Move to Jagran APP

Mahendra Singh Dhoni Birthday Celebrations: धोनी के जन्‍मदिन पर रांची में जोरदार जश्‍न VIDEO

7 जुलाई 1981 को जन्‍मे भारतीय क्रिकेट के सुपरस्‍टार महेंद्र सिंह धोनी को 38वें जन्‍मदिन से पहले आईसीसी ने शनिवार को खास वीडियो जारी कर उन्‍हें अद्वितीय सम्‍मान से नवाजा है।

By Alok ShahiEdited By: Published: Sat, 06 Jul 2019 07:46 PM (IST)Updated: Sun, 07 Jul 2019 07:23 PM (IST)
Mahendra Singh Dhoni Birthday Celebrations: धोनी के जन्‍मदिन पर रांची में जोरदार जश्‍न VIDEO
Mahendra Singh Dhoni Birthday Celebrations: धोनी के जन्‍मदिन पर रांची में जोरदार जश्‍न VIDEO

रांची, [जागरण स्‍पेशल]।  Mahendra Singh Dhoni Happy Birthday - माही। मतलब करोड़ों क्रिकेटप्रमियों के दिलों की धड़कन। रांची का लोकल हीरो। झारखंड के इस खूबसूरत शहर के गली-मुहल्लों, मेकॉन में क्रिकेट खेलने वाला एक आम लड़का और अब भारतीय क्रिकेट का चमकता हुआ सितारा महेंद्र सिंह धोनी (Mahendra Singh Dhoni)। अपने हेलीकॉप्‍टर शॉट के दम पर देश-दुनिया में अमिट पहचान कायम करने वाले महारथी एमएस धोनी (MS Dhoni) 7 जुलाई (रविवार) को अपना 38वां जन्मदिन (38th Birthday Mahendra Singh Dhoni) मना रहे हैं। धोनी अंतरराष्‍ट्रीय क्रिकेट जगत का वह सुपरस्‍टार है, जिसे शायद ही कोई अपनी यादों से बिसरा सकता है। धोनी की प्रशंसा करते हुए शनिवार को आइसीसी ने भी उन्‍हें निर्विवाद रूप से विरासत के तौर पर उदृत किया है। लिखा- धोनी सिर्फ एक नाम नहीं, लाखों लोगों के प्रेरणास्रोत हैं।

loksabha election banner

रांची में अपने आदर्श महेंद्र सिंह धोनी के जन्‍मदिन के मौके पर केक काटकर खुशियां मनाते क्रिकेटर।

वर्तमान दौर में जितने धोनी के प्रशंसक-मुरीद हैं, उतने ही बच्‍चे और युवा उनसे प्रेरणा लेकर अपने खेल को धार देने में जुटे हैं। रविवार को अपने हीरो के जन्‍मदिन के मौके पर रांचीवासी जोरदार जश्‍न मना रहे हैं। यहां क्रिेकेटप्रेमियों ने अपने चहेते के लिए जबर्दस्त महफिल सजा रखी है। झारखंड के मुख्‍यमंत्री रघुवर दास ने ट्वीट कर धोनी को जन्‍मदिन की शुभकामनाएं दी हैं।

आइसीसी की तीनों ट्रॉफी धोनी के नाम
भले मौजूदा विश्‍व कप (ICC Cricket World Cup 2019) में अपनी धमक नहीं दिखा पा रहे हों, लेकिन महेंद्र सिंह धोनी अंतरराष्‍ट्रीय क्रिकेट जगत में अकेले ऐसे कप्‍तान हैं, जिन्‍होंने आइसीसी (ICC) की तीनों ट्रॉफियां अपने नाम की हैं। विश्‍व कप, वर्ल्‍ड टी20 और चैंपियंस ट्रॉफी जीतकर धोनी ने इतिहास रचा है। विवादों से दूर रहने वाले ये धोनी ही हैं, जिनकी कप्‍तानी में टीम इंडिया ने टेस्‍ट और वनडे में टॉप रैंकिंग हासिल की। आइपीएल की बात करें तो यहां भी धोनी ने अपनी टीम चेन्‍नई सुपरकिंग्‍स को तीन बार खिताब जिताया।

