शादी-पार्टी के लिए महंगे बैंक्वेट हॉल को कहें बाय-बाय! घर बैठे ऑनलाइन बुक करें रांची नगर निगम के भवन
रांची नगर निगम ने शहरवासियों के लिए सामुदायिक भवनों की ऑनलाइन बुकिंग सेवा शुरू की है। अब लोग विवाह और सामाजिक आयोजनों के लिए किफायती दरों पर घर बैठे भवन बुक कर सकेंगे, जो निजी बैंक्वेट हॉल का सस्ता विकल्प है।

AI द्वारा बनाई गई तस्वीर।
HighLights
नगर निगम के सामुदायिक भवनों की ऑनलाइन बुकिंग शुरू हुई।
पोर्टल और मोबाइल ऐप से घर बैठे बुकिंग सुविधा।
जागरण संवाददाता, रांची। विवाह समारोह हो या पारिवारिक और सामाजिक आयोजन, अब इसके लिए महंगे बैंक्वेट हाल की बुकिंग कराने की मजबूरी नहीं होगी। रांची नगर निगम ने शहरवासियों की सुविधा के लिए अपने सामुदायिक भवनों की आनलाइन बुकिंग की व्यवस्था शुरू की है।
इसके तहत लोग घर बैठे ही अपनी पसंद के सामुदायिक भवन और आयोजन की तारीख का चयन कर बुकिंग करा सकेंगे। निगम के सामुदायिक भवन निजी आयोजन स्थलों के मुकाबले कम खर्च में बेहतर विकल्प उपलब्ध कराएंगे।
पहले चरण में शहर के विभिन्न इलाकों में स्थित सामुदायिक भवनों को आनलाइन बुकिंग व्यवस्था से जोड़ा गया है। इनमें वार्ड संख्या 14 के इंदिरा गांधी चौक और मुकचुन्द टोली, वार्ड संख्या 18 के ईस्ट जेल रोड तथा वार्ड संख्या 36 के डीबडीह तालाब स्थित सामुदायिक भवन शामिल हैं।
इसके अलावा वार्ड संख्या 44 के इदरीसिया जलसा हाल को भी इस व्यवस्था से जोड़ा गया है। इस्लामिया कम्युनिटी हाल, पारस टोली, वार्ड संख्या 52 के हेसाग और डोरंडा के मजार रोड स्थित ग्वाला टोली सामुदायिक भवन को भी इस व्यवस्था से जोड़ने की दिशा में काम किया गया है।
अन्य सामुदायिक भवन भी जुड़ेंगे व्यवस्था से
नगर निगम की योजना शहर के अन्य सामुदायिक भवनों को भी चरणबद्ध तरीके से आनलाइन बुकिंग व्यवस्था से जोड़ने की है। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को अपने आसपास ही किफायती आयोजन स्थल उपलब्ध कराना है। इन भवनों में विवाह समारोह, धार्मिक-सांस्कृतिक कार्यक्रम और अन्य सामाजिक आयोजन किए जा सकेंगे।
पोर्टल और मोबाइल ऐप से करें बुकिंग
सामुदायिक भवन की बुकिंग के लिए नागरिक रांची नगर निगम के पोर्टल https://apnaranchi.rsccl.in/ पर जाकर उपलब्ध भवनों और तारीखों की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। अपनी सुविधा के अनुसार तारीख का चयन कर बुकिंग की प्रक्रिया पूरी की जा सकती है। इसके अलावा गूगल प्ले स्टोर और एप्पल एप स्टोर से अपना रांची मोबाइल एप डाउनलोड कर भी बुकिंग की सुविधा ली जा सकती है।
इस व्यवस्था से लोगों को बुकिंग के लिए नगर निगम कार्यालय का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। पूरी प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाने का प्रयास किया गया है। बुकिंग और अन्य जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 9431104429 पर संपर्क किया जा सकता है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।