विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रांची में 17 दिसंबर को जुटेंगे 50 हजार गौसेवक, गौहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध और गौमाता को राष्ट्रमाता बनाने की उठेगी मांग

Published: Fri, 27 Nov 2026 07:00 AM (IST)

रांची के प्रभात तारा मैदान में 17 दिसंबर को विराट जनसंकल्प कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें 50 हजार से अधिक गौसेवक शामिल होंगे। इस आयोजन में गौहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध, गौ संरक्षण कानून और गौमाता को राष्ट्रमाता का दर्जा देने की मांग उठाई जाएगी।

AI द्वारा बनाई गई तस्वीर।

AI द्वारा बनाई गई तस्वीर।

HighLights

  1. 17 दिसंबर को रांची में विराट जनसंकल्प कार्यक्रम।

  2. 50 हजार से अधिक गौसेवक और संत होंगे शामिल।

जागरण संवाददाता, रांची। गौमाता के सम्मान, संरक्षण और संवर्धन को लेकर 17 दिसंबर को धुर्वा स्थित प्रभात तारा मैदान में विराट जनसंकल्प कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। देशव्यापी गौ सम्मान आह्वान अभियान के तहत होने वाले इस आयोजन में झारखंड के विभिन्न जिलों से 50 हजार से अधिक गौसेवकों और गौभक्तों के शामिल होने की संभावना है। कार्यक्रम में 50 से अधिक संत-महात्मा भी उपस्थित रहेंगे।

अभियान के तहत गौहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने, गौमाता के संरक्षण के लिए विशेष केंद्रीय कानून बनाने और गौमाता को राष्ट्रमाता का दर्जा देने की मांग उठाई जाएगी। इन मांगों के समर्थन में देशभर से 51 करोड़ लोगों के हस्ताक्षर जुटाकर राष्ट्रपति के समक्ष प्रस्तुत करने का लक्ष्य रखा गया है।

इसके लिए मोहल्ला, पंचायत, प्रखंड और जिला स्तर पर हस्ताक्षर अभियान चलाया जा रहा है। इसी सिलसिले में श्री माहेश्वरी भवन में सामाजिक, धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों और गौसेवकों की बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता अभियान के प्रचार-प्रसार के लिए पथमेडा से पहुंचे श्री राधा वत्स महाराज ने की।

उन्होंने कहा कि गौमाता भारतीय संस्कृति, परंपरा और सनातन जीवन मूल्यों का अभिन्न अंग हैं। उनके सम्मान और संरक्षण के लिए समाज को एकजुट होकर आगे आना होगा। उन्होंने बताया कि 17 दिसंबर को देश के सभी राज्यों और 36 प्रदेशों की राजधानियों में एक साथ जनसंकल्प कार्यक्रम आयोजित कर लोगों की भावनाओं को सरकार तक पहुंचाया जाएगा। इसी कड़ी में रांची में भी व्यापक जनभागीदारी की तैयारी की जा रही है।

100 से अधिक कार्यकर्ताओं को सौंपी गई जिम्मेदारी

बैठक में आयोजन को सफल बनाने के लिए स्थल व्यवस्था, यातायात, पार्किंग, भोजन, प्रचार-प्रसार, सुरक्षा और प्रशासनिक समन्वय पर चर्चा हुई। अलग-अलग व्यवस्थाओं के संचालन के लिए 100 से अधिक कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई। बैठक का संचालन करते हुए अभियान से जुड़े मुकेश काबरा ने कहा कि यह केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि गौमाता के सम्मान और संरक्षण के लिए समाज की सामूहिक आवाज है।

उन्होंने झारखंड के गौभक्तों, सामाजिक-धार्मिक संगठनों, युवाओं और आम नागरिकों से 17 दिसंबर को अधिक से अधिक संख्या में प्रभात तारा मैदान पहुंचने की अपील की। 

यह भी पढ़ें- रातू रोड के जाम से मिलेगी राहत, रांची के नागा बाबा खटाल में बनेगा 300 ऑटो की क्षमता वाला आधुनिक ऑटो स्टैंड

यह भी पढ़ें- बस 20 मिनट की देरी और रांची नगर निगम की संपत्ति कुर्क, ₹9 करोड़ बकाया मामले में एक्शन 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।