रांची में दिखेगा अनोखा नजारा! 60 फीट ऊंचे वाटरप्रूफ रावण का रिमोट से होगा दहन; बंगाल के कारीगर तैयार कर रहे पुतले
रांची में विजयादशमी पर मोरहाबादी और अरगोड़ा मैदान में भव्य रावण दहन का आयोजन होगा, जिसमें 70 फीट तक के ...और पढ़ें

अरगोड़ा में 60 फीट का वाटरप्रूफ रावण रिमोट से जलाया जाएगा। जागरण
HighLights
मोरहाबादी में 70 फीट का रावण और 24 फीट की सोने की लंका बनेगी आकर्षण।
रांची में रावण दहन के साथ लेजर शो और आठ मिनट की आतिशबाजी।
अरगोड़ा में 60 फीट का वाटरप्रूफ रावण रिमोट से जलाया जाएगा।
जागरण संवाददाता, रांची। विजयादशमी के अवसर पर राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान, अरगोड़ा मैदान, टाटीसिलवे में इस बार रावण दहन कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। हालांकि, एचईसी के शालीमार बाजार मैदान में इस वर्ष रावण दहन कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया है।
रांची के मोरहाबादी मैदान में पंजाबी हिंदू बिरादरी व अरगोड़ा मैदान में श्री दुर्गा पूजा एवं रावण दहन समिति की ओर से रावण दहन किया जाएगा। वहीं शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में विभिन्न समितियों की ओर से रावण दहन का आयोजन किया जाता है। रावण दहन की तैयारी जोर-शोर से चल रही है। रांची के मोरहाबादी मैदान में हिंदू पंजाबी बिरादरी की ओर से 70 फीट का रावण, 65 फीट का कुंभकर्ण और 60 फीट का मेघनाथ का पुतला दहन किया जाएगा।
24 फीट ऊंची सोने की लंका का होगा निर्माण
समिति की ओर से मोरहाबादी मैदान में 24 फीट ऊंची भव्य सोने की लंका का निर्माण कराया जाएगा। इसके अलावा भगवान श्रीराम के जीवन और रावण वध की कथा को जीवंत करने के लिए रामलीला का मंचन होगा। रामदरबार भी बनाया जाएगा, जहां श्रद्धालुओं को धार्मिक वातावरण का अनुभव मिलेगा।
कार्यक्रम में भांगड़ा, छऊ नृत्य और झारखंड की विभिन्न पारंपरिक नृत्य शैलियों की प्रस्तुति भी होगी। इससे दर्शकों को धार्मिक आयोजन के साथ स्थानीय संस्कृति और लोककला को देखने का अवसर मिलेगा। इस बार रावण दहन को खास बनाने के लिए लेजर शो की व्यवस्था की जा रही है।
लेजर तकनीक के माध्यम से भगवान श्रीराम के तीर को रावण की नाभी पर लगते हुए दिखाया जाएगा। इसके बाद रावण, कुंभकर्ण और मेघनाथ के पुतले बारी-बारी से धू-धू कर जल उठेंगे। दहन के दौरान आठ मिनट तक पटाखों की आतिशबाजी भी होगी। रोशनी, लेजर शो और आतिशबाजी का यह संगम दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण रहेगा।
25 लाख रुपये होंगे खर्च, एक लाख लोगों के पहुंचने की उम्मीद
पंजाबी हिंदू बिरादरी के अध्यक्ष सौरभ खन्ना ने बताया कि रावण, कुंभकर्ण और मेघनाथ के पुतले बनाने का काम जारी है। बंगाल के कारीगर इन्हें तैयार कर रहे हैं। पूरे आयोजन पर करीब 25 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। समिति को उम्मीद है कि रावण दहन देखने के लिए एक लाख से अधिक लोग मोरहाबादी मैदान पहुंचेंगे। इसी को ध्यान में रखकर आयोजन को भव्य बनाने की तैयारी की जा रही है।
अरगोड़ा में 60 फीट ऊंचे वाटरप्रूफ रावण का होगा दहन
राजधानी रांची के अरगोड़ा मैदान में इस बार विजयादशमी पर रावण दहन का आयोजन भव्य और आधुनिक तकनीक से सुसज्जित होगा। श्री दुर्गा पूजा एवं रावण दहन समिति, अरगोड़ा की ओर से आयोजित होने वाले कार्यक्रम की तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
इस वर्ष विशालकाय पुतलों, वाटरप्रूफ तकनीक और रिमोट से दहन की व्यवस्था आकर्षण का केंद्र होगी। इसके साथ ही दर्शकों को शानदार आतिशबाजी देखने का अवसर मिलेगा। वहीं इस बार 60 फीट ऊंचा रावण, 55 फीट ऊंचा कुंभकर्ण और 50 फीट ऊंचा मेघनाथ का पुतला तैयार किया जा रहा है। वहीं मौसम में संभावित बदलाव को देखते हुए इस बार तीनों पुतलों को वाटरप्रूफ बनाया जा रहा है।
इस बार रावण दहन की प्रक्रिया को आधुनिक और डिजिटल तकनीक से जोड़ा गया है। मुख्य अतिथि द्वारा रिमोट का बटन दबाते ही पुतलों में दहन की प्रक्रिया शुरू होगी। रावण की आंखों से विशेष चिंगारी निकलती हुई दिखाई देगी, जिससे दृश्य और भी आकर्षक बनेगा। इसके साथ पुतलों में लगाए गए पटाखों से आतिशबाजी होगी। यह व्यवस्था दर्शकों के लिए रोमांचक अनुभव प्रदान करेगी। वहीं कार्यक्रम शाम 4 बजे शुरू होगा 7 बजे तक आतिशबाजी होगी।
