विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रांची से दिल्ली का हवाई किराया 31 हजार, स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने पीएम मोदी को लिखा पत्र हवाई किराए पर नियंत्रण की मांग

Published: Tue, 24 Nov 2026 04:42 PM (IST)

झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर हवाई टिकटों की बेतहाशा वृद्धि पर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने रांची से दिल्ली का 31 हजार रुपये किराया देखकर हैरानी जताई।

स्वास्थ्य मंत्री डाॅ. इरफान अंसारी ने प्रधानमंत्री मोदी को लिखा भावुक पत्र। (फोटो: फाइल)

स्वास्थ्य मंत्री डाॅ. इरफान अंसारी ने प्रधानमंत्री मोदी को लिखा भावुक पत्र। (फोटो: फाइल)

राज्य ब्यूरो, रांची। झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डाॅ. इरफान अंसारी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पत्र लिखकर देश में हवाई टिकटों की कीमत में बेतहाशा वृद्धि की ओर ध्यान आकृष्ट किया है। अंसारी ने लिखा है कि झारखंड कैबिनेट की ओर से भारत मंडपम में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के लिए उन्हें नई दिल्ली आना पड़ा है।

'जब मैंने हवाई टिकट का किराया देखा तो हैरान रह गया। रांची से दिल्ली का किराया लगभग 31 हजार रुपये था। मेरा यात्रा खर्च तो झारखंड सरकार वहन कर लेगी, लेकिन उस मध्यमवर्गीय परिवार का क्या होगा, जिसके लिए इतनी बड़ी रकम जुटाना भी मुश्किल है।'

एयरपोर्ट पर मेरी नजर एक महिला पर पड़ी। वह टिकट का किराया देखकर रो रही थी। पूछने पर पता चला कि उसके पति चंडीगढ़ में किडनी की गंभीर बीमारी से जूझ रहे हैं। उनकी हालत बेहद नाजुक है। पति ने अपनी अंतिम इच्छा जताई थी कि एक बार अपनी पत्नी को देख लें।

एक तरफ जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा पति अपनी पत्नी का इंतजार कर रहा था और दूसरी तरफ पत्नी सिर्फ हवाई टिकट के महंगे किराए के कारण अपने पति तक पहुंच पाने में असमर्थ थी। एक पत्नी अपने पति की अंतिम इच्छा पूरी करना चाहती थी, लेकिन हवाई टिकट का किराया उसके रास्ते की सबसे बड़ी दीवार बन गया था।

उसकी आंखों में आंसू थे, दिल में पति से मिलने की तड़प थी और हाथ में इतने पैसे नहीं थे कि वह अपने जीवन के इस सबसे मुश्किल सफर पर निकल सके। मैं उस महिला की बेबसी देखकर खुद को रोक नहीं पाया।

मैंने अपनी ओर से हरसंभव मदद की और अन्य लोगों के सहयोग से उसके टिकट की व्यवस्था करवाई, ताकि वह अपने पति के पास पहुंच सके। इरफान ने लिखा कि मैंने उस महिला की मदद कर दी, लेकिन देश के हर एयरपोर्ट पर कोई इरफान अंसारी मौजूद नहीं होगा।

उन्होंने हवाई किराए की अधिकतम सीमा निर्धारित करने की मांग की है। उन्होंने एयरलाइंस कंपनियों द्वारा अचानक और मनमाने तरीके से किराया बढ़ाने पर नियंत्रण हो। इसके साथ ही उन्होंने आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों और उनके परिजनों के लिए विशेष रियायती टिकट की व्यवस्था करने की मांग की है।

यह भी पढ़ें- कोयला उत्पादन में बीसीसीएल लक्ष्य से 16% पीछे, कोल इंडिया की चिंता बढ़ी; ECL और WCL ने किया अधिक प्रोडक्शन

यह भी पढ़ें- लोहरदगा: बेटे ने किया दुष्कर्म, प्रखंड प्रमुख ने दी केस उठाने की धमकी; मां-बेटा दोनों अरेस्ट, ड्राइवर की तलाश जारी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।