विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बस 20 मिनट की देरी और रांची नगर निगम की संपत्ति कुर्क, ₹9 करोड़ बकाया मामले में एक्शन 

Published: Thu, 26 Nov 2026 12:33 AM (GMT+05:30)

रांची नगर निगम की संपत्ति ₹9 करोड़ से अधिक के बकाए की वसूली के लिए कुर्क की गई, हालांकि कुर्की पूरी होने के 20 मिनट बाद स्थगन आदेश मिला।  

रांची नगर निगम। फाइल फोटो

रांची नगर निगम। फाइल फोटो

HighLights

  1. रांची नगर निगम की संपत्ति ₹9 करोड़ बकाया पर कुर्क।

  2. कुर्की के 20 मिनट बाद मिला स्थगन आदेश।

  3. ए टू जेड कंपनी से कचरा प्रबंधन विवाद का मामला।

राज्य ब्यूरो, रांची। 9 करोड़ रुपये से अधिक के बकाए की वसूली के लिए बुधवार को रांची नगर निगम की संपत्ति कुर्क की गई। कमर्शियल कोर्ट के आदेश पर सिविल कोर्ट की नजारत टीम ने पहले बैंक ऑफ इंडिया की विकास भवन शाखा पहुंचकर निगम का बैंक खाता फ्रीज कराया।

इसके बाद निगम कार्यालय पहुंचकर तीसरी मंजिल तक विभिन्न कमरों में रखे सामानों की सूची तैयार की और अपराह्न 4:05 बजे तक कुर्की की कार्रवाई पूरी कर ली।

हैरानी की बात यह रही कि कुर्की की कार्रवाई पूरी होने के करीब 20 मिनट बाद, अपराह्न 4:25 बजे कमर्शियल कोर्ट की ओर से जारी स्थगन आदेश नजारत टीम को प्राप्त हुआ।

पीठासीन पदाधिकारी अखिलेश कुमार तिवारी की अदालत ने रिट ऑफ अटैचमेंट के आगे के निष्पादन पर 26 नवंबर तक रोक लगाने का आदेश दिया है। तब तक कुर्की की प्रक्रिया पूरी की जा चुकी थी।

कार्रवाई के दौरान नाजीर जीशान इकबाल, नायब नाजीर सत्यदेव कुमार, सहायक धर्मेंद्र सिंह और सतीश कुमार सिंह समेत अन्य कर्मी मौजूद थे। एटूजेड कंपनी के दिल्ली से आए प्रतिनिधि भी कार्रवाई के दौरान उपस्थित थे।

2011 के समझौते से शुरू हुआ विवाद

रांची नगर निगम और मेसर्स एटूजेड वेस्ट मैनेजमेंट लिमिटेड के बीच वर्ष 2011 में शहर में कचरा प्रबंधन को लेकर समझौता हुआ था। काम के दौरान दोनों पक्षों में विवाद हो गया।

इसके बाद नगर निगम ने 27 दिसंबर 2013 को कंपनी का अनुबंध रद कर दिया था। मामला रांची कोर्ट से लेकर हाई कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा, लेकिन नगर निगम को राहत नहीं मिली।

कंपनी ने आर्बिट्रल अवार्ड के तहत बकाया राशि की वसूली के लिए कमर्शियल कोर्ट में एग्जिक्यूशन केस दायर किया है। इसी मामले में नगर निगम की संपत्ति कुर्क करने के लिए रिट ऑफ अटैचमेंट जारी किया गया था।

कंपनी ने ब्याज और अन्य देयताओं को जोड़कर निगम से कुल 9.08 लाख रुपये की वसूली का दावा किया है। इसी राशि की वसूली के लिए बुधवार को नजारत टीम ने कुर्की की कार्रवाई की।

यह भी पढ़ें- सत्ता पक्ष पूछा कि घुसपैठिए कहां तो चंपई ने बताया यहां, विधानसभा में गरजे पूर्व मुख्यमंत्री

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।