोड़ों की वसूली का तंत्र बदला, पर नहीं संभला राजस्व
निगम ने निजी एजेंसी की जगह अपने कर्मचारियों के माध्यम से टैक्स वसूली शुरू की थी। इसके लिए वार्ड स्तर पर विशेष शिविर लगाने और बड़े बकायेदारों को चिह्नित कर वसूली करने की योजना भी बनाई गई थी। प्रत्येक वार्ड के 500 बड़े बकायेदारों की सूची तैयार करने और अक्टूबर से राजस्व संग्रह शिविर लगाने का निर्देश दिया गया था। इसके बावजूद वसूली की रफ्तार नहीं बढ़ सकी। नतीजा यह हुआ कि निगम की नियमित आय प्रभावित होती चली गई।
सफाई से लेकर वेतन तक पर पड़ सकता है असर
नगर निगम के सामने सबसे बड़ी चुनौती अब नियमित खर्चों का प्रबंधन करना है। निगम को कर्मचारियों के वेतन के अलावा शहर की सफाई, कचरा उठाव, वाहनों के संचालन, स्ट्रीट लाइट और दूसरी नागरिक सुविधाओं पर भी बड़ी राशि खर्च करनी पड़ती है। राजस्व संग्रह में गिरावट लंबे समय तक जारी रही तो इन सेवाओं के संचालन पर भी दबाव बढ़ सकता है।
निगम की आर्थिक स्थिति को देखते हुए सवाल उठने लगे हैं कि आखिर नियमित खर्चों की भरपाई कैसे होगी। होल्डिंग टैक्स के अलावा निगम की आय के अन्य स्रोतों में ट्रेड लाइसेंस, विज्ञापन शुल्क, पार्किंग शुल्क और दुकानों का किराया शामिल है। लेकिन इन स्रोतों से होने वाली आय क्या निगम के नियमित खर्चों को संभालने के लिए पर्याप्त नहीं हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।