Jharkhand News: राष्ट्रीय समूहगान प्रतियोगिता में रांची प्रथम, धनबाद दूसरे व तीसरे स्थान पर
Ranchi News भारत विकास परिषद की ओर से आयोजित राष्ट्रीय समूहगान प्रतियोगिता में प्रदेश की आठ टीमें हुईं शामिल। पहले स्थान पर डीपीएस रांची दूसरे पर डीपी ...और पढ़ें

रांची, जागरण संवाददाता। National Group Anthem Competition In Ranchi भारत विकास परिषद की ओर से मंगलवार को आयोजित प्रांत स्तरीय समूहगान प्रतियोगिता में देशभक्ति गीतों की रसधारा बहती रही। प्रदेश से भाग ले रहीं आठ टीमों के बच्चों ने एक से बढ़कर एक देशभक्ति गीत गाए। बच्चों द्वारा भारत वंदे मातरम, अपनी धरती, अपना अंबर, राष्ट्र की जय चेतना में और रक्त शिराओं में राणा का जैसी देशभक्ति गीत गाने के दौरान लोग आह्लादित होते रहे। डीपीएस रांची के बच्चों ने जैसे ही रक्त शिराओं में राणा का रह रह आज हिलोरे लेता गीत गाना शुरू किया हाल तालियों से गूंज उठा। तो राजकमल सरस्वती विद्या मंदिर के बच्चों ने जैसे ही भारत वंदे मातरम जय भारत वंदेमातरम गीत गाना शुरू किया, तालियां तब तक बजती रही जब तक गीत समाप्त नहीं हो गया। पहले स्थान पर डीपीएस रांची, दूसरे स्थान पर डीपीएस धनबाद ओर तीसरे स्थान पर राजकमल सरस्वती विद्या मंदिर के बच्चे रहे।
.jpg)
प्रतियोगिता का उद्देश्य बच्चों में राष्ट्र भक्ति जगाना
इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रामकृष्ण मिशन के सचिव स्वामी भवेशानंद जी थे। वहीं वक्ता के रूप में भारत विकास परिषद के प्रांत संरक्षक गिरीश प्रसाद सिंह थे। स्वामी भवेशानंद ने कहा की इस तरह का आयोजन करना बहुत ही सराहनीय कार्य है। भारत विकास परिषद जिस काम में लगा है, इसे और विस्तार देने की जरूरत है। वहीं जीपी सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर के इस प्रतियोगिता का उद्देश्य गीत के माध्यम से बच्चों में राष्ट्र भक्ति की भावना जगाना है।
.jpg)
हिंदी व संस्कृत में बच्चों ने सुनाया राष्ट्रीय गीत
डीपीएस रांची के सभागार में कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। सुबह 10 बजे से लेकर शाम पांच बजे तक प्रतियोगिता हुई। हिंदी और संस्कृत दोनों भाषाओं में बच्चों ने गीत गाए। सभी गीत भारत विकास परिषद की ओर से उपलब्ध कराई गई राष्ट्रीय चेतना के स्वर नामक पुस्तक से ली गई थी। कार्यक्रम में आरपी पांडेय, एचआर सिंह, जीएन सिंह, जीके शर्मा, प्रदीप केशरी, मंजू शर्मा, रंजना केशरी, जयंती सेठ, भारत भूषण सहित परिषद के कई प्रमुख सदस्य थे। कार्यक्रम का संचालन संदीप कुमार ने किया।
.jpg)
झारखंड के ये प्राइवेट स्कूल हुए शामिल
जिला स्तर पर पिछले माह आयोजित प्रतियोगिता के आधार पर चयनित आठ स्कूलों के बच्चे इसमें शामिल हुए। ये स्कूल हैं डीपीएस रांची, ब्रिजफोर्ड पब्लिक स्कूल रांची, डीएवी बोकारो, राम प्रसाद चंद्रभान सरस्वती विद्या मंदिर रामगढ़, सरस्वती विद्या मंदिर मेदिनीनगर, राजकमल सरस्वती विद्या मंदिर, धनबाद, डीपीएस धनबाद और सीपीएस झुमरी तिलैया। इस प्रतियोगिता में चयनित स्कूल के बच्चे पूरी में 20 नवंबर को आयोजित क्षेत्रीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे। फिर राष्ट्रीय स्तर पर आयोजन दिसंबर में राजस्थान के भीलवाड़ा में होगा।
.jpg)
तीन सदस्यीय निर्णायक मंडली ने किया निर्णय
प्रतियोगिता में निर्णय देने के लिए संगीत के तीन जानकारों की टीम बनाई गई थी। इसमें कल्पिता दास, प्रभात कुमार और भरत सीएस घोष थे। तीनों सदस्यों को यह पता नहीं था कि किस स्कूल की टीम गीत गा रही है। सभी ने अलग अलग अंक दिए। तीनों के अंक को जोड़ परिणाम की घोषणा की गई।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।