आइसीसी ने बताया भारतीय क्रिकेट का चेहरा बदलनेवाला खिलाड़ी
इधर आइसीसी ने टीम इंडिया के अनुभवी विकेटकीपर बल्‍लेबाज महेंद्र सिंह धोनी के जन्‍मदिन के मौके पर ट्विटर पर एक वीडियो शेयर कर उनकी तारीफ में कसीदे पढ़े हैं। क्रिकेट की सर्वोच्‍च संस्‍था अंतरराष्‍ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने शनिवार को धोनी को भारतीय क्रिकेट का चेहरा बदलने वाला खिलाड़ी बताते हुए ट्वीट किया, धोनी वह नाम है जो दुनिया के लाखों लोगों को प्रेरणा देता है। वह निर्विवाद रूप से हमारे विरासत हैं। आइसीसी की ओर से जारी किए गए वीडियो में अलग-अलग अंदाज में बैटिंग करते नजर आ रहे महेंद्र सिंह धोनी की कई दिग्‍गज खिलाड़‍ि यों ने मुक्‍तकंठ से प्रशंसा की है।

ऐसा है महेंद्र सिंह धोनी का परिवार
नौकरी की तलाश में उत्तराखंड के अलमोड़ा से रांची में आकर बसे पिता पान सिंह के घर 7 जुलाई 1981 को जन्मे महेंद्र सिंह धोनी साधारण परिवार से आते हैं। पहले उन्‍होंने टिकट कलेक्टर की नौकरी की। उनके पिता पान सिंह यहां मेकॉन लिमिटेड में मैनेजर से रिटायर हुए हैं। धोनी की मां देवकी देवी आम गृहि‍णी हैं। भाई नरेंद्र और बहन जयंती के साथ उनका बचपन बीता है। धोनी की पत्नी साक्षी रावत और उनकी फूल सी बेटी जीवा धोनी उनकी जिंदगी के अभिन्‍न अंग हैं। धोनी को पद्मभूषण और पद्मश्री से भी नवाजा गया है। भारतीय सेना में महेंद्र सिंह धोनी को लेफ्टिनेंट कर्नल का ओहदा हासिल है।

अभी संन्‍यास लेने के मूड में नहीं दिख रहे धोनी
भारतीय क्रिकेट के बड़े नामों में शुमार हो चुके महेंद्र सिंह धोनी अभी संन्‍यास लेने के मूड में नहीं दिख रहे हैं। धोनी ने संन्‍यास को लेकर अपनी चुप्‍पी तोड़ते हुए कहा है कि कुछ लोग चाहते हैं कि मैं सन्‍यास ले लूं। लेकिन वे नहीं जानते हैं कि वह कब संन्‍यास लेंगे। हाल के दिनों में अपने औसत परफॉरमेंस को लेकर आलोचकों के हत्‍थे चढ़े धोनी फिलहाल इंग्‍ालैंड में वर्ल्‍ड कप खेल रही भारतीय टीम के अभिन्‍न हिस्‍सा हैं। ऐसा अनुमान है कि विश्वकप के बाद धोनी अंतरराष्‍ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह देंगे। 

धोनी के लिए किसने क्‍या कहा
आइसीसी के वीडियो में इंगलैंड के जोस बटलर ने धोनी की खूब तारीफ की। कहा कि धोनी सच में उनके आदर्श और मिस्‍टर कूल हैं।

ब्रिटीश खिलाड़ी बेन स्‍टोक्‍स ने कहा कि धोनी जैसा कोई नहीं है। वह एक महान खिलाड़ी हैं। शानदार विकेटकीपर हैं। मुझे नहीं लगता कि कोई उनकी बराबरी कर सकता है।

भारतीय गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने कहा कि धोनी की सलाह उनके लिए बेहद जरूरी है। वे कभी आपको दबाव में नहीं आने देते। बहुत सलीके से हम जैसे खिला‍ड़‍ियों काे आगे बढ़ने की सीख देते हैं।

भारतीय क्रिकेट टीम के मौजूदा कप्‍तान विराट कोहली ने भी महेंद्र सिंह धोनी की जी खोलकर प्रशंसा की। कहा कि उनसे काफी कुछ सीखा। पहले वह मेरे कप्‍तान थे और आगे भी रहेंगे। धोनी की सलाह मेरे लिए अभीष्‍ट है। 


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.