विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Railway News: दुर्गा पूजा और छठ पर घर जाना हुआ आसान, सीमांचल के लिए 4 जोड़ी स्पेशल ट्रेनों का एलान

Published: Sun, 11 Oct 2026 07:54 AM (IST)

पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे ने दुर्गापूजा, दीपावली और छठ महापर्व के लिए सीमांचल क्षेत्र में चार जोड़ी स्पेशल ट्रेनें शुरू की हैं।

सांकेतिक तस्वीर

सांकेतिक तस्वीर

HighLights

  1. पूर्वोत्तर रेलवे ने चार जोड़ी स्पेशल ट्रेनें शुरू कीं।

  2. दुर्गापूजा, दीपावली, छठ महापर्व के लिए यात्रियों को सुविधा।

  3. सीमांचल क्षेत्र के यात्रियों को मिलेंगे अतिरिक्त विकल्प।

संवाद सहयोगी, किशनगंज। दुर्गापूजा, दीपावली और छठ महापर्व के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे ने सीमांचल क्षेत्र के लिए चार जोड़ी स्पेशल ट्रेनों का परिचालन शुरू किया है।

इन ट्रेनों के चलने से बिहार, पश्चिम बंगाल, पूर्वोत्तर राज्यों, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ के यात्रियों को अतिरिक्त रेल सुविधा मिलेगी।

रेलवे की इस पहल से त्योहारों में अपने घर लौटने वाले यात्रियों को आवागमन के लिए अधिक विकल्प उपलब्ध होंगे। 

रेलवे की ओर से नारंगी-गोरखपुर, कटिहार-सबौर, फिरोजपुर छावनी-पूर्णिया और भागलपुर-कटिहार के बीच स्पेशल ट्रेनों का परिचालन किया जा रहा है। इनमें कुछ ट्रेनें साप्ताहिक, कुछ निर्धारित दिनों में और एक जोड़ी ट्रेन प्रतिदिन चलेगी।

नारंगी-गोरखपुर साप्ताहिक स्पेशल 27 नवंबर तक

ट्रेन संख्या 05633 नारंगी-गोरखपुर साप्ताहिक फेस्टिवल स्पेशल 16 अक्टूबर से 27 नवंबर 2026 तक प्रत्येक शुक्रवार को चलेगी। यह ट्रेन नारंगी से रात आठ बजे प्रस्थान कर अगले दिन शनिवार को रात 9:40 बजे गोरखपुर पहुंचेगी।

वापसी में ट्रेन संख्या 05634 गोरखपुर-नारंगी स्पेशल 18 अक्टूबर से 29 नवंबर तक प्रत्येक रविवार को चलेगी। गोरखपुर से यह रात 1:10 बजे प्रस्थान कर सोमवार को सुबह तीन बजे नारंगी पहुंचेगी। 22 कोच वाली यह ट्रेन दोनों दिशाओं में सात-सात फेरे लगाएगी।

कटिहार-सबौर के बीच सप्ताह में तीन दिन सेवा

ट्रेन संख्या 05782 कटिहार-सबौर पूजा स्पेशल इंटरसिटी एक्सप्रेस आठ अक्टूबर से 30 नवंबर तक प्रत्येक गुरुवार, रविवार और सोमवार को चलेगी। यह कटिहार से शाम 4:50 बजे प्रस्थान कर उसी दिन रात 11 बजे सबौर पहुंचेगी।

वापसी में ट्रेन संख्या 05781 सबौर-कटिहार स्पेशल नौ अक्टूबर से एक दिसंबर तक प्रत्येक शुक्रवार, सोमवार और मंगलवार को चलेगी।

यह सबौर से सुबह 4:50 बजे प्रस्थान कर उसी दिन सुबह 10:55 बजे कटिहार पहुंचेगी। 22 कोच वाली इस ट्रेन के दोनों दिशाओं में 24 फेरे निर्धारित हैं।

फिरोजपुर छावनी-पूर्णिया के बीच भी स्पेशल ट्रेन

ट्रेन संख्या 04634 फिरोजपुर छावनी-पूर्णिया फेस्टिवल स्पेशल आठ अक्टूबर से 26 नवंबर तक प्रत्येक गुरुवार को चलेगी। यह फिरोजपुर छावनी से शाम 5:30 बजे रवाना होकर शनिवार को सुबह तीन बजे पूर्णिया पहुंचेगी।

वापसी में ट्रेन संख्या 04633 पूर्णिया-फिरोजपुर छावनी स्पेशल 10 अक्टूबर से 28 नवंबर तक प्रत्येक शनिवार को चलेगी।

यह पूर्णिया से सुबह छह बजे प्रस्थान कर रविवार को शाम 4:35 बजे फिरोजपुर छावनी पहुंचेगी। 18 कोच वाली इस ट्रेन के दोनों दिशाओं में आठ-आठ फेरे होंगे।

भागलपुर-कटिहार के बीच प्रतिदिन चलेगी ट्रेन

ट्रेन संख्या 03409 भागलपुर-कटिहार स्पेशल की दैनिक सेवा सात अक्टूबर से शुरू हो चुकी है और यह 30 नवंबर तक चलेगी। यह भागलपुर से शाम 5:30 बजे प्रस्थान कर उसी दिन रात 11:10 बजे कटिहार पहुंचेगी।

वापसी में ट्रेन संख्या 03410 कटिहार-भागलपुर स्पेशल आठ अक्टूबर से एक दिसंबर तक प्रतिदिन चलेगी। यह कटिहार से सुबह 6:35 बजे रवाना होकर दोपहर 12:05 बजे भागलपुर पहुंचेगी। इस ट्रेन के दोनों दिशाओं में 55-55 फेरे निर्धारित किए गए हैं।

रेलवे की ओर से इन स्पेशल ट्रेनों के परिचालन से त्योहारों के दौरान यात्रियों की भीड़ कम करने और लंबी दूरी की यात्रा को सुविधाजनक बनाने का प्रयास किया गया है। इससे सीमांचल क्षेत्र के यात्रियों को भी विभिन्न शहरों तक पहुंचने के लिए अतिरिक्त रेल विकल्प मिलेंगे।

यह भी पढ़ें- टाटानगर से बक्सर जाना होगा आसान, चलेगी पूजा स्पेशल ट्रेन, आरा जंक्शन पर भी ठहराव