रांची में मामूली विवाद के बाद खूनी वारदात, फूड कॉर्नर के कारीगर की गला रेतकर हत्या
रांची के धुर्वा स्थित जेपी मार्केट में एक फूड कार्नर के कारीगर अजय दास की धारदार हथियार से गला रेतकर ...और पढ़ें

जेपी मार्केट में फूड कॉर्नर कारीगर की हत्या। जागरण
HighLights
जेपी मार्केट में फूड कार्नर कारीगर की हत्या हुई।
ग्राहक से विवाद के बाद धारदार हथियार से हमला किया।
जागरण संवाददाता, रांची। राजधानी रांची के धुर्वा स्थित जेपी मार्केट से मंगलवार को एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। जहां टेस्टी अंदाज फूड कॉर्नर में काम करने वाले कारीगर अजय दास की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद बाजार में अफरा-तफरी मच गई। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से स्थानीय दुकानदारों और लोगों में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, दुकान में किसी बात को लेकर एक ग्राहक और कारीगर अजय दास के बीच विवाद हुआ था। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपित ने धारदार हथियार से अजय के गले पर हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़ा।
घटना के बाद आसपास के लोगों की मदद से उसे तत्काल इलाज के लिए पारस अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, चिकित्सकों के प्रयास के बावजूद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
बता दें कि, मृतक अजय दास मूल रूप से पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले का रहने वाला था। वह जेपी मार्केट स्थित टेस्टी अंदाज फूड कार्नर में कारीगर के रूप में काम करता था।
घटना की सूचना मिलने के बाद धुर्वा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी। पुलिस हमलावर की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापामारी कर रही है। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस दुकान में हुए विवाद सहित सभी पहलुओं की जांच कर रही है।