सत्ता पक्ष पूछा कि घुसपैठिए कहां तो चंपई ने बताया यहां, विधानसभा में गरजे पूर्व मुख्यमंत्री
झारखंड विधानसभा में पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने संथाल परगना और कोल्हान में आदिवासी जमीन पर घुसपैठियों के बसने का आरोप लगाया। सत्ता पक्ष के विधायकों ने उनके आरोपों को राजनीति से प्रेरित बताया और सौहार्द बिगाड़ने का आरोप लगाया।

चंपई सोरेन ने कहा- संताल परगना में छह दर्जन गांवों में आदिवासी थे, आज सिर्फ अल्पसंख्यक। (तस्वीर: जागरण)
HighLights
चंपई सोरेन ने संथाल परगना में घुसपैठ का मुद्दा उठाया।
कोल्हान में आदिवासी जमीन पर इस्लामनगर बसने का आरोप।
सत्ता पक्ष ने चंपई सोरेन के आरोपों को राजनीति बताया।
अश्विनी रघुवंशी, रांची। झारखंड विधानसभा के विशेष सत्र के पहले दिन दोपहर के भोजन के बाद पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने सत्ता पक्ष पर जुबानी हमला बोला तो सदन का माहौल गरमाता गया। हालात ऐसे हो गए कि पहले दिन की समाप्ति के पहले तक सत्ता पक्ष के विधायक रह-रह कर चंपई सोरेन को निशाने पर लेते रहे। उन पर व्यंग्य किया गया। घेराबंदी की खूब कोशिश की गई।
दरअसल, सत्ता पक्ष के विधायक बार-बार सवाल उठा रहे थे कि झारखंड में घुसपैठियों के बारे में बताइए। मौका आया तो चंपई सोरेन ने घुसपैठियों की शिनाख्त पर तर्क दिया। बोले कि संथाल परगना के मालपहाड़ी, भोगनाडीह, पीताजुड़ी, बरहेट जैसे साहिबगंज एवं पाकुड़ के छह दर्जन गांव हैं, जहां सिर्फ आदिवासी होते थे। वहां से आदिवासी गायब हो गए।
सिर्फ अल्पसंख्यक बस गए। एसपीटी की जमीन पर कैसे आबाद हुए।जो आदिवासी, महतो, मूलवासी के गांव थे, वहां अब सिर्फ एक समुदाय विशेष के ही लोग हैं। देखना चाहिए कि आखिर वो कहां से आए। कहीं घुसपैठिया तो नहीं हैं।
चंपई सोरेन बोले कि कोल्हान में नया-नया कपाली बसा है। वहां की 80 फीसद जमीन आदिवासी की है। कभी संथाल, उरांव, महतो रहते थे। आज 22 इस्लामनगर बस गया है। कहां से हजारों लोग आ गए हैं?
इसी तरह चाकुलिया के मटियाबांधी में मुस्लिम का एक भी घर नहीं है। हजारों लोगों का जन्म प्रमाणपत्र बन गया। घाटशिला में जहां मुस्लिम नहीं है, वहां तीन सौ को मईया सम्मान योजना दे दिया गया।
समय समाप्त होने की बात कह कर विधानसभा अध्यक्ष रवींद्र नाथ महतो ने चंपई सोरेन का माइक भी बंद कराया था। चंपई नहीं बैठे तो फिर बोलने के लिए दो मिनट का मौका दिया गया। चंपई सरायकेला से भाजपा विधायक हैं।अनुसूचित जनजाति की आरक्षित सीटों में भाजपा से सिर्फ वही विजयी हुए हैं।
इरफान की टोकाटोकी पर बोले, जामताड़ा में भी सौ एकड़ में कब्जा
चंपई सोरेन के संवोधन के दौरान स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी बारंबार तमतमा कर उठ रहे थे। टोकाटोकी कर रहे थे। इस पर चंपई बोले कि जामताड़ा में भी आदिवासी की सौ एकड़ जमीन पर अल्पसंख्यकों ने कब्जा किया है।
कहिए तो दिखाएं। सत्र की समाप्ति के वक्त संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने व्यंग्य किया कि चंपई दा कम बोलेंगे तो इधर आने की संभावना बन जाएगी। फिर हल्ला हुआ।
इन्होंने किया सदन में सियासी प्रहार
कृषि एवं पशुपालन मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की : चंपई सोरेन ने महाजनी प्रथा के खिलाफ संघर्ष से संबोधन शुरू किया था। अब उन्हीं महाजन के साथ बैठ गए। विषय एसआइआर है। वो जमीन की बात उठा रहे हैं। हटिया और रांची में कौन लोग बसे थे। आज कौन लोग है। चाहे तो जमीन पर ही विशेष सत्र हो जाय।
स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी : झारखंड में आदिवासी और मुस्लिम सौहार्द से रहते आए हैं। चंपई सोरेन को खाई पैदा नहीं करनी चाहिेए। सीएनटी एवं एसपीटी की बात कर रहे हैं तो बताना चाहिए कि छत्तीसगढ़ के रघुवर दास आकर कैसे बस गए और सीएम बन गए।
लिट्टीपाड़ा से झामुमो विधायक हेमलाल मुर्मू : चंपई सोरेन बार-बार कह रहे हैं कि भोगनाडीह में अल्पसंख्यक बढ़ रहे हैं। उन्हें इतिहास जानना चाहिए। वहां हूल हुआ था तब भी अल्पसंख्यक बसे थे। आदिवासी और अल्पसंख्यक वहां पर सौहार्दपूर्ण तरीके से रह रहे हैं। चंपई सोरेन वहां बार-बार जाते हैं। वही सबको लड़ाते हैं।
चंदनक्यारी से झामुमो विधायक उमाकांत रजक : चंपई सोरेन पूरे झारखंड में आदिवासी गांवों में अल्पसंख्यकों की आबादी बढ़ने की बात कह रहे हैं। खुद 30 साल से सरायकेला के विधायक हैं। उनके निर्वाचन क्षेत्र के आदित्यपुर एवं गम्हरिया के गांवों के आदिवासी की जगह कौन बसा है, उन्हें यह भी विस्तार से बताना चाहिए।
बेरमो से कांग्रेस एमएलए अनूप सिंह : चंपई सोरेन का गुरूजी के साथ लंबा साथ रहा है। उनके पुत्र हेमंत सोरेन ने चंपई सोरेन को अपना उत्तराधिकारी भी बनाया था, तभी सीएम बने थे। उस वक्त झारखंड में सब जगह सब कुछ ठीक लग रहा था। उधर गए तो खुद साफ हो गए। इधर सब गड़बड़ हो गया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।