लोहरदगा: बेटे ने किया दुष्कर्म, प्रखंड प्रमुख ने दी केस उठाने की धमकी; मां-बेटा दोनों अरेस्ट, ड्राइवर की तलाश जारी
कुडू प्रखंड प्रमुख मुन्नी देवी और उनके बेटे प्रकाश उरांव को नाबालिग से दुष्कर्म और धमकी देने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अब मामले में नामजद वाहन चालक दीपेंद्र भारती की तलाश कर रही है, जबकि मां-बेटे को जेल भेजा जाएगा।

पाक्सो एक्ट और बीएनएस की संबंधित धाराओं में दर्ज है प्राथमिकी।
HighLights
नाबालिग से दुष्कर्म के आरोप में बेटा प्रकाश उरांव गिरफ्तार।
प्रखंड प्रमुख मुन्नी देवी पर पीड़िता को धमकी देने का आरोप।
मां-बेटे दोनों गिरफ्तार, वाहन चालक की तलाश जारी।
जागरण संवाददाता, लोहरदगा। नाबालिग से दुष्कर्म और मामले में पीड़िता के परिवार को धमकी देने के आरोप में कुडू प्रखंड प्रमुख मुन्नी देवी के बाद उनके बेटे प्रकाश उरांव को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
कुडू थाना क्षेत्र से पकड़े गए प्रकाश उरांव पर नाबालिग के साथ दुष्कर्म का आरोप है, जबकि प्रखंड प्रमुख मुन्नी देवी पर केस खत्म करने का दबाव बनाने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप है।
कुडू थाना प्रभारी नीरज झा ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि इससे पहले सोमवार शाम को प्रखंड प्रमुख मुन्नी देवी को गिरफ्तार किया गया था और अब उनके बेटे को भी हिरासत में ले लिया गया है। दोनों आरोपितों को मंगलवार को जेल भेजा जाएगा।
वहीं, इस मामले में नामजद प्रमुख के वाहन चालक, कुडू थाना क्षेत्र के माराडीह गांव निवासी दीपेंद्र भारती की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
क्या है पूरा मामला?
यह मामला कुडू थाना क्षेत्र के कुंदगड़ा गांव से जुड़ा है। पीड़िता के पिता ने 21 अक्टूबर को कुडू थाना में दर्ज कराई प्राथमिकी (कांड संख्या 94/26) में आरोप लगाया था कि कुंदगड़ा गांव निवासी प्रकाश उरांव ने उनकी नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाकर दुष्कर्म किया, जिससे वह गर्भवती हो गई।
प्राथमिकी में यह भी आरोप लगाया गया है कि मामला दर्ज होने के बाद केस वापस लेने और खत्म करने के लिए परिवार पर दबाव बनाया गया। ऐसा न करने पर गंभीर परिणाम भुगतने और जान से मारने की धमकी प्रखंड प्रमुख मुन्नी देवी व उनके वाहन चालक दीपेंद्र भारती द्वारा दी गई थी। पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 64(1), 351(3), 202(3) तथा पाक्सो एक्ट की धारा 6 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की जांच कर रही है।